×

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर घमासान, सपा-रालोद का हाइवे जाम

जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से पहले जनपद में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है।

Paras Jain
Published on: 19 Jun 2021 1:21 PM GMT
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर घमासान, सपा-रालोद का हाइवे जाम
X

बागपत न्यूज: जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से पहले जनपद में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। वार्ड तीन से जिला पंचायत सदस्य महबूब अल्वी के बेटों और भाइयों की गिरफ्तारी होते ही रालोद और सपा एकजुट होकर मैदान में आ आए हैं। नेताओं ने पहले बागपत के बिनोली थाने का घेराव किया गया और फिर मेरठ-बड़ौत हाइवे पर जाम लगा दिया। इतना ही नहीं पुलिस जीप से आरोपियों को जबरन छुड़ाने का भी प्रयास किया गया। हालांकि पुलिस ने जैसे तैसे स्थिति संभाली। आरोपियों को ले जा रही पुलिस की गाड़ी पंचर होने के बाद उन्हें दूसरी गाड़ी से भिजवाया गया।

सपा रालोद के कार्यकर्ता अभी भी सड़क घेरे हुए हैं और थाने पर भी डेरा जमाए हुए हैं। सपा-रालोद ने आरोप लगाया है कि जिला पंचायत अध्यक्ष की जबरन कुर्सी कब्जाने के लिए सपा और रालोद के जिला पंचायत सदस्यों पर दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही उनके परिवारों को जबरन झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। यह सब कुछ सांसद और विधायकों के इशारे पर हो रहा है।

दरअसल, बिनोली थाना पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य महबूब अल्वी के बेटों आदिल और राजू के साथ उनके भाई मतलूब को धारा 307, 323, 452, 504, 506, 354क के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को सपा-रालोद कार्यकर्ता दबाव की राजनीति बता रहे हैं। मौके पर भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।

वहीं इस संदर्भ में सीओ बड़ौत आलोक सिंह ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर इस मामले का कोई लेना देना नहीं है। रालोद का कहना है कि जिनके खिलाफ पुलिस ने कार्रवाही की है, वह उनका वोटर है। बहराल, आईओ के समक्ष इनके द्वारा अपना पक्ष रखा जाएगा। सीओ ने बताया कि पुलिस हिरासत से आरोपियो को छुड़ाने का प्रयास करने वालों पर भी कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

Raghvendra Prasad Mishra

Raghvendra Prasad Mishra

Next Story