×

Ayodhya: रामनगरी पहुंचे पहली फ्लाइट के यात्री, बोले- हम अयोध्यावासी बन गए हैं 'इंटरनेशनल ब्रांड'

Ayodhya News: महापवित्रा नंदगिरि महामंडलेश्वर जूना अखाडा एवं किन्नर अखाडा उज्जैन पीठ कहती हैं कि, 'बहुत ख़ुशी है। ऐसा लग रहा है मानो हमारे जन्मों का पाप नष्ट हो गया है।'

NathBux Singh
Published on: 6 Jan 2024 4:17 PM GMT
Ayodhya News
X

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media) 

Ayodhya News: कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि, अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनेगा। प्रधानमंत्री मोदी और सीएम योगी के कारण हम अयोध्यावासी इंटरनेशनल ब्रांड बन गए हैं। सिर्फ जय श्री राम बोलते ही लोग समझ जाते हैं, ये अयोध्यावासी हैं। अयोध्या की दिव्यता से हमारा परिचय बहुत महान बन गया है। ये बातें दिल्ली से अयोध्या पहुंची इंडिगो फ्लाइट की यात्री अमिता राय ने कही। बता दें, अमिता मूलतः अयोध्या की निवासी हैं। 25 दिनों का अवकाश लेकर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव देखने अयोध्या आईं हैं।

इंडिगो फ्लाइट से 177 यात्री अयोध्या पहुंचे

इंडिगो की फ्लाइट शनिवार (06 जनवरी) को दिल्ली से लगभग 12 बजे उड़ान भरी। फ्लाइट में 177 यात्री सवार थे। दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर अयोध्या एयरपोर्ट पर लैंड हुई। यात्रियों को उतारने के बाद यह फ्लाइट करीब 2 बजे पुनः दिल्ली के लिए उतने ही यात्रियों को लेकर रवाना हो गयी। पहली फ्लाइट से अयोध्या पहुंचे यात्रियों के 'जय श्री राम' के जयघोष से परिवेश में आध्यमिकता के साथ विकास नजर आया। दिल्ली से आई फ्लाइट में कई राज्यों के लोग अयोध्या दर्शन व प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में भाग लेने यहां पहुंचे।

महेंद्र नाथ पांडेय- अयोध्या आने का सौभाग्य मिला

इसी फ्लाइट में अयोध्या आने वाले यात्रियों के साथ केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय (Union Minister Mahendra Nath Pandey), राम जन्मभूमि निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र (Nripendra Mishra) भी थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'भारत के सांस्कृतिक गौरव, अयोध्या की आध्यात्मिक व धार्मिक स्वरूप के अनुकूल भव्य एयरपोर्ट का निर्माण हुआ है। ये मेरा सौभाग्य रह है कि भव्य दिव्य एयरपोर्ट के उद्घाटन के समय मैं उपस्थित था। कल ही कैबिनेट में महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट को इंटरनेशनल हवाई अड्डे का दर्जा मिला है। आज पुनः मुझे दिल्ली से अयोध्या आ रही पहली फ्लाइट में यात्रा करने का अवसर मिला।'

'मोदी बिना यह दृश्य देखना असंभव'

फ्लाइट में दिल्ली से आईं अम्बेडकरनगर निवासी श्रेष्ठा स्वर्णकार कहती हैं, जो मान-सम्मान और स्थान भगवान श्री राम का होना चाहिए था, वो अब हो रहा है। मेरे लिए इस पल को शब्दों में नहीं बताया जा सकता है। मोदी न होते तो यह दृश्य देखना हमारे लिए संभव नहीं था।'

...मानो हमारे जन्मों का पाप नष्ट हुआ

महापवित्रा नंदगिरि महामंडलेश्वर जूना अखाडा एवं किन्नर अखाडा उज्जैन पीठ कहती हैं कि, बहुत ख़ुशी है। ऐसा लग रहा है मानो हमारे जन्मों का पाप नष्ट हो गया है। श्रीराम कृपा है कि आज हम दिल्ली से एक घंटे में अयोध्या फ्लाइट के माध्यम से आये हैं। पहली बार बैंगलोर से श्रीराम के लिए चरण पादुका लेकर अयोध्या आये संत ने भी पीएम मोदी को धन्यवाद दिया।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story