×

Ram Mandir: प्राण प्रतिष्ठा के एक माह पूरे, 62 लाख भक्तों ने किया दर्शन, 50 करोड़ का चढ़ावा

Ram Mandir Ayodhya: प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रतिदिन औसतन करीब दो लाख श्रद्धालु नवनिर्मित मंदिर में भगवान राम का दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 22 Feb 2024 3:48 AM GMT
Ram Mandir Ayodhya
X

Ram Mandir Ayodhya (photo: social media )

Ram Mandir Ayodhya: अयोध्या के भव्य और दिव्य मंदिर में भगवान रामलला को विराजे आज एक महीना पूर्ण हो गया। पिछले महीने की 22 तारीख को भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश से श्रद्धालुओं का सैलाब अयोध्या पहुंच रहा है। पिछले एक महीने के दौरान 62 लाख श्रद्धालुओं ने भगवान रामलला का दर्शन किया है और इस दौरान करीब 50 करोड़ की राशि चढ़ाई गई है।

प्राण प्रतिष्ठा के बाद प्रतिदिन औसतन करीब दो लाख श्रद्धालु नवनिर्मित मंदिर में भगवान राम का दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी अपनी पूरी कैबिनेट के साथ भगवान रामलला का दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंच चुके हैं। आने वाले दिनों में कई और राज्यों के बड़े नेता अयोध्या पहुंचने वाले हैं।

एक माह में पहुंचे 62 लाख श्रद्धालु

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों गत 22 जनवरी को भव्य कार्यक्रम के दौरान भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। प्रधानमंत्री और अन्य विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा और अन्य कारणों से प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में सिर्फ सात हजार अतिथियों को हिस्सा लेने का मौका मिला था मगर उसके बाद से लगातार भक्तों का सैलाब अयोध्या पहुंच रहा है। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दूसरे दिन से ही उमड़ा आस्था का ज्वार अभी आगे भी बने रहने की पूरी संभावना है।

जानकारी के मुताबिक पिछले एक महीने के दौरान करीब 62 लाख श्रद्धालु अयोध्या में भगवान रामलला का दर्शन करने के लिए पहुंच चुके हैं। अयोध्या पहुंचने वाले लोगों में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले श्रद्धालु शामिल हैं। भगवान रामलला के दरबार में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस और प्रशासन के लिए भी काफी मुश्किल साबित हो रहा है।

एक महीने में 50 करोड़ का चढ़ावा

जानकारों के मुताबिक देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने पिछले एक महीने के दौरान करीब 50 करोड़ की राशि भगवान राम को समर्पित की है। मंदिर निर्माण से अभी तक कुल करीब 5000 करोड़ की राशि भगवान रामलला को अर्पित की जा चुकी है।

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के बाद भगवान रामलला के दरबार में सबसे ज्यादा श्रद्धालु 23 जनवरी को पहुंचे थे। 23 जनवरी को दर्शनार्थियों की संख्या पांच लाख को पार कर गई थी। 24 जनवरी को तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान रामलला का दर्शन किया था और इसके बाद भी लगातार श्रद्धालुओं के अयोध्या पहुंचने का सिलसिला बना हुआ है।

चर्चित चेहरों के भी आने का सिलसिला जारी

आम श्रद्धालुओं के साथ ही विशिष्ट और अति विशिष्ट श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला भी बना हुआ है। सदी के महानायक कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन प्राण प्रतिष्ठा के बाद 18 दिन बाद ही एक बार फिर भगवान रामलला को शीश नवाने के लिए पहुंच चुके हैं जबकि सांसद और चर्चित अभिनेत्री हेमा मालिनी भी एक माह में दो बार भगवान रामलला के दर्शन करने के लिए पहुंच चुकी हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्राण प्रतिष्ठा के बाद तीन बार भगवान रामलला के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही कई राज्यों के मुख्यमंत्री अपनी पूरी कैबिनेट के साथ भगवान रामलला के दरबार में शीश नवाने के लिए अभी तक पहुंच चुके हैं। आने वाले दिनों में भी कई राज्यों के मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट के साथ अयोध्या पहुंचने वाले हैं।

अगले सप्ताह फिर शुरू हो जाएगा निर्माण कार्य

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के कारण अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण की प्रक्रिया 15 जनवरी से ही बाधित है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्र का कहना है कि अगले सप्ताह से मंदिर निर्माण का काम पुन: शुरू कर दिया जाएगा। मंदिर का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर राम मंदिर तीन तल का होगा। भूतल में प्रयुक्त 166 स्तंभों सहित राम मंदिर के तीनों तलों पर 392 स्तंभों का निर्माण किया जाना है।

उन्होंने बताया कि प्रथम तल पर 144 और दूसरे तल पर 82 स्तंभों का निर्माण होना है। प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के बाद नृत्य, वादन और गायन की विधाओं के जाने-माने कलाकार लगातार भगवान रामलला के दरबार में अपनी हाजिरी लगाने में जुटे हुए हैं। अभी तक देश के कई नामचीन कलाकार अयोध्या पहुंचकर अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story