×

Dharmendra Pradhan: नई शिक्षा नीति को लागू करने में यूपी अव्वल, जल्द दिल्ली बुलाए जाएंगे अफसर

Dharmendra Pradhan: धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि यूपी में जितने विद्यार्थी हैं, उतनी कई देशों की कुल जनसंख्या है। देश के लगभग 15 से 18 प्रतिशत विद्यार्थी यूपी में हैं जिनकी संख्या लगभग 5 करोड़ है।

Shreedhar Agnihotri
Written By Shreedhar AgnihotriPublished By Shweta
Published on: 9 Oct 2021 1:42 PM GMT
Union Education Minister Dharmendra Pradhan
X

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (फोटोः न्यूजट्रैक) 

Dharmendra Pradhan: केन्द्र सरकार की नई शिक्षा नीति में देश के अन्य राज्यों की तुलना में उत्तर प्रदेश सरकार ने बेहतरीन कार्य किया है। यूपी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। यह बात आज यहां केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने पत्रकार वार्ता में कही। वह यहां योजना भवन में उच्च माध्यमिक बेसिक प्राविधिक और व्यावसायिक शिक्षा विभाग की समीक्षा कर रहे थे। उपमुख्यमंत्री एवं बेसिक शिक्षा मंत्री स्वतंत्र प्रभार सतीश द्विवेदी के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा कि देश मे नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू हो गई है। यूपी उन राज्यों में से है जहां नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति का सफल क्रियान्वयन हो रहा है।

धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि यूपी में जितने विद्यार्थी हैं, उतनी कई देशों की कुल जनसंख्या है। देश के लगभग 15 से 18 प्रतिशत विद्यार्थी यूपी में हैं जिनकी संख्या लगभग 5 करोड़ है। उन्होंने कहा कि देश मे बदलाव लाने के लिए यूपी में बदलाव आना जरूरी है। साथ ही यह भी कहा कि शिक्षा को नौजवानों के रोजगार के लिए बदलाव की जरूरत है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश में 1 साल पहले राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की गई। सबसे प्रसन्नता की बात यह है कि यूपी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को सही मायने में क्रियान्वयन किया है।


यूपी से ही देश में गुड गवर्नेंस और सुशासन होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा में लगातार इम्प्रूवमेंट हुआ है। प्रधान ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यूपी के हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट ने बेहतर काम किया है। हमारी सरकार एजुकेशन के साथ स्किल डेवलपमेंट भी लेकर चल रही है। वर्षो पुरानी शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की बेहद जरूरत थी। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 21वीं सदी में नई पीढ़ी की जड़ को पोषण देने के लिए लाई गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हम हम यूपी के अधिकारियों को दिल्ली बुलाकर बदलाव के लिए आवश्यक चीजें उपलब्ध कराएंगे।


केन्द्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान ने कहा कि यूपी में शिक्षा विभाग में गुणात्मक सुधार हुआ है। ड्राप आउट संख्या कम हुई है। शिक्षा को स्किल से बढ़ावा देने की शुरुआत हुई है। उन्होने कहा कि यूपी ने फीस नियंत्रण के क्षेत्र में भी अच्छा कार्य किया है। फीस नियंत्रण कानून भी बनाया गया है ताकि विद्यार्थियों को स्कूल मे दाखिला फीस के अभाव से न बाधित हो। मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के यूपी सरकार गौरव पथ का निर्माण कर अच्छा माहौल बना रही है। उन्होने कहा कि यूपी मे सीएम योगी के नेतृत्व में अच्छा कार्य हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में यूपी ने बेहतर कार्य किया है। सुशासन के बिना कोई भी व्यवस्था ठीक से नहीं चल सकती और यूपी ने सुशासन स्थापित किया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आप नेता और सांसद संजय सिंह को बधाई दी है। दरअसल आप सांसद डा संजय सिंह ने कहा था कि देश मे पहली बार दिल्ली के सरकारी स्कूलों में बाबा साहब का संविधान पढ़ाया जा रहा है। प्रधान ने कहा कि यदि दिल्ली की सरकार ने भी ऐसा करना शुरू कर दिया है तो संजय सिंह को मेरी तरफ से बधाई है।

Shweta

Shweta

Next Story