×

Ayodhya: राम जन्मभूमि परिसर के पास पुलिस ने संदिग्ध को दबोचा, हेलमेट में लगे कैमरे से कर रहा था रिकॉर्डिंग

Ayodhya News: पुलिसिया पूछताछ में संदिग्ध ने बताया वह छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। इसका नाम भानु पटेल है। युवक के पास से छत्तीसगढ़ नंबर की गाड़ी मिली है।

aman
Report aman
Published on: 19 Dec 2023 12:53 PM GMT (Updated on: 19 Dec 2023 4:16 PM GMT)
Ayodhya Ram Mandir
X

राम जन्मभूमि परिसर (Social Media)

Ayodhya News: अयोध्या में राम जन्मभूमि परिसर के करीब मंगलवार (19 दिसंबर) को एक संदिग्ध शख्स पकड़ा गया है। गिरफ्तार व्यक्ति बाइक से हेलमेट में कैमरा लगाकर रिकॉर्डिंग कर रहा था। सुरक्षा बलों ने मौके पर ही संदिग्ध को अरेस्ट किया। पूछताछ में बताया ये छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। इसका नाम भानु पटेल है। युवक के पास से छत्तीसगढ़ नंबर की गाड़ी मिली है। खुफिया एजेंसी संदिग्ध युवक से थाना राम जन्मभूमि में पूछताछ कर रही है। संदिग्ध राम जन्मभूमि के गेट नंबर- 10 के पास पकड़ा गया।

गौरतलब है कि, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां जोर-शोर चल रही है। 7 हजार विशेष मेहमान और 4 हजार संतों की मौजूदगी में पौष शुक्ल पक्ष द्वादशी अर्थात 22 जनवरी, 2024 को रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा होगी। इस मौके पर दुनियाभर के 50 देशों तथा सभी राज्यों से करीब 20 हजार अतिथि भी अयोध्या में मौजूद रहेंगे। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए 20 दिसंबर से अक्षत वितरण अभियान शुरू होगा।

निजी कंपनी के लिए कर रहा था सर्वे

संदिग्ध युवक भानु पटेल के बारे में बताया जा रहा है यह प्राइवेट संस्था के लिए सर्वे कर रहा था। बताया जा रहा है कि, युवक बिना परमिशन के येलो जोन में सर्वे कर रहा था। इसलिए अयोध्या पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि, सर्वे कंपनी से पुष्टि हुई है। सर्वे के पहले जिला प्रशासन को आवेदन दिया गया था। लेकिन, बिना अनुमति लिए ही सर्वे शुरू किया गया था।

देश-दुनिया से पहुंच रही बड़ी शख्सियत

अयोध्या का राम मंदिर इन दिनों सुर्ख़ियों में है। यहां देश-दुनिया से कई गणमान्य लोग आने वाले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ समेत हाई प्रोफाइल शख्सियत 22 जनवरी को यहां मौजूद रहेंगे। सुरक्षा नजरिए से अयोध्या बेहद अहम है। कई सुरक्षा एजेंसियां कोणे-कोणे पर नजर बनाए हुए है। इस बीच एक संदिग्ध का पकड़ा जाना बेहद खास है।

विहिप ने तैयार किया आमंत्रण गीत

आपको बता दें, न्योते के लिए विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने आमंत्रण गीत भी तैयार किया है, 'रघुवरजी के अवधपुरी में प्राण प्रतिष्ठा होना है। निमंत्रण को स्वीकार करो, अब सबको अयोध्या चलना है'।...जय बजरंगी, जय हनुमान। वंदे मातरम, जय श्रीराम। श्रीराम जय राम जय जय राम'। इस गीत में राम मंदिर के लिए दिए गए बलिदान तथा संघर्ष की बातें भी कही गईं हैं। वीएचपी कार्यकर्ता 'अक्षत वितरण' के साथ लोगों को रामलला के दर्शन का न्योता भी देंगे। मगर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 25 जनवरी, 2024 के बाद लोगों को अयोध्या आने की सलाह दी है। इससे पहले 7 किलो चांदी और एक किलो सोने से बनी प्रभु की चरण पादुकाएं 19 जनवरी, 2024 को अयोध्या पहुंच जाएगी।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story