Ayodhya News: मुईद है गलती हो जाती है?’, मुलायम का बयान याद कर भाजपा नेता ने अखिलेश पर साधा निशाना, शहर में लगाईं होर्डिंग्स

Ayodhya News: अयोध्या में नाबालिग से गैंगरेप के मामले में सियासत तेज हो गई है। रेप केस के आरोपी मोईद खान को बचाने में भाजपा ने सपा को घेर लिया है। रेप के आरोपियों के डीएनए टेस्ट वाले अखिलेश के बयान पर भाजपा हमलावर है।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 4 Aug 2024 5:41 PM GMT
Ayodhya News
X

Ayodhya News

Ayodhya News: यूपी के अयोध्या में नाबालिग से गैंगरेप के मामले में सियासत गरमाने लगी है। भाजपा ने रेप केस के आरोपी मोईद खान को बचाने में समाजवादी पार्टी को घेर लिया है। रेप के आरोपियों के डीएनए टेस्ट वाले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर अब एक भाजपा नेता ने मुलायम सिंह का बयान याद दिलाते हुए एक होर्डिंग लगाई है। ये होर्डिंग भाजपा कार्यालय के बाहर तथा शहर के अन्य जगहों पर लगाई गई है।सपा पर हमलावर हुए भाजपा नेता ने होर्डिंग में लिखा है लड़के हैं गलती हो जाती है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव डीएनए टेस्ट की बात कर क्या साबित करना चाहते हैं? मुईद है गलती हो जाती है? बता दें कि एक दिन पहले ही अखिलेश यादव ने सपा नेता को बचाते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपियों की डीएनए टेस्ट कराने की बात कही थी। अखिलेश की इस मांग के बाद अब पक्ष और विपक्ष आमने सामने आ गए हैं।

मायावती ने अखिलेश से किया सवाल

वहीं बसपा प्रमुख मायावती ने भी अखिलेश यादव को उनके बयान पर घेर लिया। मायावती ने अखिलेश यादव के बयान पर सवाल किया, सपा शासन में ऐसे मामलों में कितने आरोपियों का डीएनए परीक्षण किया गया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया था कि अखिलेश ने सपा से जुड़े आरोपी मोइद खान को क्लीन चिट दे दी है। अखिलेश ने ’एक्स’ पर कहा था, कुकृत्य के मामले में जिन पर भी आरोप लगे हैं, उनका डीएनए टेस्ट कराकर इंसाफ का रास्ता निकाला जाए, न कि केवल आरोप लगाकर सियासत की जाए। जो भी दोषी हो, उसे कानून के हिसाब से पूरी सजा दी जाए, लेकिन अगर डीएनए टेस्ट के बाद आरोप झूठे साबित हों, तो सरकार के संलिप्त अधिकारियों को भी न बख्शा जाए। यही न्याय की मांग है। अन्य सपा नेताओं ने भी मामले में नार्को परीक्षण की मांग की। भाजपा ने इस पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि सपा अपनी “लड़कों से गलती हो जाती है“ वाली मानसिकता दिखा रही है।

गुमराह न करें अखिलेशः डिप्टी सीएम केशव

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस के मोहरा अखिलेश यादव इस मामले में न्यायालय की बात कर गुमराह न करें। उन्होंने एक्स पर कहा, कांग्रेस के मोहरा अखिलेश यादव निषाद समाज की पीड़ित बेटी के मामले में (सपा के नारे) पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को भूलकर न्यायालय की बात कर गुमराह न करें। आपको वोट बैंक के नाराज होने की चिंता है। प्रदेशवासियों को दोषी को दंड, पीड़िता को न्याय दिलाने की अपेक्षा है। सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।

क्या है पूरा मामला

अयोध्या के पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भदरसा नगर की रहने वाली एक नाबालिग के साथ कुछ लोगों ने गैंगरेप किया था। इस घटना में आरोपी बेकरी चलाने वाले मोईद खान और उसके कर्मचारी राजू खान को 12 साल की बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में 30 जुलाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि मोईद और राजू ने दो महीने पहले नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था और इस कृत्य को रिकॉर्ड भी किया था। घटना का खुलासा तब हुआ था, जब हाल ही में मेडिकल जांच में पता चला कि पीड़िता गर्भवती है।

सीएम योगी ने विधानसभा में किया था जिक्र

विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया था कि मोईद खान समाजवादी पार्टी का सदस्य है और फैजाबाद से सपा सांसद अवधेश प्रसाद की टीम का हिस्सा है। योगी ने गुरुवार को विधानसभा में मामले का जिक्र किया था और सपा पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, यह अयोध्या का मामला है। मोइद खान सपा से है और अयोध्या के सांसद की टीम का सदस्य है। उसे 12 साल की बच्ची के साथ बलात्कार में शामिल पाया गया है। समाजवादी पार्टी ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। मुख्यमंत्री ने दुष्कर्म पीड़िता की मां से मुलाकात के बाद अधिकारियों को उसके स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने का निर्देश दिया था। अयोध्या जिला प्रशासन ने शनिवार को मोइद खान की बेकरी को ध्वस्त कर दिया था। अयोध्या के जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बताया कि यह बेकरी अवैध रूप से एक तालाब को पाटकर बनाई गई थी।

Shalini singh

Shalini singh

Next Story