×

दंगों में संपत्तियाँ लूटी जाती थी, प्रशासन गुंडों माफिया के आगे गिरवी था- योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दो अलग अलग सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

Network
Newstrack NetworkPublished By Vidushi Mishra
Published on: 21 Oct 2021 4:22 PM GMT
yogi government will organize self help camp Chief Minister Kanya Sumangala Yojana Women Welfare Department
X

सीएम योगी आदित्यनाथ।

UP : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने देश और जाति पर गौरव करना चाहिए । लेकिन जातिवाद से बचते हुए राष्ट्रवाद को बढ़ावा देते हुए समाज और देश के उत्थान पर ध्यान देना चाहिए। सामाजिक न्याय की लड़ाई में स्व. कर्पूरी ठाकुर के योगदान की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें सोंचना होगा कि जिन लोगों ने अपने स्वार्थ में समाज को बांटकर सामाजिक ताने बाने को छिन्न-भिन किया। उनकी क्षति की, वह कभी सम्मान के योग्य नहीं हो सकता है। जबकि हमारा सामाजिक तानाबाना एक दूसरे से इतना जुड़ा होता था कि कोई भी मांगलिक कार्य पूरा नहीं होता था ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस ने जातिवाद को बढ़ावा देते हुए अपने शासनकाल में प्रदेश को दंगे की आग में झोंक दिया था। उद्योग-धंधे चौपट होते थे, दंगों में संपत्ति लूटी जाती थी। त्योहारों पर कर्फ्यू का पहरा होता था। गुंडे-माफिया व्यवस्था पर हावी होकर लोगों को लूटते थे । आज शांति है।

प्रदेश में एक भी दंगे नहीं हुए। सभी त्योहार शांति से मनाये जा रहे हैं। व्यापारियों और समाज के पिछड़े वर्ग को सामाजिक सुरक्षा देते हुए तमाम योजनाएं चल रही है।एक जिला एक उत्पाद(ओडीओपी) आज प्रदेश की एक लोकप्रिय आर्थिक योजना के रूप में चल रही है।

उत्तर प्रदेश, देश का पहला राज्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को दो अलग अलग सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कोरोना कालखंड की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश, देश का पहला राज्य था जिसने श्रमिकों के परिवार के भरण-पोषण के लिए भत्ता की व्यवस्था की। मुफ्त में राशन दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का पहला देश है। सौ करोड़ लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है।

उन्होंने आगे कहा कि यही कोरोना महामारी सपा शासन में आयी होती तो चाचा-भतीजे में हड़पने की होड़ लग जाती। माफिया को ठेका देने की होड़ मच जाती । कांग्रेस से सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। बसपा राज में कोरोना होता तब तो भगवान ही मालिक होते।

अखिलेश यादव को संवेदनहीन करार देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा शासन में इंसेफेलाइटिस के कहर से बच्चे बीआरडी मेडिकल कालेज में मासूम बच्चे मर रहे थे । लेकिन अखिलेश यादव ने उन पीड़ित बच्चों से मिलने की बजाय एक कार्यक्रम में जाना जरूरी समझा था।

दिवाली पर्व पर एक सप्ताह का मेला

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में परंपरागत उद्योग मृतप्राय होता गया। भाजपा ने वर्ष 2018 में एक जिला एक उत्पाद की योजना लागू की । ताकि इन परंपरागत उद्योगों में लगे लोगों का जीवन खुशहाल हो सके । आज यह योजना सबसे लोकप्रिय योजना साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि दिवाली पर्व पर एक सप्ताह का मेला लगने जा रहा है। जिसमें स्थानीय व्यापारी अपने उत्पाद बेंच सकेंगे। विश्वकर्मा श्रम सम्मान सहित हलवाई सहित 17 ट्रेड को प्रशिक्षण देकर मानदेय व रोजगार की व्यवस्था कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में दंगे होते थे। व्यापारियों की संपत्ति लूटी जाती थी। व्यापारियों की हत्या की जाती थी , जिसके खिलाफ हमने खुद सड़क पर उतर कर लड़ाई लड़ी है। हमारी सरकार ने व्यापार का एक बेहतर माहौल दिया है। व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन कर व्यापारियों को दस लाख रुपये का बीमा का कवर दिया है।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, प्रदेश महामंत्री प्रियंका सिंह रावत , पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप, कैबिनेट मंत्री आशुतोष टण्डन, डा. महेन्द्र सिंह, अनिल राजभर, विधायक संजय गुप्ता, संजू देवी, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष हीरा ठाकुर सहित प्रमुख लोग मौजूद थे।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story