×

Ayodhya: योगी सरकार पर गरजे कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, बोले- पूरा UP अपराध की आग में झुलस रहा

Ayodhya News: कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने आईआईटी बीएचयू की घटना और विनोद उपाध्याय के एनकाउंटर पर सवाल खड़े किए। कई अन्य मुद्दों पर भी योगी सरकार को घेरा।

NathBux Singh
Published on: 9 Jan 2024 2:07 PM GMT
Ayodhya News
X

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद (Social Media)

Ayodhya News: अयोध्या लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी तथा कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद मंगलवार (09 जनवरी) को कांग्रेस कार्यालय कमला नेहरू भवन पहुंचे। यहां उन्होंने उत्तर प्रदेश में बढ़ती अपराध को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कांग्रेस नेता ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

मीडिया से बातचीत में लोकसभा क्षेत्र प्रभारी तथा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने कहा, 'आज पूरा प्रदेश अपराध की आग में जल रहा है। अपराधी बेखौफ प्रतिदिन अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। वर्ष 2023 एनसीआरबी रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश महिलाओं के प्रति अपराधों के मामलों में पहले स्थान पर है। इसी रिपोर्ट के अनुसार पूरे भारत में होने वालों अपराधों में 15 प्रतिशत अपराध उत्तर प्रदेश में होते हैं।'

IIT BHU की छात्रा के साथ दुर्व्यवहार का उठाया मुद्दा

कांग्रेस नेता आलोक प्रसाद ने अपराधों पर बात करते हुए कहा, 'इसकी सिर्फ दो बानगी देखिए- एक, प्रधानमंत्री जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जहां दिनांक 02 नवम्बर, 2023 को आईआईटी बीएचयू की छात्रा का तीन लड़कों ने जबरन गन प्वाइंट पर उसकी नग्न अवस्था में वीडियो बनाया और दुष्कर्म किया। वहीं, 03 नवम्बर को ही कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बता दिया था कि इस घटना में भाजपा के लोगों का हाथ है। इस पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। इसके बाद, 05 नवम्बर को सीसीटीवी फुटेज से लड़कों की पहचान कर ली गई। 08 नवम्बर को पीड़िता द्वारा भी उनकी पहचान कर ली गई। आरोपियों की पुष्टि होने के पश्चात भाजपा द्वारा उन्हें मध्य प्रदेश के चुनाव प्रचार में भेज दिया गया।'

आरोपियों की गिरफ़्तारी में क्यों लगे दो महीने?

उन्होंने कहा, ऐसे में सवाल यह उठता है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद भी उन्हें गिरफ्तार करने में दो महीने क्यों लगे? क्या 5 राज्यों में चुनाव के कारण भाजपा आरोपियों को बचा रही थी? अगर छात्रों और कांग्रेस अध्यक्ष का इतना दबाव न होता तो शायद आरोपित पकड़े भी नहीं जाते।' कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा, ये संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। दुर्भाग्य यह है कि ये घटना भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की है।

विनोद उपाध्याय के एनकाउंटर पर भी सवाल

आलोक प्रसाद ने कहा, 'दूसरी घटना प्रदेश के मुख्यमंत्री जी के क्षेत्र गोरखपुर की है। यहां विनोद उपाध्याय को सुल्तानपुर में पुलिस द्वारा कथित मुठभेड़ में मार दिया गया। ये बात आईने की तरह साफ है कि गोरखपुर के रहने वाले विनोद उपाध्याय, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पुराने विरोधी रहे हैं। योगी जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद विनोद उपाध्याय पर शिकंजा बढ़ता गया। कमशः उन पर इनामी राशि भी बढ़ती गई। ये राशि मामले को गंभीर दिखाने के लिए बढ़ाई गई थी। कांग्रेस नेता ने कहा, यह मुठभेड़ व्यक्तिगत कुंठा और राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित है। योगी सरकार का एक जाति विशेष विरोधी चेहरे को उजागर करती है। कांग्रेस पार्टी इस घटना की न्यायिक जांच की मांग करती है।

ये भी रहे मौजूद

पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से पूर्व सांसद डॉ निर्मल खत्री (Dr Nirmal Khatri), प्रदेश महासचिव मनोज कुमार गौतम, प्रदेश सचिव सच्चिदानंद पांडे, जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव, महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, रामदास वर्मा, जिला प्रवक्ता सुनील कृष्णा गौतम, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रामसागर रावत रामकरण कोरी, बालवीर कोरी, प्रवीण श्रीवास्तव, करण त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।

इससे पूर्व पहली बार अयोध्या आए प्रदेश पदाधिकारी का अनुसूचित जाति जनजाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रावत के नेतृत्व में स्वागत किया गया।कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष का शहर की सीमा पर स्वागत करने वालों में राजेन्द्र प्रसाद रावत, मनोज रावत, विजय रावत,सहिदे आलम, बृजेश रावत, राजू प्रधान, रिंकू रावत, अविनाश चौरसिया, अरविंद रावत,दिनय रावत ,राधेश्याम प्रमुख रहे। प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ आए प्रदेश महासचिव मनोज गौतम और प्रदेश सचिव सच्चिदानंद पांडेय का भी स्वागत हुआ।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story