TRENDING TAGS :
Ram Mandir Inauguration: सोनिया गांधी, खड़गे और अधीर रंजन चौधरी को राम मंदिर ट्रस्ट ने किया आमंत्रित
Ram Mandir Inauguration: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से देश के गणमान्य नागरिकों को न्योते भेजे जा रहे हैं। देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेताओं को आमंत्रित किया गया है।
Ram Mandir Inauguration (photo: social media )
Ram Mandir Inauguration: अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। मंदिर निर्माण कार्य भी आखिरी चरण में है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से देश के गणमान्य नागरिकों को न्योते भेजे जा रहे हैं। इसी कड़ी में देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, राम मंदिर ट्रस्ट ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी को निमंत्रण भेजा है।
कांग्रेस के इन वरिष्ठ नेताओं को व्यक्तिगत रूप से निमंत्रण भेजा गया है लेकिन इनके समारोह में शामिल होने की संभावना ना के बराबर है। दरअसल, कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टियां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर अगले आम चुनाव को ध्यान में रखते हुए राम मंदिर उद्घाटन समारोह का राजनीतिकरण करने का आरोप लगा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने को लेकर विपक्ष लगातार सवाल खड़े कर रहा है।
पूर्व प्रधानमंत्रियों को भेजा गया आमंत्रण
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से इससे पहले देश के दो पूर्व प्रधानमंत्रियों एचडी देवेगौड़ा और डॉ. मनमोहन सिंह को आमंत्रण भेजा गया है। समारोह में शामिल के लिए अन्य प्रमुख विपक्षी नेताओं को भी आमंत्रित किया जा सकता है। ट्रस्ट की ओर से कई बड़े उद्योगपतियों, फिल्म कलाकारों, खिलाड़ियों और वैज्ञानिकों को ये निमंत्रण भेजा जा चुका है। समारोह में भाग लेने के लिए विभिन्न संप्रदायों के लगभग 4 हजार संतों को भी आमंत्रित किया गया है।
बता दें कि इससे पहले मंगलवार को राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा और देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी को ट्रस्ट की ओर से आमंत्रित किया गया। विश्व हिंदू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार और राम मंदिर ट्रस्ट के अन्य लोग दिल्ली स्थित दोनों वरिष्ठ भाजपा नेताओं के आवास पर जाकर उन्हें निमंत्रण कार्ड सौंपा और 22 जनवरी को कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। दरअसल, इससे पहले ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने दोनों वरिष्ठ नेताओं से समारोह में शामिल न होने की अपील की थी, जिसको लेकर विवाद हो गया था।