सपा नेताओं के घर छापे पर बोले अखिलेश, जब बैलेंस शीट दिया था तब क्यों नहीं, चुनाव से पहले ही क्यों मारा छापा?

Akhilesh yadav reaction on income tax raids: रायबरेली में अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं के घर इनकम टैक्स की छापेमारी पर सवाल उठाते हुए कहा, आखिर चुनाव से ठीक पहले ही ऐसी कार्रवाई क्यों?

Narendra Singh
Report Narendra SinghPublished By aman
Published on: 18 Dec 2021 6:12 AM GMT (Updated on: 18 Dec 2021 7:09 AM GMT)
सपा नेताओं के घर छापे पर बोले अखिलेश, जब बैलेंस शीट दिया था तब क्यों नहीं, चुनाव से पहले ही क्यों मारा छापा?
X

Akhilesh Yadav in Raebareli: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव अपने दो दिवसीय रायबरेली यात्रा पर हैं। लेकिन, इसी दौरान सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का 'सॉफ्ट हिंदुत्व' चेहरा दिखाया गया है। रायबरेली में लगे होर्डिंग्स में अखिलेश को 'भगवान कृष्ण' के अवतार में दिखाया गया है। ऐसे होर्डिंग्स वहां की सड़कों के किनारे देखने को मिल रहे हैं। वो भी तब जब स्वयं अखिलेश 'विजय रथ यात्रा' लेकर रायबरेली पहुंचे हैं। आज उनकी यात्रा का दूसरा और आखिरी दिन है।

बता दें, कि यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर अखिलेश यादव आज सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में लगातार दूसरे दिन हुंकार भरेंगे। वो रायबरेली की सदर, ऊंचाहार और सलोन विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। रथ यात्रा लेकर निकलने से पहले अखिलेश यादव के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं के घर इनकम टैक्स की छापेमारी पर सवाल उठाते हुए कहा, आखिर चुनाव से ठीक पहले ही ऐसी कार्रवाई क्यों? उन्होंने पूछा- जब सरकार और विभाग के पास पहले से अगर जानकारी थी, जब उनके पार्टी के नेता बैलेंस शीट दिए होंगे तब भी पूछताछ कर सकते थे, तभी छापा मार सकते थे, लेकिन नहीं। तब उन्होंने क्यों नहीं कार्रवाई की। चुनाव से ठीक पहले, शक और संदेह पैदा करता है।'

जो सरकार से सवाल पूछेगा, उस पर मुकदमे लगेंगे

अखिलेश यादव ने कहा, इस सरकार में कोई सुरक्षित नहीं है। उन्होंने मीडिया से कहा आप जानते हो सच दिखाने पर क्या होता है। उन्होंने वाकये का जिक्र करते हुए कहा, दाल में पानी दिखा दिया, उसे इस सरकार में जेल जाना पड़ गया। एक पत्रकार साथी ने सही खबर चला दी उस पर मुकदमे लग गए। कोई भी इस सरकार में सुरक्षित नहीं है। जो सरकार से सवाल उठाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

कांग्रेस की तरह डरा रही बीजेपी

अखिलेश यादव ने आगे कहा, अब कांग्रेस के रास्ते पर बीजेपी भी चलने लगी है। कांग्रेस भी डराने का काम करती थी, और अब बीजेपी वही काम कर रही है। इसके अलावा उन्होंने कहा, बाबा मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) लैपटॉप देखकर घबरा जाते हैं। फिर, वो लैपटॉप कैसे बाटेंगे। इस दौरान अखिलेश यादव ने अपने सांसद एचटी हसन के बयान को लेकर उनका बचाव किया। उन्होंने कहा, वो समझ नहीं पाए थे। समाजवादी पार्टी बेटियों की सुरक्षा के लिए गंभीर है।'

सपा शिष्टाचार के नाते कांग्रेस के लिए लोकसभा सीट छोड़ती है

इससे पहले सपा प्रमुख के स्वागत के लिए स्थानीय महिलाएं फूल-मालाएं लेकर यहां पहुंची। यूपी के पूर्व सीएम ने कल तीन विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा करके जब वो पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचे तो गेस्ट हाउस के बाहर कार्यकर्ताओं हुजूम उमड़ पड़ा था। अखिलेश ने यहां पार्टी के पदाधिकारियों और टिकटार्थियों से मुलाकात की थी। गौरतलब हो कि कल रायबरेली में अखिलेश यादव ने मीडिया से कहा था कि कांग्रेस और सपा सम्मान और शिष्टाचार के नाते एक दूसरे के लिए लोकसभा सीटें छोड़ते आए हैं। लेकिन ये विधानसभा का चुनाव है जिसे सपा हमेशा से पूरी ताकत से लड़ती चली आई है और यहां सपा को बड़ी जीत मिली है।

पीएम ने गंगा में डुबकी लगाई, सीएम ने नहीं क्यों?

अखिलेश यादव ने आगे कहा, 'पीएम ने गंगा नदी में डुबकी लगाई। सीएम ने डुबकी नहीं लगाई। क्योंकि उन्हें पता था कि गंगा गंदी है। यमुना और गोमती नदी का पानी गंगा में जाता है।' सपा अध्यक्ष ने इस दौरान कहा, 'समाजवादी पार्टी की वजह से रायबरेली में एम्स आया है।' उन्होंने लखीमपुर में किसान आंदोलन के दौरान पीटे गए पत्रकार को सम्मानित करने की भी बात कही।

अखिलेश ने कहा, उत्तर प्रदेश में जैसे-जैसे भारतीय जनता पार्टी को हार सताएगी, वैसे-वैसे दिल्ली से बड़े-बड़े नेता यहां आएंगे। देखना, बीजेपी का कोई नेता बचेगा नहीं, जो उत्तर प्रदेश न आए।
..अब सीबीआई, ईडी और न जाने कौन-को आएगी

अखिलेश यादव ने तंज भरे लहजे में कहा, 'अभी तक इन्हीं का इंतजार था, कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट कब आएगी? अभी तो इनकम टैक्स आया है। फिर ईडी आएगा। सीबीआई आएगी। न जाने कौन कौन सी संस्था आएंगी। अफवाहें फैलाई जाएगी। साजिश की जाएगी। लेकिन उसके बावजूद साइकिल की रफ्तार कम नहीं होगी। रथ की रफ्तार नहीं थमेगी। उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी का सफाया होना निश्चित है।'

निषाद समाज को बीजेपी ने दिया धोखा

अखिलेश ने कहा, 'जैसे ही चुनाव करीब आता है, भारतीय जनता पार्टी धार्मिक चश्मा लगा लेती है। उत्तर प्रदेश की जनता तैयार है। इस बार वो भारतीय जनता पार्टी का सफाया करने का मन बना चुकी है।' वो आगे बोले, 'कल की ही घटना है। जहां देश के बड़े बड़े नेता मंच पर थे। जनता से आप कितनी बार झूठ बोलेंगे? निषाद समाज को भारतीय जनता पार्टी ने धोखा दिया है। कहा कि आपकी सभी समस्या का समाधान होगा। लेकिन जब उनको बुलाकर सम्मान देना था, तो सम्मान नहीं दिया गया। उनके साथ भी भेदभाव हुआ। उनका हक छीनने का काम हुआ है।'

आज अमेठी में राहुल-प्रियंका निकालेंगे पदयात्रा

दूसरी तरफ, जब अखिलेश यादव सोनिया के गढ़ में जनसभा कर रहे हैं, जिसमें भारी जनसैलाब उमड़ रहा है। ठीक उसी समय आज शनिवार को स्मृति ईरानी के गढ़ अमेठी में राहुल-प्रियंका एक बार फिर अपनी राजनैतिक जमीन तलाशने पहुंच रहे हैं। ख़ास बात यह है कि अखिलेश अमेठी लोकसभा की सलोन विधानसभा सीट पर विजय रथ यात्रा लेकर पहुंचेगे। वहां से कुछ किमी दूर ही राहुल-प्रियंका 'भाजपा हटाओ' को लेकर पदयात्रा करेंगे। देर शाम जब अखिलेश रायबरेली से वापस होंगे, तब प्रियंका रायबरेली पहुंचेगी। वो रविवार को यहां रिफॉर्म क्लब के मैदान में शक्ति संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story