TRENDING TAGS :
Lucknow News: सिनेमा देखने वालों के लिए खुशखबरी, आज से खुलेंगे INOX और Cinepolis
राजधानी लखनऊ में सिनेमा हॉल संचालकों का कहना है कि पिक्चर के शौकीनों को अब और इंतजार नहीं करना पड़ेगा। 50 फीसद क्षमता के साथ दोनों मल्टीप्लेक्स आज से खोल दिए जाएंगे।
सिनेमा देखने वालों के लिए 30 जुलाई से खुलेगा INOX और Cinepolis: फोटो- सोशल मीडिया
Lucknow News: कोरोना महामारी के चलते राजधानी लखनऊ में सिनेमा हॉल को बंद कर दिया गया था। अब जबकि कोरोना संक्रमण कम हो गया है और त्योहारों का सीजन भी आ रहा है, सिनेमा देखने वालों को राहत मिलने जा रही है। बताया जा रहा है कि आज यानि कि 30 जुलाई से शहर के आईनॉक्स और सिने पोलिस खोले जाएंगे। इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। दूसरी तरफ अभी पीवीआर और सिनेमा हॉल खोले जाने को लेकर आगामी तीन दिनों में निर्णय लिया जाएगा।
राजधानी लखनऊ में सिनेमा हॉल संचालकों का कहना है कि पिक्चर के शौकीनों को अब और इंतजार नहीं करना पड़ेगा। 50 फीसद क्षमता के साथ दोनों मल्टीप्लेक्स खोल दिए जाएंगे। इनमें चलाए जाने वाले सिनेमा के प्रोग्राम जल्द ही तय कर दिए जाएंगे। उमराव, क्राउन मॉल, रिवर साइड, फिनिक्स प्लाजियों एवं वन अवध गोमतीनगर में सिनेमा चलाए जाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
नाईट कर्फ्यू के कारण केवल चार शो
दस बजे के बाद रात के लॉकडाउन को देखते हुए शहर के तय हुए मॉल में फिलहाल चार शो ही चल पाएंगे। पहले छह शो होते थे। यानी सिनेमा चलाए जाने के बाद भी दो शो की कटौती अभी जारी रहेगी। समय सीमा में पूरी तरह से निजात के बाद ही एक बजे तक के सभी शो पूरी तरह से चल पाएंगे। शहर में 11 मल्टी प्लेक्स हैं। इनमें करीब 57 स्क्रीन लगी हैं। आठ सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर हैं। वहीं सूबे में 58 मल्टी प्लेक्स और 250 सिंगिल सिनेमा संचालित होते हैं।
आईनॉक्स खुलेंगे: फोटो- सोशल मीडिया
आईनॉक्स और सिनेपोलिस खुलेंगे
यूपी सिनेमा एक्जीबिटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल आईनॉक्स और सिनेपोलिस खोलकर शुरुआत होने जा रही है। पीवीआर से जुड़े पदाधिकारियों से वार्ता चल रही है। आगामी हफ्ते इस पर भी निर्णय ले लिया जाएगा। उम्मीद है कि त्योहार के सीजन में लोग सिनेमाघरों में पिक्चर का लुत्फ उठा सकेंगे। जहां तीस पिक्चर चलाए जाने की शुरुआत होने जा रही है वहां पचास फीसद क्षमता के साथ ही सिनेमा चलेगा।