×

Baghpat News: वीडियो में देखें सपा विधायक और सीओ सिटी में धक्कामुक्की, विधायक बोले- ‘हम सबको गोली मार दो!’

Baghpat News: सम्राट मिहिर भोज गौरव यात्रा में शामिल होने जा रहे सपा विधायक अतुल प्रधान को पुलिस ने बलपूर्वक रोक लिया। ये बात विधायक को नागवार गुजरी।

Paras Jain
Published on: 29 May 2023 7:08 PM GMT

Baghpat News: सम्राट मिहिर भोज गौरव यात्रा में शामिल होने जा रहे सपा विधायक अतुल प्रधान को पुलिस ने बलपूर्वक रोक लिया। ये बात विधायक को नागवार गुजरी। इसके बाद जो हुआ वो शर्मनाक कहा जा सकता है। न पुलिस ने अपनी मर्यादा का ध्यान दिया, न विधायक ने। दोनों के बीच सड़क पर तीखी नोंकझोंक हुई। धक्कामुक्की में विधायक के कपड़े फट गए। वो पुलिस अफसरों पर आक्रोशित नजर आए। हालांकि इस विवाद की शुरूआत किसने की, ये कहना मुश्किल है।

विधायक ने कहा- तानाशाही नहीं चलेगी

पुलिस के साथ झड़प के दौरान विधायक अतुल प्रधान ने कहा ‘हम सब को गोली मार दो, इतनी तानाशाही ठीक नहीं।’ इस दौरान उनके समर्थक ‘पुलिस की तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे लगाते रहे। दरअसल, सम्राट मीर भोज गौरव यात्रा में शामिल होने के लिए बागपत के रास्ते से सहारनपुर जा रहे सपा विधायक अतुल प्रधान को बागपत पुलिस ने हाईवे पर रोक लिया था। इसी बात से विधायक नाराज हो गए, बात बढ़ी और हाथापाई की नौबत तक जा पहुंची। इस दौरान सपा विधायक अतुल प्रधान की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। झड़प में विधायक के कपड़े तक फट गए जिसके बाद सपा विधायक अतुल प्रधान नेशनल हाईवे पर सिसाना गांव के निकट धरने पर बैठ गए। जहां वह सीओ सिटी बागपत विजय चौधरी पर जमकर बरसे।

नेशनल हाईवे पर लगा लंबा ट्रैफिक जाम

उन्होंने कहा कि पुलिस तानाशाह जैसा बर्ताव कर रही है, जबकि वो एक लोकसेवक हैं। विधायक होने के नाते उनके साथ सभ्यता से पेश आना चाहिए था। उनके समर्थकों का आरोप था कि पहले पुलिस ने उनके साथ अभद्रता की, जिसके बात धक्कामुक्की की नौबत आ गई। दूसरी तरफ धरने पर बैठे विधायक को बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनके साथ बागपत के पूर्व जिला अध्यक्ष बिल्लू प्रधान और अन्य समर्थकों को हिरासत में ले लिया। धरने के दौरान नेशनल हाईवे पूरी तरीके से जाम हो गया था। मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी लाइनें लग गई। बमुश्किल घंटे भर बाद वहां ट्रैफिक सामान्य हो सका। दूसरी तरफ शाम पांच बजे के आसपास बागपत पुलिस ने बागपत पुलिस ने सपा विधायक अतुल प्रधान को छोड़ दिया, जहां से वह वापस मेरठ के लिए रवाना हुए।

Paras Jain

Paras Jain

Next Story