×

Ayodhya : दिवाली की तैयारियों का जायजा लेने राम की पैड़ी पहुंचे CM योगी, PM मोदी होंगे दीपोत्सव में शामिल

धर्मनगरी अयोध्या में इस बार भी दिवाली खास होने वाली है। एक बार फिर भव्य 'दीपोत्सव' की तैयारियां जोरों पर है। इसी क्रम में बुधवार को प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे।

aman
Written By amanReport NathBux Singh
Published on: 19 Oct 2022 12:30 PM GMT (Updated on: 19 Oct 2022 12:41 PM GMT)
ayodhya deepotsav 2022 cm yogi ayodhya visit before pm narendra modi reach diwali 2022
X

 अधिकारियों के साथ दिवाली की तैयारियों का जायजा लेते CM योगी

Ayodhya Deepotsav 2022 : उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी अयोध्या में इस बार भी दिवाली खास होने वाली है। एक बार फिर भव्य 'दीपोत्सव' (Deepotsav 2022) की तैयारियां जोरों पर है। इसी क्रम में बुधवार (19 अक्टूबर) को प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे। मुख्यमंत्री ने राम की पैड़ी पहुंच दिवाली की तैयारियों का जायजा लिया।

आपको बता दें, कि अयोध्या में भव्य 'दीपोत्सव' (Deepotsav 2022) के दौरान इस बार 17 लाख दिये जलाए जाएंगे। यह अपने आप में एक नया कीर्तिमान होगा। वहीं, एक बार फिर अयोध्या में 'त्रेता युग की अयोध्या' दिखाई देगी। इस बार दिवाली के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या आ रहे हैं। इस बार राम लला की आरती और पूजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करने वाले हैं।

सीएम ने किया निरीक्षण

छठे दीपोत्सव की तैयारी के संबंध में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या भ्रमण हुआ। मुख्यमंत्री राम कथा पार्क पर निर्मित हेलीपैड पर उतरने के बाद राम कथा पार्क का निरीक्षण किया तथा दीपोत्सव के लिए आवश्यक तैयारी करने एवं संत महात्माओं अन्य विशिष्ट महानुभावों के बैठने की व्यवस्था करने को कहा। मुख्यमंत्री ने श्री रामलला विराजमान मंदिर एवं मंदिर निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। वहां भी बेहतर व्यवस्था करने हेतु निर्देश दिये गये। मुख्यमंत्री द्वारा साकेत महाविद्यालय में बनाये जा रहे हेलीपैड का भी निरीक्षण किया गया तथा जल्द से जल्द आवश्यक सम्बंधी कार्यवाहियां पूरी करने के निर्देश दिये गये। मुख्यमंत्री जी द्वारा अगले चरण में राम की पैड़ी, सरयू आरती स्थल का भी निरीक्षण किया।


पर्यटन मंत्री सहित अन्य ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री को निरीक्षण के समय दीपोत्सव के तैयारी के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। हवाई पट्टी पर उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, सांसद लल्लू सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, डॉ. अमित सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, मेयर ऋषिकेश उपाध्याय, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष गण, पदाधिकारीगण आदि ने स्वागत किया।

सीएम की संतों से सहयोग की अपील

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के निर्धारित स्थानों का निरीक्षण किया तथा अयोध्या के संत-महात्माओं से सहयोग की अपील की। हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम, अपर पुलिस महानिदेशक बी.वी. शर्मा, मण्डलायुक्त नवदीप रिणवा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रशान्त वर्मा, नगर आयुक्त विशाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अनिता यादव, अपर जिलाधिकारी नगर सलिल कुमार पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी अयोध्या राजेश तिवारी, क्षेत्राधिकारी अधिसूचना दिनेश कुमार पाठक सहित अनेक शासन, प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ सरयू होटल में बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि छठे दीपोत्सव के लिए बेहतर व्यवस्था की जाए। उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार बनने के बाद 2017 से दीपोत्सव मनाने का कार्यक्रम शुरू हुआ था इस वर्ष पूरे जनपद में 18 लाख दीपक जलाये जायेंगे और राम की पैड़ी में 15 लाख दीपक जलाने का लक्ष्य निर्धारित है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी विभाग बेहतर समन्वय से कार्य करें और इसमें कोई कमी न रहने पाये तथा इसकी नियमित रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भी भेजी जाय। इस मेले में 8 विदेशी रामलीलाओं के अलावा 16 बड़े वाहनो ंपर पर्यटन और सूचना विभाग की झांकी भी तैयार की गयी है इसको भी बेहतर ढंग से प्रदर्शन करने हेतु निर्देश दिया गया


दिखेगी 'त्रेता युग की अयोध्या'

अयोध्या में इस बार भी 'त्रेता युग की अयोध्या' दिखाई देगी। कहने का मतलब है, जैसे भगवान प्रभु राम त्रेता युग में पुष्पक विमान से अयोध्या आए थे, ठीक उसी प्रकार एक बार फिर भगवान राम पुष्पक विमान से राम कथा पार्क (Ram Katha Park) पहुंचेंगे। इसी पार्क में पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) उनका राज्याभिषेक करेंगे। दीपोत्सव 2022 को भव्य बनाने के लिए हो रही तैयारियों का जायजा लेने आज सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचे हैं।

पीएम मोदी राम लला मंदिर में जलाएंगे दीप

सीएम योगी आज अयोध्या में आला अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। साथ ही उन्हें आवश्यक निर्देश भी देंगे। क्योंकि, इस बार भगवान राम लला की आरती और पूजन पीएम नरेंद्र मोदी तथा यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ करने वाले हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले राम लला का पूजन करेंगे। इसके बाद भगवान राम लला की आरती उतारेंगे। लेकिन, सबसे अहम होगा इस बार का दीपोत्सव। पीएम मोदी अपने हाथों से भगवान राम लला के मंदिर में पहला दीया जलाएंगे। इसी दीप प्रज्ज्वलन के साथ दीपोत्सव 2022 का आगाज होगा। इसके बाद राम की पैड़ी पर एक बार फिर रिकॉर्ड दिये जलाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा।

दीपोत्सव 2022 में क्या है खास?

दिवाली के मौके पर इस बार दीपोत्सव को भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। यही वजह है कि इस बार 17 लाख दीपक अयोध्या में जलाए जाएंगे। 11,100 गोबर से बने दीपक रामलला परिसर में जलाए जाएंगे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story