×

UP Politics: बिछने लगी 2022 की सियासी बिसात, मोदी के बाद अब प्रियंका का दौरा, सपा-बसपा ने भी बढ़ाई सक्रियता

UP Politics: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज से यूपी का तीन दिवसीय दौरा शुरू कर रही हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Vidushi Mishra
Published on: 16 July 2021 5:13 AM GMT
Brahmin Vote Bank
X

सीएम योगी आदित्यनाथ, अखिलेश यादव, मायावती और प्रियंका गांधी (काॅन्सेप्ट फोटो: सोशल मीडिया)

UP Politics: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों (Assembly Elections 2022) के लिए सियासी बिसात बिछनी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra ModiNarendra Modi) ने गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र काशी से भाजपा(BJP) के अभियान का बिगुल फूंक दिया, तो कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) आज से यूपी का तीन दिवसीय दौरा शुरू कर रही हैं।

प्रियंका गांधी के इस दौरे का मकसद कांग्रेस (Congress) की संगठनात्मक मशीनरी को सक्रिय बनाना और पार्टी की चुनावी तैयारियों को तेज करना है।

इस बीच प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को विभिन्न मुद्दों को लेकर पर प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करके अपनी ताकत दिखाई। सपा ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम, बेरोजगारी, किसान विरोधी नीतियों और पंचायत चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए तहसील मुख्यालयों पर जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।


दूसरी और बसपा मुखिया मायावती ने प्रदेश में भाजपा के शासनकाल में जंगलराज और अराजकता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा का राज भी पिछली समाजवादी पार्टी के शासनकाल जैसा ही है।

पीएम मोदी का चुनावी शंखनाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को करीब आठ महीने बाद अपने संसदीय क्षेत्र काशी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने करीब पंद्रह सौ करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार किसी जनसभा में प्रधानमंत्री लोगों से रूबरू हुए। पीएम की सभा को भाजपा का चुनावी शंखनाद माना जा रहा है। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें विभिन्न मोर्चों पर मिली जीत का श्रेय दिया।

फोटो- सोशल मीडिया

प्रधानमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की सक्रियता के कारण पूरे प्रदेश में विकास योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। वे काशी ही नहीं बल्कि प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा करके विकास योजनाओं का मौके पर जायजा लेते हैं। प्रदेश सरकार की इस कार्यप्रणाली का असर पूरे प्रदेश में दिख रहा है।

योगी की अगुवाई में ही उतरेगी भाजपा

उन्होंने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी योगी सरकार की पीठ थपथपाई। प्रधानमंत्री ने कहा कि माफियाओं और अपराधियों में भय का माहौल दिख रहा है। पीएम मोदी ने कोरोना की दूसरी लहर के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से किए गए प्रयासों की भी तारीफ की।

उन्होंने कहा की दूसरी लहर के दौरान सरकार, डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों ने जिस तरह बढ़-चढ़कर काम किया उससे कोरोना का असर कम करने में काफी मदद मिली। प्रधानमंत्री ने प्रदेश में भाई भतीजावाद खत्म करने का श्रेय भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का सिर्फ एक ही नारा है विकासवाद और अब भाई-भतीजावाद के दिन लद चुके हैं।

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी की ओर से मुख्यमंत्री योगी की तरह खुलकर की गई तारीफ को बड़ा संकेत माना जा रहा है। प्रधानमंत्री ने खुलकर योगी की तारीफ करके यह संकेत दे दिया है कि प्रदेश में भाजपा योगी की ही अगुवाई में पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। पीएम ने योगी को लेकर लगाई जा रही सभी अटकलों को पूरी तरह विराम दे दिया है।

प्रियंका फूंकेंगी कांग्रेस में नई जान

भाजपा की ओर से बढ़ती सक्रियता का जवाब देने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी आज से उत्तर प्रदेश में सक्रिय होंगी। प्रियंका गांधी का आज से शुरू हो रहा राजधानी लखनऊ का तीन दिवसीय दौरा सियासी नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रियंका पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करके प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार करेंगी।

प्रियंका पर ही टिकी है कांग्रेस की लड़ाई

फोटो- सोशल मीडिया

जानकार सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की पूरी लड़ाई प्रियंका के दम पर ही टिकी हुई है। प्रियंका गांधी सोशल मीडिया के जरिए लगातार योगी सरकार पर हमला बोलती रही हैं। प्रदेश की विभिन्न महत्वपूर्ण घटनाओं पर उन्होंने भाजपा और योगी सरकार को घेरा है और अब वे खुद सियासी मैदान में उतर कर भाजपा को जवाब देने की कोशिश में जुट गई हैं।

प्रियंका की यात्रा का मकसद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करना और कांग्रेस के विभिन्न मोर्चों को चुनावी तैयारियों के लिए सक्रिय बनाना है। यही कारण है कि प्रियंका के साथ कांग्रेस के विभिन्न मोर्चों की बैठक का कार्यक्रम रखा गया है।

इन बैठकों के दौरान प्रियंका फीडबैक लेने के साथ ही विधानसभा चुनाव जीतने के लिए गुरु मंत्र भी देंगी। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस दौरे के बाद भी आने वाले दिनों में प्रियंका की सक्रियता बनी रहेगी।

अखिलेश ने पार्टी कार्यकर्ताओं को किया सक्रिय

उधर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर दिया है। गुरुवार को सपा की ओर से पूरे प्रदेश में किए गए प्रदर्शन को इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है। अखिलेश यादव लगातार पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करते रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।

हाल में हुए पंचायत चुनाव को लेकर भी उन्होंने भाजपा और योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला था। अब पार्टी ने महंगाई, बेरोजगारी, सरकार की किसान विरोधी नीतियों और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि को चुनाव में बड़ा मुद्दा बनाने का फैसला किया है। अखिलेश के निर्देश पर पार्टी कार्यकर्ता इन मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार को घेरने की कोशिश में जुट गए हैं।

मायावती भी रणनीति बनाने में जुटीं

फोटो- सोशल मीडिया

बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी प्रदेश की योगी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। गुरुवार को उन्होंने आरोप लगाया कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के चुनाव में भाजपा की ओर से धनबल, बाहुबल व सत्ता का नंगा नाच किया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यूपी की मौजूदा सरकार की कार्यशैली भी पूर्वर्ती सपा सरकार की तरह ही है। उन्होंने कानून व्यवस्था की गिरती स्थिति और महिलाओं के साथ की जा रही अभद्रता की घटनाओं की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये घटनाएं लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली हैं।

हालांकि जमीनी स्तर पर बसपा की ओर से अभी कोई सक्रियता नहीं दिख रही है मगर माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मायावती पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सक्रिय बनाने की रणनीति पर काम कर रही हैं।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story