×

Jhansi: अमृत महोत्सव को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह, अपने घरों पर तिरंगा झण्डा फहराकर लोगों को जागरूक कर रही हैं महिलायें

Azadi ka Amrit Mahotsav in Jhansi: पीताम्बरा नगर में रहने वाली समाजसेविका एवं फैशन माडल फाबिहा खान के अनुसार किसी भी देश का भविष्य तभी उज्जवल होता है जब वह अपने पिछले अनुभवों और विरासत के गौरव के साथ पल-पल जुड़ा रहता है।

B.K Kushwaha
Published on: 13 Aug 2022 3:23 PM GMT
Azadi ka Amrit Mahotsav in Jhansi
X

Azadi ka Amrit Mahotsav in Jhansi (Image: Newstrack)

Azadi ka Amrit Mahotsav in Jhansi: हमारे देश भारत में इस बार का स्वतंत्रता दिवस बेहद खास होने वाला है। हमारा देश आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मना रहा है। केन्द्र एवं प्रदेश सरकार ने इस बार का स्वतंत्रता दिवस खास अंदाज में मनाने का फैसला लिया है। इसके तहत देशभर में हर घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की योजना है। संपूर्ण देश में वृहद स्तर पर इसकी तैयारी भी शुरू हो गई है।

यह सात दिवसीय आयोजन देश में स्वतंत्रता दिवस यानि 15 अगस्त के चार दिन पहले से शुरू होगा और दो दिन बाद तक चलेगा अर्थात 11 अगस्त से 17 अगस्त तक आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। संपूर्ण देश में देशवासियों के साथ मिलकर हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि सभी लोग सोशल मीडिया अकाउंट में तिरंगे की डीपी लगाकर इस अभियान को और सशक्त बनाएं। इस संबंध में नारी शक्ति से स्वतंत्रता दिवस के इस जश्न में शामिल होने और आजादी के 75 वें अमृत महोत्सव के बारे पूंछा तो उन्होंने अपने अलग ही अंदाज में जबाब दिया और पूरी शक्ति के साथ इसमें शामिल होने का संकल्प जताया।


पीताम्बरा नगर में रहने वाली समाजसेविका एवं फैशन माडल फाबिहा खान के अनुसार किसी भी देश का भविष्य तभी उज्जवल होता है जब वह अपने पिछले अनुभवों और विरासत के गौरव के साथ पल-पल जुड़ा रहता है। हम सभी जानते हैं कि भारत के पास एक समृद्ध ऐतिहासिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का एक अथाह भंडार है जिस पर हमें गर्व होना चाहिये। इस ऐतिहासिक सांस्कृतिक, राष्ट्रीय चेतना को भारत के घर-घर पहुंचाने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद गुजरात के साबरमती आश्रम से एक पदयात्रा (स्वतंत्रता मार्च) को हरी झंडी दिखाकर आजादी के अमृत महोत्सव के लिये समर्पित आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम का उद्घाटन किया। आजादी का अमृत महोत्सव 15 अगस्त 2023 तक चलेगा। इसके अन्तर्गत स्वतंत्रता सेनानियों से प्राप्त प्रेरणा का अमृत यानि विचारों का अमृत लोगों तक पहुंचाना है। भारत आत्मनिर्भर होने का संकल्प लेता है। आइये इस अमृत महोत्सव के दौरान हम सब मिलकर देश का गौरव आगे बढ़ायें और अमृत महोत्सव में बढ़ृ-चढ़कर हिस्सा लें और अपने घर तिरंगा फहरायें।


नरिया बाजार में रहने वाली कथक नृत्यांगना और माडल मेघा सोनी ने बताया कि देश में हर घर तिरंगा महोत्सव बहुत ही हर्ष उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह भी सच है कि आजादी मिलने के इतने बरसों बाद भी आज भारत अपराध, भ्रष्टाचार, हिंसा, नक्सलवाद, आतंकवाद, गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा जैसी समस्याओं से लड़ रहा है। हम सभी को एक होकर इन समस्याओं को खत्म करने की कोशिश करनी चाहिए। भारत को जब तक इस समस्याओं से बाहर नहीं निकालते तब तक स्वतंत्रता सेनानियों का सपना पूरा नहीं होगा। एक होकर प्रयास करने से श्रेष्ठ और विकसित भारत का निर्माण होगा।


मेडिकल कालेज झांसी के सामने स्थित एक निजी हास्पिटल की संचालक और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डा.सुरक्षा शुक्ला के अनुसार उन्होंने अपने घर एवं क्लीनिक पर तिरंगा झंडा फहराया है। उनके अनुसार देशवासी इस बार आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं तो बात ही कुछ अलग है। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन स्टाफ के साथ हास्पिटल पर सुबह राष्ट्रगान के साथ तिरंगा झंडा फहराती हैं और शाम के समय इसे सम्मान के साथ उतारकर रखा जाता है। उन्होंने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस भी अपने स्टाफ और मरीजों व उनके परिजनों के साथ भव्यता से मनाने की तैयारियां कर ली हैं।

हंसारी में रहने वाली समाजसेविका और आर्ट आफ लिविंग झांसी की समन्वयक श्रीमती कंचन आहूजा के अनुसार देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर इस बार संपूर्ण देश में देशवासी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। लोगों को अपने घरों और दुकानों में तिरंगा फहराने की आजादी दी गई है जिससे लोगों में अभूतपूर्व जोश है। उन्होंने बताया कि वे भी महिलाओं की टोली के साथ अपने मोहल्ले और शहर में निकलकर लोगों को तिरंगे प्रति जागरूक कर रही हैं।


बड़ागांव गेट बाहर स्थित पीतांबरा कालोनी, डडिय़ापुरा में रहने वाली शिक्षिका पलक तिवारी के अनुसार संपूर्ण देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है जिसे लेकर लोगों में खासा उत्साह है। उनके अनुसार इस बार प्रधानमंत्री के आह्वान पर लोगों को घरों में तिरंगा फहराने की आजादी मिली है जिसे लेकर लोगों में काफी उत्साह है। वे भी अपने घर में तिरंगा झंडा फहरा रही हैं और लोगों को तिरंगा के प्रति जागरूक कर रही हैं । इसके अलावा वे घर-घर जाकर जनमानस को आजादी के बारे में बता रही हैं। वे अपने स्कूल में बच्चों को भी राष्ट्रीयता और तिरंगा झण्डे के प्रति जागरूक कर रही हैं। पलक के अनुसार वे अपने आसपास के घरों में तिरंगा झण्डे का वितरण भी कर रही हैं ताकि लोग इसे अपने घरों पर लगा सकें।

Rakesh Mishra

Rakesh Mishra

Next Story