×

'INDIA गठबंधन तय करेगा यूपी में किसे मिलेंगी कितनी सीटें', 2024 सीट शेयरिंग पर बोले सपा नेता राम अचल राजभर

Ayodhya News: राम अचल राजभर ने कहा, 'ये गठबंधन तय करेगा कि प्रदेश में कितनी सीटें किसे मिलनी हैं। जो सीटें सपा को मिलेगी, वहां हम पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। 'इंडिया' का परचम दिल्ली में लहराएंगे।'

aman
Report aman
Published on: 20 Dec 2023 11:39 AM GMT (Updated on: 20 Dec 2023 12:06 PM GMT)
UP Politics
X

राम अचल राजभर (Social Media)

UP Politics: समाजवादी पार्टी नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री राम अचल राजभर (Ram Achal Rajbhar) व लालजी वर्मा बुधवार (20 दिसंबर) को अयोध्या पहुंचे। यहां मीडिया से बात करते हुए दोनों नेताओं ने 2024 लोकसभा चुनाव सहित अन्य संबंधित मुद्दों पर बयान दिया। सपा नेताओं ने संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान बड़ी संख्या में सांसदों के निलंबन को बीजेपी की तानाशाही बताया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री लाल जी वर्मा ने कहा, 'देश में लोकतंत्र बचाना है। संविधान बचाना है। ऐसी स्थिति में भाजपा को उत्तर प्रदेश से पूरी तरह से यानी सभी 80 सीटों पर हराने का काम करना है। इसी लक्ष्य के साथ समाजवादी पार्टी आगे बढ़ रही है।'

राम अचल- जनता को बताएंगे बीजेपी की जनविरोधी नीतियां

उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री राम अचल राजभर ने कहा, 'प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। पार्टी ने 2024 चुनाव जीतने के लिए कमर कस ली है। उन्होंने कहा, हमारी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आम जनता के बीच जाकर बीजेपी की जनविरोधी नीतियों को बताएंगे।'

महंगाई-भ्रष्टाचार-कानून व्यवस्था का उठाएंगे मुद्दा

सपा नेता राम अचल राजभर ने आगे कहा, 'आगामी चुनाव हम महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और भाजपा की तानाशाही जैसे मुद्दों पर लड़ेंगे। उन्होंने एक बार फिर दोहराया प्रदेश की सभी 80 सीटों पर बीजेपी को कड़ी टक्कर देने और परास्त करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा, हमारे सभी कार्यकर्ता चुनाव में जाने को तैयार हैं।'

सीटें INDIA गठबंधन तय करेगा

वहीं, इंडिया गठबंधन से जुड़े पूछे गए सवाल के जवाब में राम अचल राजभर ने कहा, 'ये गठबंधन तय करेगा कि प्रदेश में कितनी सीटें किसे मिलनी हैं। जो सीटें सपा को मिलेगी, वहां हम पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। 'इंडिया' का परचम दिल्ली में लहराएंगे।'

सांसदों के निलंबन पर ये बोले सपा नेता

सांसदों के निलंबन पर राम अचल राजभर ने कहा, 'विपक्षी सांसद सदन के भीतर जनहित के मुद्दे पर, किसान के मुद्दे पर, कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अगर सवाल उठाते हैं तो उनका मुंह बंद करने का काम किया जा रहा है। यह लोकतंत्र की हत्या है। प्रजातंत्र की हत्या है।' बता दें, अयोध्या सर्किट हाउस में दोनों नेताओं से सपा नेता जयशंकर पांडे ने मुलाकात की।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story