Azamgarh News: भय और आतंक से नहीं बल्कि संगीत से पहचाना जायेगा आजमगढ़- सीएम योगी

Azamgarh News: सीएम ने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ सबका साथ सबके विकास का लाभ सभी को मिला है। आने वाले समय में अब यह संकल्प यात्रा गांव-गांव जाएगी। इसके लिए 536 वीडियो वैन चलाई जा रही है। स्वास्थ्य मेले भी लग रहे हैं।

Shravan Kumar
Published on: 14 Dec 2023 2:32 PM GMT (Updated on: 14 Dec 2023 3:49 PM GMT)
Azamgarh News
X

Azamgarh News (Pic:Newstrack)

Azamgarh News: जिले के दौरे पर गुरुवार को पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहानागंज ब्लाक के अकबेलपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल हो कर प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ विभिन्न योजनाओं के पात्रों को प्रमाण-पत्र दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कहा कि आजमगढ़ भय और आतंक के लिए नहीं बल्कि सुंदर संगीत के लिए जाना जाएगा। जिले में सरकार ने संगीत महाविद्यालय की स्थापना कर पहचान बदलने का काम किया है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में जो परिवर्तन आया है उसे हर व्यक्ति महसूस कर रहा है। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है।

10 करोड़ लोग हुए लाभान्वित - सीएम

सीएम ने कहा कि गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ सबका साथ सबके विकास का लाभ सभी को मिला है। आने वाले समय में अब यह संकल्प यात्रा गांव-गांव जाएगी। इसके लिए 536 वीडियो वैन चलाई जा रही है। स्वास्थ्य मेले भी लग रहे हैं। आयुष्मान कार्ड भी बनेंगे। कोई कल्पना कर सकता है कि नौ वर्ष में चार करोड़ घर बनेंगे। यह कल्पना थी। यह आज वास्तविक धरातल पर उतर रहा है। 50 करोड़ लोगों को पांच लाख स्वास्थ्य बीमा का कवर मिला मिलेगा। यूपी में 10 करोड़ लोग लाभान्वित हुए। पहले पैसा देकर भी खाद्यान् नहीं मिलता था आज सबको नि:शुल्क मिल रहा है। इसकी गारंटी मोदी की गारंटी।


आजमगढ़ का हुआ भाग्योदय

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजमगढ़ का भाग्योदय हुआ है। भोजपुरी के कलाकार को आपने सांसद बनाया तो विकास दौड़ता है। जनवरी माह में विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य पूरा कर उदघाटन करेंगे। एयरपोर्ट, पूर्वांचल एक्सप्रेस बनेगा। कोई सोचता था कि संगीत महाविद्यालय बनेगा। एक लाख नौ हजार से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलेगा। सात लाख गरीबों को प्रति माह राशन मिल रहा है। आज यह सपना साकार हुआ है। इस सपने को साकार करने के लिए ही मोदी गारंटी वैन यहां पहुंची है। इस वैन का स्वागत करने के लिए यहां आया हूं। मोदी की गारंटी शत-प्रतिशत क्रियान्वित होने वाली गारंटी है। हम भारतीयों का संकल्प होना चाहिए कि मेरा देश दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में स्थापित हो।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकवाद, जातिवाद, भ्रष्टाचार को समाप्त करना होगा। शासन की योजना का लाभ बिना भेदभाव के सभी को मिल रहा है। जिन्हें नहीं मिला है उन्हें जोड़ा जाएगा। इसी लिए आपके बीच आए हैं। हर व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन के लिए आए हैं। किसान को उसकी उपज को गारंटी देंगे। स्किल डेवलपमेंट भी करेंगे। व्यापारी बहन बेटी की सुरक्षा की गारंटी देगे। सुरक्षा सुशासन से ही प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा। डबल इंजन की सरकार मजबूती के साथ आपके हितों को पूरा करने के लिए आई है। प्रदेश के अंदर लाखों करोड़ के निवेश को लेकर आए हैं। उद्योग हीं नहीं लगेंगे तो कहां से मिलेगी नौकरी। इस प्रदर्शनी को देखिए। जिन्हें जो समस्या है उसका समाधान करिए। मोदी गारंटी वैन के लिए ह्दय से स्वागत करता हूं। प्रधानमंत्री के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है। मोदी गारंटी जीवन में खुशहाली की गारंटी है।


उन्होनें कहा कि देश और प्रदेश के समृद्धि की गारंटी है। 2047 में दुनिया को विकसित देश के रूप में स्थापित करने की गारंटी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर आते ही जनता की आवाज धीरे होने पर बोले कि क्यों आप लोग आजमगढ़ की बेइज्जती कर रहे हैं। आजमगढ़ की आवाज से पूरी दुनिया कांपती थी। आप लोग जोर से बोलिए। जिसके बाद बैठे लोग ने जोर से भारत माता जय के नारे लगाए। कुछ भाजपा नेताओं को बैठने की व्यवस्था न होने पर नाराज होकर जमीन पर बैठकर धरना देने लगे। इस दौरान भाजपा के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्णपाल, लालगंज जिला अध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष लक्ष्मण मौर्य, आदि के अलावा कमिश्नर मनीष चौहान, डीआईजी अखिलेश कुमार, जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, एसपी अनुराग आर्य आदि के अलावा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story