×

UP Election 2022: लखनऊ की इस सीट पर अब तक नहीं खुला SP-BSP का खाता, साल 1991 से BJP प्रत्याशी के पक्ष में ही गिरते हैं मत

UP Election 2022: लखनऊ पूर्वी की इस सीट पर सभी जातियों के लोग रहते हैं। ऐसा नहीं कहा जा सकता, कि इस सीट पर किसी एक जाति के वोट सबसे ज़्यादा हैं।

Shashwat Mishra
Report Shashwat MishraPublished By Vidushi Mishra
Published on: 1 Feb 2022 2:35 AM GMT (Updated on: 1 Feb 2022 2:39 AM GMT)
bjp
X

भाजपा (फोटो-सोशल मीडिया)

UP Election 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों (UP Elections 2022) का प्रचार-प्रसार ज़ोर-शोर से चल रहा है। सभी पार्टियां अपनी पूरी ताकत झोंककर, चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं। वहीं, हर जिले में कुछ ऐसी सीटें होती हैं, जो किसी न किसी पार्टी का गढ़ मन जाती हैं। ऐसी ही लखनऊ विधानसभा की एक सीट है- लखनऊ पूर्वी (Lucknow East Assembly Constituency)। जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) 1991 से अजेय है। तो, इस सीट पर समाजवादी पार्टी (SP) और बहुजन समाजवादी पार्टी (BSP) खाता खोलने को तरस रही है।

कैबिनेट मंत्री आशुतोष टण्डन हैं मौजूदा विधायक

कैबिनेट मंत्री आशुतोष टण्डन (फोटो-सोशल मीडिया)

लखनऊ पूर्वी की इस सीट पर सभी जातियों के लोग रहते हैं। ऐसा नहीं कहा जा सकता, कि इस सीट पर किसी एक जाति के वोट सबसे ज़्यादा हैं। हालांकि, राजधानी का यह पॉश इलाका है। तमाम बड़े नौकरशाहों व बड़े नेताओं के घर इसी इलाके में आते हैं। मौजूदा समय में इस सीट से विधायक 'योगी सरकार' में नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन 'गोपाल जी' हैं।

उन्होंने साल 2017 के विधानसभा चुनावों में, सपा के अनुराग सिंह भदौरिया को 79 हजार से अधिक मतों से हराकर जीत हासिल की थी। इसके अलावा, साल 2014 के उपचुनाव में भी आशुतोष टण्डन ने ही जीत दर्ज की थी।

अनुराग सिंह भदौरिया

साल 1991 से बीजेपी के पक्ष में गिरते हैं मत

भारतीय जनता पार्टी को लखनऊ की यह विधानसभा सीट, हर बार ख़ुश होने का मौका ज़रूर देती है। प्रत्याशी कोई भी हो, नया हो या पुराना, पिछला चुनाव जीता हो या हारा, लेकिन यदि वह बीजेपी से, लखनऊ पूर्वी की सीट से चुनाव लड़ रहा है, तो उसका जीतना तय माना जाना चाहिए। क्योंकि, अभी तक का इतिहास तो यही कहता है। बता दें कि, साल 1991 से इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी का ही कब्जा रहा है।

सबसे पहले भगवती प्रसाद शुक्ला ने इस सीट से चुनाव जीता। उसके बाद क़रीब 14 साल तक विद्या सागर गुप्ता का इस सीट पर दबदबा रहा। वहीं, 2012 में कलराज मिश्रा इस क्षेत्र से विधायक रहे। लेकिन, 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद, उन्होंने इस सीट को छोड़ दिया।

• 1991-93 -- भगवती प्रसाद शुक्ला

• 1996 -- विद्या सागर गुप्ता

• 2002-07 -- विद्या सागर गुप्ता

• 2012 -- कलराज मिश्रा

• 2014-17 -- आशुतोष टंडन

कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक को उतारने की चर्चाएं

भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक, लखनऊ विधानसभा की 9 सीटों को लेकर अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। उम्मीद है कि मंगलवार (1 फरवरी) को भाजपा अपने प्रत्याशियों की एलान कर दे। जिसमें यह कयास लगाये जा रहे हैं कि मौजूदा विधायक आशुतोष टंडन को लखनऊ उत्तर से चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है। जबकि, लखनऊ पूर्वी से प्रदेश सरकार में न्याय एवं विधायी मंत्री ब्रजेश पाठक चुनाव लड़ सकते हैं।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story