×

UP Election 2022 : बहू के बाद मुलायम सिंह के साढू और कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य BJP में शामिल

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) को आज एक और झटका उस समय लगा जब पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के एक रिश्तेदार प्रमोद गुप्ता बीजेपी में शामिल हो गए।

Shreedhar Agnihotri
Written By Shreedhar AgnihotriPublished By aman
Published on: 20 Jan 2022 7:27 AM GMT (Updated on: 20 Jan 2022 7:30 AM GMT)
UP Election 2022 : बहू के बाद मुलायम सिंह के साढू और कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्य BJP में शामिल
X

UP Election 2022 : उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) को आज एक और झटका उस समय लगा जब पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के एक रिश्तेदार प्रमोद गुप्ता बीजेपी में शामिल हो गए। प्रमोद गुप्ता पूर्व विधायक हैं और मुलायम सिंह यादव के साढू बताए जा रहे हैं। इसके एक दिन पहले ही मुलायम सिंह की छोटी बहू अपर्णा यादव दिल्ली में बीजेपी ज्वाइन कर चुकी हैं।

कांग्रेेस के स्लोगन 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' में जिस युवती प्रियंका मौर्य के चेहरे का इस्तेमाल किया गया था, वो आज भाजपा में शामिल हो गईं। प्रियंका ने कांग्रेस पर कमजोर एवं दलित वर्ग की उपेक्षा का आरोप लगाया है।


प्रियंका मौर्य ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

प्रियंका मौर्य काफी दिनों से अपनी नाराजगी कांग्रेस के रवैये पर उठाती आ रही थीं, पर पार्टी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। यूपी महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष प्रियंका मौर्य ने दावा किया था कि 'कांग्रेस ने मेरे चेहरे, मेरे नाम और मेरे 10 लाख सोशल मीडिया फॉलोअर्स का इस्तेमाल प्रचार के लिए किया। लेकिन जब टिकट की बात आई, तो मुझे नहीं दिया गया।' उन्होंने आगे कहा, कि मुझे टिकट नहीं मिला क्योंकि मैं एक ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) की लड़की हूं और प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह को रिश्वत नहीं दे सकती थी। उन्होंने प्रियंका गांधी के सचिव संदीप सिंह पर सीधे-सीधे घूस लेने का आरोप मीडिया के माध्यम से पिछले दिनो लगाया था।


प्रमोद, बिधूना विधानसभा सीट से थे विधायक

उधर, समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के रिश्तेदार प्रमोद गुप्ता भी पार्टी से नाराज होकर आज भाजपा में शामिल हो गए। प्रमोद गुप्ता एक बार टिकट न मिलने पर निर्दलीय नगर पंचायत का चुनाव जीतने के बाद साल 2012 में बिधूना विधानसभा से चुनाव जीते। लेकिन अखिलेश सरकार में उन्हें कोई महत्व नहीं दिया गया। इसके लिए मुलायम सिंह ने भी काफी प्रयास किया पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें मंत्री पद नहीं दिया।

इन्होने भी थामा 'कमल'

प्रमोद गुप्ता ने आज कहा, कि 'समाजवादी पार्टी अपने रास्ते से भटक चुकी है।' इसके साथ ही आज अन्य शामिल होने वालों में भाजपा के लखनऊ मुख्यालय पर पूर्व आईएएस किशन सिंह अटोरिया, समाजवादी पार्टी के शिशुपाल सिंह, किसान नेता सोमपाल सिंह समेत कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली।



aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story