×

Ram Mandir: उत्तराखंड सीएम ने अपनी कैबिनेट के साथ रामलला के किए दर्शन, बोले – फिर से राम युग का हुआ आरंभ

Ram Mandir: 20 फरवरी को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरी कैबिनेट के साथ अयोध्या पहुंचे और राम मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की।

Krishna Chaudhary
Published on: 20 Feb 2024 9:13 AM GMT
Pushkar Singh Dhami
X

CM Pushkar Singh Dhami  (photo: social media )

Ram Mandir: अयोध्या में नवनिर्मित भव्य राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है। हर दिन लाखों की संख्या में लोग देश-दुनिया से रामनगरी पहुंच रहे हैं। आम लोगों के साथ-साथ सियासतदां भी इस चुनावी साल में रामलला के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। इसी कड़ी में आज यानी मंगलवार 20 फरवरी को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरी कैबिनेट के साथ अयोध्या पहुंचे और राम मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय भी मौजूद रहे।

इससे पहले अयोध्या एयरपोर्ट पर सीएम धामी और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों का भव्य स्वागत किया गया। भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और अयोध्या महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने उनकी आगवानी की। सांस्कृतिक दल की ओर से उनके लिए कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। हवाई अड्डे पर उत्तराखंड सीएम को यूपी पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

टेंट से भव्य महल में विराजमान हुए रामलला

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भगवान रामलला के दर्शन के बाद कहा कि जब वह लखनऊ विश्वविद्यालय में पढ़ाई करते थे तब कई बार अयोध्या आए। उस समय यहां पर भगवान रामलला को टेंट में विराजे देखकर भावकुता होती थी लेकिन आज गर्व हो रहा है। रामलला आज टेंट से भव्य महल में विराजमान हो चुके हैं। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस कालखंड में फिर से रामयुग का आरंभ हुआ है।

अयोध्या में बनेगा उत्तराखंड भवन

सीएम धामी ने कहा कि अयोध्या और उत्तराखंड का बहुत गहरा संबंध है। आने वाले समय में बड़ी संख्या में उत्तराखंड से श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन करने यहां आएंगे। ऐसे में उनकी सहूलियत के लिए यहां उत्तराखंड भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए यूपी सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। बता दें कि इससे पहले बीजेपी शासित अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू भी पिछले दिनों अपने अयोध्या प्रवास के दौरान यहां अरूणाचल भवन बनाने की बात कह चुके हैं।

दो फरवरी को ही आने वाले थे धामी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बीते दो फरवरी को ही अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ रामनगरी आने वाले थे। लेकिन उस दौरान भारी भीड़ होने के कारण अयोध्या प्रशासन के अनुरोध पर उन्होंने अपना कार्यकाल टाल दिया था। त्रिपुरा और हरियाणा के भाजपाई मुख्यमंत्री भी अत्यधिक भीड़ की वजह से कार्यक्रम टाल चुके हैं।

बता दें कि पिछले दिनों समाजवादी पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को छोड़कर सभी ने अयोध्या आकर रामलला के दर्शन किए थे। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी अपने परिवार संग दर्शन करने आ चुके हैं। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी अपनी पत्नी के साथ पहुंचे थे। आने वाले दिनों में बाकी भाजपा – एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी आने की संभावना है।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story