×

UP News: योगी सरकार का माफियाओं पर चला चाबुक, 1500 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त

UP News: प्रदेश में माफियाराज को समाप्त करते हुए सरकार ने 1500 करोड़ रुपए की अवैध सम्पत्ति जब्त की है।

Shreedhar Agnihotri
Written By Shreedhar AgnihotriPublished By Dharmendra Singh
Published on: 19 Aug 2021 6:28 PM GMT
CM Yogi Adityanath
X

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो: सोशल मीडिया)

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज प्रदेश कानून व्यवस्था की स्थिति में देश में एक रोल मॉडल बनकर उभरा है। प्रदेश में माफियाराज को समाप्त करते हुए सरकार ने 1500 करोड़ रुपए की अवैध सम्पत्ति जब्त की है। इस सम्पत्ति पर गरीबों के लिए आवास निर्मित किए जाएंगे। अब माफियाओं द्वारा कब्जा की गई जमीन पर गरीब और दलितों के आवास बनाए जाएंगे, यह सामाजिक न्याय है। मजबूत कानून व्यवस्था एवं सक्षम पुलिस प्रशासन के कारण पंचायत चुनाव सकुशल, शान्तिपूर्ण, निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराए गए।

सीएम योगी आज विधानसभा में अनुपूरक बजट पर सरकार की तरफ से विपक्ष को जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6 लाख निराश्रित गौवंश निराश्रित गौ-आश्रय स्थलों में संरक्षित हैं। निराश्रित गौवंश के लिए तीन योजनाएं चल रही हैं। पहली योजना गौ-आश्रय स्थल करने की है जबकि दूसरी के तहत किसानों को चार गौवंश रखने की अनुमति दी गई है। 90 हजार गौवंश किसान अपने घर में पाल रहा है। प्रति गौवंश 900 रुपए हर महीने उस किसान को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। तीसरी योजना के माध्यम से कुपोषित माताओं अथवा कुपोषित बच्चों के परिवारीजनों को एक दुधारू गाय उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश, देश में निवेश का सबसे बड़ा गंतव्य स्थल बना है। 'ईज़ ऑफ डुईंग बिजनेस' में प्रदेश 14वें स्थान से दूसरे स्थान पर आ चुका है। प्रदेश सरकार के प्रयासों एवं बढ़ते निवेश से रोजगार में वृद्धि हुई है। एक करोड़ 61 लाख से अधिक नौजवानों को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त हुआ है तथा 60 लाख से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा गया है।
सीएम योगी ने कहा कि पिछले पांच वर्ष के दौरान प्रदेश के बजट का दायरा लगभग दोगुना हुआ है। आज बजट का दायरा लगभग 6 लाख करोड़ रुपए हो गया है। बड़ी सोच, बड़े कार्य तो बजट का दायरा भी बड़ा होगा। संकीर्ण सोच से विराटता की कल्पना नहीं की जा सकती। वर्ष 2015-16 में लगभग ढाई लाख करोड़ रुपए का बजट था। योगी ने कहा कि वर्ष 2016-17 में 3 लाख 40 हजार करोड़ रुपए का बजट आया। प्रदेश में जाति, मत, मजहब, क्षेत्र अथवा भाषा के भेदभाव के बगैर सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के भाव के साथ जो कार्य किए, उसके परिणामस्वरूप विकास का दायरा बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय लगभग दोगुनी हुई है। वर्ष 1947 से वर्ष 2017 तक प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में जितनी वृद्धि हुई, विगत पांच वर्षों के दौरान प्रदेश की इस विकास यात्रा में हम प्रति व्यक्ति आय को वहां तक पहुंचाने में सफल हुए हैं। पांच वर्ष पहले जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी तब प्रदेश की जीएसडीपी लगभग 10-11 लाख करोड़ रुपए था, आज हम इसे 20-21 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचाने में सफल हुए हैं। वर्ष 2015-16 में उत्तर प्रदेश देश की छठी अर्थव्यवस्था था, मात्र साढ़े चार वर्षों के दौरान जो परिश्रम हुआ, उसके परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश आज देश की दूसरी अर्थव्यवस्था बन गया है। 'ईज़ ऑफ डुईंग बिजनेस' में वर्ष 2015-16 में उत्तर प्रदेश 16वें नम्बर पर था। आज उत्तर प्रदेश द्वितीय स्थान पर है।


Dharmendra Singh

Dharmendra Singh

Next Story