UP Election 2022 : बदायूं में अखिलेश का चौतरफा हमला, कहा- 10 फरवरी के बाद BJP पड़ी ठंडी,..आप खुद रिसर्च कर लो, झूठ मिल जाएगा

10 फरवरी के पहले चरण के मतदान में जनता ने बीजेपी (BJP) को नकार दिया। पहले चरण के चुनाव (First Phase Election) के बाद से ही बीजेपी के नेता ठंडे पड़ गए हैं। उनके नेता कह रहे हैं कि 10 मार्च के बाद वे गर्मी निकाल देंगे।

aman
Written By aman
Published on: 12 Feb 2022 10:24 AM GMT (Updated on: 12 Feb 2022 10:25 AM GMT)
akhilesh yadav
X

अखिलेश यादव (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

UP Election 2022 : समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने आज यानी शनिवार को बदायूं (Badaun) में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, '10 फरवरी के पहले चरण के मतदान में जनता ने बीजेपी (BJP) को नकार दिया। पहले चरण के चुनाव (First Phase Election) के बाद से ही बीजेपी के नेता ठंडे पड़ गए हैं। उनके नेता कह रहे हैं कि 10 मार्च के बाद वे गर्मी निकाल देंगे।' सपा अध्यक्ष ने महंगाई और किसानों की आय मुद्दे पर योगी आदित्यनाथ सरकार को घेरा।

वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, 'चुनाव में कुछ दल ऐसे हैं, जो सीधे सपा से लड़कर बीजेपी को जिताना चाहती है। वो दल बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी के रास्ते से भटक गया है। इसलिए उसके कई सारे नेता सपा में आ गए।' साफ था कि अखिलेश यादव बहुजन समाज पार्टी और उसकी नेता मायावती पर निशाना साध रहे थे।

दिलाई कोरोना की दूसरी लहर की याद

अखिलेश यादव ने कहा, 'कोरोना आया, बहुत सारे लोग बीमार हो गए। प्रदेश सरकार दवा का इंतजाम नहीं कर पाई। दूसरी लहर में अस्पतालों में बेड नहीं मिला। जरूरतमंद को ऑक्सीजन नहीं मिला। जो सरकार लोगों की मदद नहीं कर पाई, उसको हटाने का भी ये चुनाव है।' अखिलेश कहते हैं 'ये सरकार किसानों को उनके फसल पर न्यूनतम समर्थन मूल्य तक नहीं दे पाई। खाद नहीं दे पाई, वो किसानों के लिए खुशहाली कैसे लाएगी।

पंचायत चुनाव में महिलाओं के कपड़े फाड़े

सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने आज बदायूं रैली में योगी सरकार को घेरते हुए कहा, 'पंचायत चुनाव (Panchayat Election) याद कीजिए। इन लोगों ने (बीजेपी ने) वोट डालने गई महिलाओं के कपड़े तक फाड़ दिए। इस बार का चुनाव संविधान बचाने का है। बीजेपी को हराकर सपा की सरकार बनवाइए और संविधान को खत्म होने से बचाइए।' अखिलेश ने तंज भरे लहजे में कहा, 'प्रदेश की जनता ने 2017 में किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था। लेकिन आज किसानों की आय आधी हो चुकी है।'

चुनाव के चलते मिल रहा अनाज

सपा के अध्यक्ष ने कहा, कि 'हर चीज महंगी हो गई है। आज बिजली का बिल आने पर जनता को करंट लगता है। उत्तर प्रदेश में आज हर कोई दुखी है। जनता महंगाई का बदला इन्हें सत्ता से बेदखल कर लेगी। गरीबों को राशन चुनाव के चलते मिल रहा है।'

'आप खुद रिसर्च कर लो, झूठ मिल जाएगा'

अखिलेश आगे कहते हैं, 'बीजेपी के घोषणा पत्र में किया पिछला वादा अब तक पूरा नहीं हुआ। तब तक नया जारी कर दिया।' अखिलेश यादव ने कहा, बीजेपी के नेता कद के हिसाब से झूठ बोलते हैं। छोटा नेता छोटा झूठ और बड़ा नेता बड़ा झूठ बोलता है। हमारी और उनकी बात मत मानों। आप खुद रिसर्च कर लो। उनका झूठ मिल जाएगा।'

बीजेपी ने ठगा, हम देंगे रोजगार

उन्होंने कहा, यूपी विकास के हर पैमाने पिछड़ गया है। यहां पुलिस हिरासत में सबसे अधिक मौतें हुई हैं। महिला अपराध की 50 प्रतिशत शिकायत उत्तर प्रदेश से हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा, बीजेपी ने रोजगार देने के मामले में युवाओं से झूठ बोला है। मगर, हम सरकार बनने पर युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार देंगे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story