×

Ram Mandir Visit: यूपी विधानसभा के सभी सदस्य जाएंगे अयोध्या, रामलला के करेंगे दर्शन

Ram Mandir: रामनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी हो गई है कि योगी कैबिनेट को एक फरवरी को रामलला के दर्शन करने का कार्यक्रम टालना पड़ा।

Krishna Chaudhary
Published on: 7 Feb 2024 3:44 AM GMT
Ram Mandir
X

Ram Mandir  (photo: social media ) 

Ram Mandir: अयोध्या में भव्य राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठ के बाद भगवान रामलला के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है। हर रोज करीब एक-दो लाख की संख्या में देशभर से रामभक्त अयोध्या पहुंच रहे हैं। रामनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी हो गई है कि योगी कैबिनेट को एक फरवरी को रामलला के दर्शन करने का कार्यक्रम टालना पड़ा। अब यूपी विधानसभा के सभी सदस्य अयोध्या रामलला के दर्शन करने जाएंगे। स्पीकर सतीश महाना ने इसकी जानकारी दी है।

विधानसभा अध्यक्ष महाना ने मंगलवार को सदन में इसकी सूचना देते हुए सभी सदस्यों को चलने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि 11 फरवरी को बस के जरिए विधायकों को लखनऊ से अयोध्या ले जाया जाएगा। बस सुबह करीब आठ बजे विधानसभा से रवाना होगी। इस दौरान सभी विधायक अपनी पति/पत्नी को साथ लेकर रामनगरी जा सकेंगे।

सपा विधायक ने रखा मस्जिद जाने का प्रस्ताव

राम मंदिर के मुद्दे पर मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी का स्टैंड स्पष्ट नहीं है, या इसे यूं भी कहें कि पार्टी इसे करना भी नहीं चाहती। पार्टी ने खुलकर किसी एक पक्ष के समर्थन में खड़ी नहीं दिखना चाहती। विधानसभा में सपा के विधायकों के रवैये से जाहिर होता है। जब स्पीकर सतीश महाना ने सभी दलों के विधायकों को अयोध्या चलने के लिए आमंत्रित किया तो सपा विधायक इकबाल महमूद ने मस्जिद जाने का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर मस्जिद भी बन रही है, इसलिए वहां भी जाने की व्यवस्था की जाए। इस पर स्पीकर ने कहा कि जब मस्जिद बन जाएगी तब वहां भी जाने का प्रस्ताव रखा जाएगा तो लोग जा सकते हैं। दिलचस्प बात ये है कि सपा के ही अमेठी जिले से आने वाले विधायक राकेश प्रताप सिंह ने स्पीकर महाना को सभी विधायकों को अयोध्या स्थित रामलला के दर्शन कराने के लिए ले जाने का अनुरोध पत्र लिखा था।

प्रस्ताव का सपा के विधायकों ने किया था विरोध

विधानसभा में इन दिनों बजट सत्र चल रहा है। सीएम योगी आदित्यनाथ न बजट को प्रभु श्रीराम को समर्पित बताया था। बीते दिन विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पीएम मोदी और सीएम योगी को धन्यवाद भी दिया गया था। इस प्रस्ताव का सत्तापक्ष और विपक्ष के भी सदस्यों ने समर्थन किया था। हालांकि, इस पर समाजवादी पार्टी दो गुटों में नजर आई। पार्टी के 14 विधायकों ने प्रस्ताव का विरोध किया था।

अरूणाचल सीएम ने मंगलवार को किया था दर्शन

मंगलवार को बीजेपी शासित अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू अपनी पूरी कैबिनेट के साथ विशेष विमान से अयोध्या पहुंचे थे। उनके जत्थे में 70 लोग शामिल थे। अयोध्या एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ। अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ रामलला के दर्शन करने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा, हम यहां आकर धन्य और भावुक महसूस कर रहे हैं। यह हमारे लिए एक ऐतिहासिक दिन है।

इस दिन मैं उन सभी को याद करता हूं जिन्होंने राम मंदिर के लिए संघर्ष किया और अपना जीवन बलिदान कर दिया। उन्होंने कहा कि 500 साल बाद भगवान रामलला अपने मंदिर में विराजमान हुए हैं, देश में रामराजय आ गया है। सीएम खांडू ने आगे कहा कि अयोध्या में अरूणाचल प्रदेश का प्रतीक चिह्न बनाएंगे, यहां अरूणाचल प्रदेश भवन भी बनेगा, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खत लिखा गया है।

बता दें कि आने वाले दिनों में अन्य भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों की आने की संभावना है। अत्यधिक भीड़ के कारण त्रिपुरा सीएम माणिक साहा को अपना कार्यक्रम टालना पड़ा था।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story