×

दीपोत्सव कार्यक्रम: जगमग होगी अयोध्या, हेलीकाप्टर से होगी पुष्प वर्षा

raghvendra
Published on: 29 Aug 2023 12:58 PM GMT
दीपोत्सव कार्यक्रम: जगमग होगी अयोध्या, हेलीकाप्टर से होगी पुष्प वर्षा
X

नाथ बख्श सिंह

अयोध्या: तीन साल पहले शुरू हुए अयोध्या के दीपोत्सव कार्यक्रम की छटा इस बार भी अनोखी रहेगी। दीपोत्सव कार्यक्रम शुरू होने पर राम की पैड़ी पर सरयू कल-कल करती दिखेंगी। ये नजारा हरिद्वार की हर की पैड़ी सरीखा नजर आएगा। इसके लिए युद्ध स्तर पर रात-दिन काम चल रहा है। इस मौके पर भगवान राम, माता सीता व अनुज लक्ष्मण के स्वरूप को लेकर पुष्पक विमान अयोध्या में उतरेगा। वहीं हेलीकाप्टर से पूरे अयोध्या में पुष्प वर्षा होगी। ये अद्भुत दृश्य होगा। इसी के साथ दीपोत्सव कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत होगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। इस दीपोत्सव में विदेशी मेहमानों के साथ ही देश के हर प्रांत के पर्यटन मंत्री को आमंत्रित किया गया है।

इस खबर को भी देखें: मौत के बाद भी गायों को चारा खिला रहे थे अफसर

पिछले वर्ष के दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या घोषित कर दिया था। इस बार के दीपोत्सव कार्यक्रम के बहाने अयोध्या के विकास के लिए तमाम योजनाओं को शुरू किया गया है। इसके तहत अयोध्या को एक आकर्षक पर्यटक केंद्र बनाने की योजना है। देश-विदेश के पर्यटकों की सुविधा के लिए अयोध्या में एयरपोर्ट बनाए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है और 5.30 अरब रुपए की मंजूरी भी मिल गई है। एयरपोर्ट के लिए जमीन खरीदने का काम शुरू हो चुका है। दीपोत्सव कार्यक्रम को प्रदेश सरकार ने महत्व प्रदान करते हुए इसे प्रांतीय मेला की श्रेणी में रख लिया है। मेले के लिए टेंट व्यवस्था, ध्वनि विस्तारण, वीडियोग्राफी, थल व जल बैरिकेडिंग, जाल व्यवस्था, मोटर चलित नाव, गोताखोर, विद्युत व्यवस्था, सजावट और लाइटिंग, सरयू पुल पूरब से हनुमान गुफा तक कच्चा घाट निर्माण आदि तमाम काम किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार ने इस आयोजन के लिए 6 करोड़ का बजट निर्धारित कर दिया है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी लोग व विभिन्न संस्थाएं भी खर्च वहन कर रहे हैं।

तीन लाख दीपों से बनेगा विश्व रिकॉर्ड

दीपोत्सव कार्यक्रम के दौरान सरयू तट राम की पैड़ी पर 3 लाख 21 दीप जलाकर विश्वरिकॉर्ड बनाए जाने की योजना है जबकि अन्य 14 चुनिंदा स्थानों को मिलाकर 6 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। छह लाख दीप बनाने का काम अयोध्या, बस्ती, अंबेडकरनगर सहित कई जिलोंंं के कुम्हारों को सौंपा गया है। इस कार्यक्रम में 25,000 लीटर तेल की खपत की जाएगी। अब तक 3 लाख दीप बनकर तैयार हो चुके हैं। दीया जलाने के लिए 6 लाख बाती का इंतजाम किया जा रहा है। दीप जलाने का काम डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को सौंपा गया है जिसकी देखभाल कुलपति करेंगे।

कई देशों की रामलीला का मंचन

26 अक्टूबर को ही रामकथा पार्क व अयोध्या में विभिन्न स्थलों पर 10 लघु मंचों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जाएगी। रामकथा पार्क में नेपाल, श्रीलंका, इंडोनिशिया तथा फिलीपींस की रामलीला का मंचन होगा। भरतकुंड अयोध्या में भजन, लोकगायन, नृत्य नाटिका भरत चरित्र तथा रामलीला, आईटीआई में भजन, लोकगायन, धोबिया लोकनृत्य तथा रामलीला, साकेत पीजी कालेज में भजन, लोकगायन, बिरहा तथा रामलीला। बिड़ला धर्मशाला में भजन, लोकगायन, भोजपुरी तथा रामलीला। दशरथ महल में भजन, सुगम संगीत, लोकनृत्य तथा रामलीला। कनक भवन में भजन, लोकगीत, लोकनृत्य तथा रामलीला। तुलसी उद्यान में भजन, लोकगीत, लोकनृत्य तथा रामलीला, हनुमान बाग में भजन, लोकगायन, फरुवाही लोकनृत्य तथा रामलीला। झुनकी घाट में भजन, लोकगायन, पाई डंडा लोकनृत्य, उत्तराखंड की नन्दाराजजात नृत्य नाटिका, रामलीला। भजन स्थल में भजन, लोकनृत्य, राम राज्याभिषेक नृत्य, नाटिका, जादू तथा रामलीला विधा के कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।

इस खबर को भी देखें: नोटिस जारी: भाजपा प्रमुख को ऐसा करना पड़ा भारी, चुनाव आयोग ने लगा दी क्लास

झांकियों की थीम

दीपोत्सव के अवसर पर 11 सचल प्रदर्शनी/3डी झाकियां साकेत महाविद्यालय से प्रात: 10.00 बजे रामकथा पार्क के लिए प्रस्थान करेंगी। इन झांकियों की थीम ये रहेगी-रावण अत्याचार/पुत्रेष्ठि यज्ञ एवं सबको सुरक्षा भयमुक्त समाज, रामजन्म के बधावा गीत और बाल लीला एवं बच्चों की शिक्षा का अधिकार, केवट प्रसंग एवं किसान ऋण माफी, पंचवटी एवं वन पर्यावरण, अहिल्या उद्धार एवं महिला सशक्तीकरण, सीताहरण एवं एंटी रोमियो, ताडक़ा वध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान, रामेश्वरम् सेतु एवं उत्तर प्रदेश में पुलों का निर्माण, राम वनवास, सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वास, राम-रावण युद्ध एवं अपराधियों व भू-माफिया के विरुद्ध अभियान तथा राम दरबार एवं कानून-व्यवस्था एवं जरूरतमंदों के साथ सरकार।

रंगारंग कार्यक्रम

मुख्य कार्यक्रम राम कथा पार्क व राम पैड़ी पर आयोजित होगा। राम कथा पार्क में तीन मंच बनेंगे। ये मुख्यमंत्री का विशेष कार्यक्रम स्थल होगा। एक मंच पर राम राज्याभिषेक का मंचन होगा। दूसरे मंच पर मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों व मुख्य अतिथियों के साथ रहेंगे। तीसरे मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

  • 10 से अधिक प्रमुख स्थानों व मंदिरों में एक दिन पूर्व से ही सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
  • राम पैड़ी के आसपास सारेे मंदिर व मठ एक ही रंग में दिखाई पड़ेंगे।
  • भरतकुंड,दशरथ महल, गुप्तार घाट, कनक भवन, तुलसी उद्यान, साकेत डिग्री कॉलेज, डोगरा मंदिर, दशरथ जी समाधिस्थल सहित अन्य स्थानों पर दीपोत्सव के इवेंट होंगे। दीपोत्सव से पूर्व राम कथा संग्रहालय में पेंटिंग कंपटीशन का आयोजन किया जाएगा।
  • बनारस से लैंप स्टैंड तथा राम व हनुमान की थ्री डी प्रतिमा मंगवाई गई है।
  • कार्यक्रम के दौरान सरयू नदी के उस पार गोंडा जिले के तट पर बड़े पैमाने पर आतिशबाजी भी की जाएगी।
  • सरयू तट के लक्ष्मण घाट, वैदेही घाट, श्री राम घाट, दशरथ घाट, भरत घाट, शत्रुघ्न घाट, नागेश्वर घाट, श्रुति कीर्ति घाट, कैकेई घाट, कौशल्या घाट, सुमित्रा घाट, उर्मिला घाट पर दीप जलाने की जिम्मेदारी संस्थाओं को सौंप दी गई है।

दीपोत्सव कार्यक्रम को सफल व शानदार बनाने के लिए प्रमुख सचिव पर्यटन जितेंद्र प्रसाद ने 21 सितंबर को अयोध्या का दौरा कर अधिकारियोंं के साथ स्थलीय निरीक्षण व समीक्षा बैठक की थी। 15 अक्टूबर को मुख्य सचिव आर.के. तिवारी और अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने अयोध्या आकर तैयारियों का जायजा लिया था। इन्होंने अयोध्या के संतों-महंतों के साथ बैठकर दीपोत्सव कार्यक्रम को सफल बनाने पर चर्चा की थी।

raghvendra

raghvendra

राघवेंद्र प्रसाद मिश्र जो पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद एक छोटे से संस्थान से अपने कॅरियर की शुरुआत की और बाद में रायपुर से प्रकाशित दैनिक हरिभूमि व भाष्कर जैसे अखबारों में काम करने का मौका मिला। राघवेंद्र को रिपोर्टिंग व एडिटिंग का 10 साल का अनुभव है। इस दौरान इनकी कई स्टोरी व लेख छोटे बड़े अखबार व पोर्टलों में छपी, जिसकी काफी चर्चा भी हुई।

Next Story