UP Elections 2022: रायबरेली में अखिलेश बोले- प्रदेश में कांग्रेस-बसपा की सरकार बनेगी नहीं, वोट से पहले BJP के कारनामे याद कर लेना

सपा अध्यक्ष ने कहा, 'बसपा के लोग बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों की बात करते हैं लेकिन ये खुद उस रास्ते से भटक गए हैं। अखिलेश यादव ने साफ-साफ कहा, कांग्रेस-बसपा की सरकार प्रदेश में बननी नहीं है। इसलिए इनके चक्कर में आना भी मत।

Narendra Singh
Report Narendra SinghWritten By aman
Published on: 15 Feb 2022 8:17 AM GMT (Updated on: 15 Feb 2022 8:18 AM GMT)
akhilesh yadav
X

akhilesh yadav 

UP Elections 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए अब चुनाव प्रचार ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी के मद्देनजर मंगलवार को समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने रायबरेली (Raebareli) में एक जनसभा (Public Meeting) को संबोधित किया। अखिलेश यहां बीजेपी (BJP) के साथ-साथ कांग्रेस (Congress) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) पर भी निशाना साधा।

सपा अध्यक्ष ने कहा, 'बसपा के लोग बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों की बात करते हैं लेकिन ये खुद उस रास्ते से भटक गए हैं। अखिलेश यादव ने साफ-साफ कहा, कांग्रेस-बसपा की सरकार प्रदेश में बननी नहीं है। इसलिए इनके चक्कर में आना भी मत। रायबरेली में इस बार किसी भी अन्य दल का खाता नहीं खुलेगा। यहां साइकिल सबसे आगे चल रही है।'

गर्मी निकालने वालों की भाप निकल गई

रायबरेली में जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, 'पहले और दूसरे चरण के मतदान के बाद ही स्पष्ट हो चुका है कि प्रदेश में हवा समाजवादी पार्टी के पक्ष है। यहां एक बार फिर इनके निशाने पर बीजेपी रही। सपा सुप्रीमो ने कहा, 'पहले दो चरण के मतदान के बाद गर्मी निकालने वालों की भाप निकल गई है। उन्होंने कहा, 'रायबरेली की सभी सीटें सपा को मिलेंगी। हम इसके लिए आश्वस्त हैं।' इस दौरान उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार में पुलिस हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं।

हमारी सरकार में सरसों तेल-गहि वाला राशन मिलेगा

अखिलेश यादव ने मुफ्त राशन के लेकर अपने हर भाषण में बीजेपी द्वारा कहे जाने पर भी निशाना साधा है। अखिलेश यादव बोले, 'बीजेपी सरकार जो राशन दे रही है, वो मार्च तक ही मिलेगा। दिल्ली के बजट में इसके लिए पैसा नहीं है। हमारी समाजवादी सरकार जब सत्ता में आएगी तब गरीबों को राशन लगातार मिलता रहेगा। वो भी सरसों के तेल और घी वाला।'

युवा, किसान, रोजगार और गन्ना सबकी बात

सपा अध्यक्ष ने आगे कहा, 'बीजेपी के राज में उत्तर प्रदेश के युवाओं के पांच साल इंतजार में कट गए, नौकरी नहीं मिली। नौजवानों को कोई रोजगार-नौकरी नहीं दिया गया। समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही टीईटी, बीएड, बीपीएड और 69000 भर्ती शिक्षामित्र सबको नौकरी देंगे। कॉरपस फंड बनाकर गन्ना किसानों के भुगतान का इंतजाम 15 दिन के भीतर करेंगे।'

'एक बहन के कपड़े तक फाड़ दिए थे'

अखिलेश यादव ने तंज भरे लहजे में कहा, कि 'आज 25 हजार का इनामी माफिया वोट मांग रहा है। ये कौन सी कानून व्यवस्था है? बीजेपी सरकार में आईपीएस अफसर फरार है। अधिकारी माफिया की पिच बनवा रहे हैं। आज सबसे ज्यादा असुरक्षित प्रदेश की बहन-बेटियां हैं। पंचायत चुनाव में कोई सदस्य अपने घर में नहीं रह पाया। वो भूल जाएंगे कि पर्चा बहन से कैसे छीना गया था। बीजेपी के लोगों ने एक बहन के कपड़े तक फाड़ दिए थे। वोट देने से पहले इनके कारनामे याद कर लेना।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story