×

TRENDING TAGS :

Election Result 2024

Deepotsav 2023: रामनगरी में दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर, DM बोले- शहर के मठ, मंदिर और घाटों पर जलेंगे 24 लाख दीये

Ayodhya Deepotsav 2023: अयोध्या के डीएम नीतीश कुमार ने कहा, 'यहां व्यापक स्तर पर तैयारी चल रही है। इस बार प्रदेश स्तर पर रामलीला होंगी। ये लगातार 3 दिन तक संचालित होगी। करीब 24 लाख दीप जलाए जाएंगे।'

aman
Report aman
Published on: 10 Nov 2023 2:00 PM GMT (Updated on: 10 Nov 2023 2:06 PM GMT)
Ayodhya Deepotsav 2023
X

Ayodhya Deepotsav 2023 (Social Media)

Ayodhya Deepotsav 2023: दिवाली में अब महज दो दिन दूर है। अयोध्या में इस वक़्त भव्य दीपोत्सव की तैयारियां चल रही है। हर साल दिवाली (Diwali 2023) के मौके पर यूपी की रामनगरी अयोध्या में 'दीपोत्सव' का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष भी यहां 'दीपोत्सव' कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही है।

मंडलायुक्त गौरव दयाल (Gaurav Dayal) ने शुक्रवार (10 नवंबर) को आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी नितीश कुमार ,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नय्यर के साथ दीपोत्सव स्थल राम की पैड़ी पर बनाई गई समस्त दीर्घाओं, दीप प्रज्जवलन स्थलों, मुख्य मंच सहित सम्पूर्ण परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान मंडलायुक्त ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। समस्त दीर्घाओं में बैठने की व्यवस्था बेहतर से बेहतर करने तथा सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने संबंधी अधिकारियों को निर्देशित किया।

दीपोत्सव में जलेंगे 24 लाख दीये

आपको बता दें, इस साल भी दिवाली पर अयोध्या को जगमग करने के लिए तैयारी चल रही है। अयोध्या में दिवाली पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने फैसला लिया है कि, इस बार अयोध्या में 11 तारीख को होने वाले दीपोत्सव में 24 लाख दीये जलाये जाएंगे।


DM नीतीश कुमार ने कही यह बात:

इस मौके पर अयोध्या के डीएम नीतीश कुमार ने कहा, 'यहां व्यापक स्तर पर तैयारी चल रही है। इस बार प्रदेश स्तर पर रामलीला होंगी। ये लगातार 3 दिन तक संचालित होगी। करीब 24 लाख दीप जलाए जाएंगे। शहर के विभिन्न मठ, मंदिर और घाटों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।'

राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी ने क्या कहा?

वहीं, अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम पर राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि, 'कुछ वर्षों से स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा दीपोत्सव कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस साल दीपोत्सव पर 24 लाख दीये जलाए जाएंगे। सभी मंदिरों के लोग भी अपने-अपने मंदिरों में दीपोत्सव मनाएंगे। उन्होंने कहा, इस बार का दीपोत्सव पिछले कई दीपोत्सवों के रिकॉर्ड तोड़ने जा रहा है।'


4 देश और 21 प्रदेशों के होगा रामलीलाओं का मंचन

अयोध्या दीपोत्सव कार्यक्रम में विभिन्न देशों के लगभग 61 प्रतिनिधि और उनके परिजन मौजूद रहेंगे। ये जानकारी जिलाधिकारी नीतीश कुमार ने दी। उन्होंने बताया, रामकथा पार्क व चयनित 5 अन्य स्थलों पर रामलीलाओं का मंचन किया जायेगा। इस वक्त 4 देश और 21 प्रदेशों के रामलीलाओं का मंचन होगा।

अयोध्या DM बोले- कार्यक्रम का लाइव प्रसारण होगा

अयोध्या के जिलाधिकारी ने आगे कहा, 'सभी वालंटियर अपने नियत, निर्धारित स्थल पर रहेंगे। राम की पैड़ी में अलग-अलग दीर्घायें बनायी गयी है। आगन्तुक अपने निर्धारित दीर्घा में ही बैठेंगे। जिनकी ड्युटी लगी है वह सम्मानजनक तरीके से निर्धारित स्थल पर ही बैठायें। सभी तैयारियां बहुत व्यवस्थित तरीके से की गयी है। उन्होंने ये भी कहा, राम की पैड़ी का कार्यक्रम का सजीव प्रसारण रामकथा पार्क सहित शहर के विभिन्न चयनित स्थलों पर लगायी गयी एलईडी स्क्रीन पर की जायेगी।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story