×

UP Election 2022: PM मोदी से हिसाब चुकाने आज काशी पहुंचेंगी ममता, अखिलेश व जयंत के साथ कल करेंगी बड़ी रैली

UP Election 2022: पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने आक्रामक चुनाव प्रचार किया था। दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला था।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By aman
Published on: 2 March 2022 5:51 AM GMT (Updated on: 2 March 2022 6:00 AM GMT)
up election mamata banerjee will reach kashi today
X

up election mamata banerjee will reach kashi today 

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Election 2022) के सातवें चरण में अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की मुखिया ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) की भी एंट्री होगी। प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान ममता एक बार राजधानी लखनऊ पहुंच चुकी हैं, मगर उन्होंने अभी तक कोई जनसभा नहीं की है। प्रदेश में चुनाव के दौरान ममता की एकमात्र जनसभा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के संसदीय क्षेत्र काशी में होगी। इस जनसभा को समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया चौधरी जयंत सिंह (Jayant Singh) भी संबोधित करेंगे।

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने आक्रामक चुनाव प्रचार किया था। दोनों नेताओं ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला था। माना जा रहा है कि ममता बनर्जी पीएम मोदी से हिसाब चुकाने के लिए काशी के दौरे पर पहुंच रही हैं। ममता और अखिलेश की चुनावी जनसभा को सफल बनाने के लिए सपा और रालोद की ओर से पूरी ताकत झोंक दी गई है।

गंगा आरती में भी हिस्सा लेंगी ममता

तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज शाम को बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। काशी पहुंचने के बाद ममता पहले गंगा पूजन करेंगी और उसके बाद विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में भी हिस्सा लेंगी। इस दौरान वे बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए भी जा सकती हैं। ममता बनर्जी की चुनावी जनसभा का आयोजन 3 मार्च को ऐढ़े में किया गया है। ममता की चुनावी सभा पर सभी की नजरें लगी हुई हैं क्योंकि इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह भी हिस्सा लेंगे। तीन बड़े नेताओं की संयुक्त रैली को सफल बनाने के लिए सपा और रालोद दोनों दलों ने पूरी ताकत लगा दी है। रैली की तैयारियों के सिलसिले में पश्चिमी यूपी से रालोद के कई पदाधिकारी भी वाराणसी पहुंचे हैं। दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने भी इस रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है। सपा उपाध्यक्ष किरणमय नंदा और समाजवादी युवजन सभा के नेता भी रैली की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

पीएम मोदी के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी

छठे चरण का चुनाव शोर थमने के बाद अब पूर्वांचल सभी राजनीतिक दलों के लिए बड़ा सियासी का अखाड़ा बन गया है। वाराणसी और आसपास के नौ जिलों की सीटों पर जीत हासिल करने के लिए सभी दलों के बीच जोर आजमाइश चल रही है। 2017 के चुनाव में वाराणसी की सभी आठों सीटों पर भाजपा गठबंधन को जीत हासिल हुई थी। इस बार समाजवादी पार्टी ने पीएम मोदी का गढ़ माने जाने वाले इस इलाके में सेंध लगाने की पूरी तैयारी की है। कई सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी भी पूरा जोर लगा रहे हैं। वाराणसी के चुनावी नतीजे बड़ा सियासी संदेश देने वाले होंगे और यही कारण है कि विपक्ष की ओर से यहां पर पूरी ताकत लगाई जा रही है। इसी सिलसिले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी काशी पहुंच रही हैं। जानकारों का मानना है कि इस चुनावी सभा के दौरान ममता प्रधानमंत्री मोदी पर बड़ा हमला बोलेंगी।

काफी अहम माना जा रहा है ममता का दौरा

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान ममता एक बार राजधानी लखनऊ पहुंच चुकी हैं। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के साथ मीडिया से बातचीत की थी। अपनी लखनऊ यात्रा के दौरान ममता ने किसी चुनावी सभा को संबोधित नहीं किया था मगर आखिरी चरण के मतदान के लिए वे पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में दस्तक देने वाली है। ममता के काशी दौरे को सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इस दौरान वे चुनावी सभा करके पीएम मोदी और भाजपा के खिलाफ संघर्ष का उद्घोष करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी भी 4 मार्च को काशी में डेरा डालेंगे और माना जा रहा है कि इस दौरान वे ममता के हमलों का जवाब दे सकते हैं। अब यह देखने वाली बात होगी कि ममता के इस दौरे से समाजवादी पार्टी के गठबंधन को कितना सियासी फायदा हो पाता है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story