TRENDING TAGS :
अयोध्यावासियों के खिलाफ बयानबाजी पर फूटा पूर्व राज्यमंत्री पवन पांडेय का गुस्सा, बोले- भगवान राम किसी को न्योता नहीं दे रहे
Ayodhya News: नाराज सपा नेता व पूर्व राज्यमंत्री पवन पांडेय का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने बयान जारी कर जिले के मतदाताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों को आड़े हाथों लिया है।
सपा नेता व पूर्व राज्यमंत्री पवन पांडेय| Source- Social Media
Ayodhya News: लोकसभा चुनाव में फैज़ाबाद सीट से भाजपा की करारी हार के बाद सोशल मीडिया पर अयोध्यावासियों के खिलाफ कई नकारात्मक टिप्पणियां की जा रही हैं। इसको लेकर सपा नेता व पूर्व राज्यमंत्री पवन पांडेय का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने बयान जारी कर जिले के मतदाताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्यावासियों ने भाजपा को हरा दिया, यह बहुत अच्छा काम किया।
भगवान राम किसी को नहीं दे रहे न्योता
सोशल मीडिया पर लगातार चल रही अभद्र टिप्पणियों से भड़के नेता पवन पांडेय ने कहा कि अयोध्या जाना प्रसाद न ले जाना, अयोध्या जाना पानी न पीना, अयोध्या में खाना न खाना ऐसे बयान दिए जा रहे हैं। अयोध्यावासी किसी को न्योता नहीं दे रहे हैं और न ही भगवान राम किसी को न्योता दे रहे हैं और कार्ड बाँट रहे हैं, जिसको आना होगा वह सौ बार रामलला का दर्शन करने अयोध्या आएगा। यहाँ के लोगों ने भाजपा को हरा दिया यह बहुत अच्छा काम किया है। आगे उन्होंने कहा कि अयोध्या ठगी गई है, अयोध्या लूटी गई है। जो लोग फेसबुक पर अनाप-शनाप लिख रहे हैं अभी उनका घर टूटा होता तो पूरा खानदान रो रहा होता।
सोशल मीडिया पर नफरत फैला रही भाजपा
अपने बयान में पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा सोशल मीडिया पर नफरत फैला रही है। राम की धरती पर राम की प्रजा के खिलाफ अनर्गल प्रलाप हो रहा है। यह सब भाजपा के लोग कर रहे हैं। ये लोग वोट मांगेंगे राम के नाम पर और फिर राम की प्रजा को ही अपशब्द कहेंगे। जो अयोध्या की प्रजा का अपमान कर रहा है, वह सीधे तौर पर भगवान श्री राम का अपमान कर रहा है। उनको न अयोध्या की धरती कभी माफ़ करेगी, न ही प्रभु श्री राम कभी माफ़ करेंगे। 2027 में भगवान राम उनका सूपड़ा साफ़ कर देंगे और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।