×

UP Election 2022 : तो इसलिए नहीं होगा अखिलेश और शिवपाल में चुनावी समझौता

UP Election 2022: अब बस इंतजार है तो 11 अक्टूबर का जिसके बाद शिवपाल सिंह यादव विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का प्रचार प्रसार शुरू कर देंगे।

Shreedhar Agnihotri
Written By Shreedhar AgnihotriPublished By Shweta
Published on: 28 Sep 2021 1:18 PM GMT
Akhilesh Yadav and Shivpal Yadav
X

आखिलेश यादव और शिवपाल यादव (फोटोः सोशल मीडिया)

UP Election 2022: कभी देश की राजनीति में सबसे ताकतवर कहे जाने वाले मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) के परिवार में पड़ी फूट खत्म होने की संभावनाएं बेहद कम है। पांच साल पहले शुरू हुए मतभेद खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं। कई प्रयासों के बाद भी कोई रास्ता नहीं निकल पा रहा है। इसलिए अगला विधानसभा चुनाव (UP Election 2022) मिलकर लड़ने की संभावनाए बेहद कम है। अब बस इंतजार है तो 11 अक्टूबर का जिसके बाद शिवपाल सिंह यादव विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का प्रचार प्रसार शुरू कर देंगे।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष एवं सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने बिना अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) का नाम लिए आज इटावा में कहा कि हमने समाजवादी पार्टी से गठबन्धन के कई प्रयास किए परन्तु कोई जवाब नहीं आया है। अगर जल्द कोई जवाब नहीं आया तो हम 403 सीटों पर अकेले ही चुनाव लडे़गें। उन्होंने कहा कि कई सारे प्रयास किए जा चुके हैं। अब यह अंतिम प्रयास है और वह समाजवादी पार्टी के जवाब का इंतजार कर रहे हैं।

शिवपाल सिंह यादव का बयान (Shivpal Singh Yadav Ka Bayan)

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अब हमे 11 अक्टूबर तक इंतजार रहेगा। इसके बाद12 अक्टूबर से वृंदावन मथुरा से पीएसपी की सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा शुरू होगी। शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हमारी पार्टी इटावा में जसवंतनगर, इटावा और भरथना की तीनों सीटों के साथ-साथ औरैया की भी तीनों सीटें जीतेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बीए पास छात्र- छात्राओं को रोजगार के लिए पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। हर घर में एक बेटा और एक बेटी को सरकारी नौकरी दी जाएगी।

इसके पहले गत दो सितम्बर को चाचा शिवपाल सिंह यादव अपने भतीजे अखिलेश यादव को नसीहत दे चुके हैं कि वह समाजवादी पार्टी में माफियाओं को आने से रोके। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के संस्थापक शिवपाल यादव ने कहा कि माफियाओं के परिवार के सदस्य भी पार्टी में नहीं लिए जाने चाहिए।

शिवपाल ने दावा किया जब वह समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे तो ऐसे लोगों को कभी भी पार्टी में आने की इजाजत नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा, 'माफिया कभी भी समाजवादी पार्टी में नहीं आए। उन्हें अब भी नहीं लिया जाना चाहिए। मैंने भी किसी को नहीं लिया था। जब मैं सपा का प्रदेश अध्यक्ष था तो कोई माफिया हमारे पास नहीं फटकने पाया। हमने मुख्तार अंसारी को कभी नहीं लिया।' उल्लेखनीय है कि शिवपाल यादव इन दिनों उत्तर प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन रैली निकालने की तैयारी कर रहे हैं। एक बस के जरिए वह प्रदेश के अलग अलग इलाकों में जाएंगे। इस बस पर मुलायम सिंह यादव की फोटो भी लगी हुई है।

Shweta

Shweta

Next Story