Ayodhya News: कमरे में संदिग्धावस्था में मिला ADM का शव, मौत की वजह स्पष्ट नहीं

Ayodhya News: कोतवाली नगर के सुरसरि कॉलोनी सिविल लाइन में कमरे में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर सुरजीत सिंह का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला।

Shishumanjali kharwar
Published on: 24 Oct 2024 7:21 AM GMT (Updated on: 24 Oct 2024 8:43 AM GMT)
Ayodhya News
X

अयोध्या मेंएडीएम लॉ एंड ऑर्डर सुरजीत सिंह का शव मिला (न्यूजट्रैक)

Ayodhya News: जिले के कोतवाली नगर के सुरसरि कॉलोनी सिविल लाइन में गुरूवार को उस समय सनसनी फैल गयी। जब कॉलोनी में कमरे में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर सुरजीत सिंह का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होते हुए इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के साथ पहुंची फॉरेसिंक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किये है। हालांकि अभी तक मौत के कारणों की सही वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं मंडलायुक्त, डीएम और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गये हैं।

मिली जानकारी के अनुसार एडीएम लॉ एंड ऑर्डर सुरजीत सिंह मूल रूप से कानपुर जनपद के रहने वाले थे। अयोध्या में वह सुरसरि कॉलोनी सिविल लाइन में सरकारी आवास पर रह रहे थे। गुरूवार सुबह रोजाना की तरह जब आवास पर काम करने वाली नौकरानी पहुंची तो बेडरूम में सुरजीत सिंह का शव देख उसकी चीख निकल पड़ी। उसने बाहर आकर शोर मचाना शुरू कर दिया।

नौकरानी के चीखने की आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाले लोग एडीएम के आवास पर पहुंच गये। जहां बेडरूम में बिस्तर के नीचे एडीएम सुरजीत सिंह का शव पड़ा हुआ था। संदिग्ध परिस्थितियों में सुरजीत सिंह की मौत की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि एडीएम सुरजीत सिंह पहले से ही शुगर और ब्लड प्रेशर के मरीज थे।

मौत से पहले ब्लड प्रेशर हाई होने के बाद ब्रेन हेमरेज होने की संभावना जतायी जा रही है। हालांकि इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर छानबीन कर रही है। वहीं पुलिस ने एडीएम के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह का पता चल सकेगा।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story