20 राउंड फायरिंग, दो बार लाठीचार्ज, 30 गिरफ्तार...बहराइच में हिंसक झड़प का वीडियो वायरल, जानिए पूरी कहानी

Bahraich News: विवाद तब शुरु हुआ जब प्रतिमा ले जाते वक्त दूसरे समुदाय के लोगों से बहस हुई। लोकल इंटेलिजेंस को इस बात की भनक तक नहीं लगी। DGP प्रशांत कुमार पल-पल की अपडेट ले रहे हैं।

Sidheshwar Nath Pandey
Published on: 14 Oct 2024 3:57 AM GMT
X

Bahraich News (Video: Newstrack)

Bharaich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार को हुई हिंसा के मामले में जांच तेज हो गई है। दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड भी कर दिया गया है। मगर इसके साथ ही पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए जाने लगे हैं। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि किस तरह से दोनों समुदायों के बीच झड़प हुई। साथ ही गोली लगने के बाद युवक को ले जाते हुए भी देखा गया है। इस दौरान मौजूद पुलिस बल की संख्या उंगलियों पर गिनी जा सकती है। कहा जा रहा है कि अगर समय रहते पुलिस ने एक्शन लिया होता तो युवक की जान बच सकती थी। साथ ही हिंसक झड़प भी रुक सकती है।

घटना का वीडियो वायरल

महसी में हुए बवाल का खौफनाक वीडियो सामने आ गया है। गोली लगने से मरने वाले व्यक्ति को वीडियो में देखा जा सकता है। वायरल वीडियो में युवक को टीन के सहारे छत पर चढ़कर इस्लाम के हरे झंडे को हटाते हुए देखा जा सकता है। साथ ही हरा झंडा उतार कर व्यक्ति ने भगवा झंडा फहराया। झंडा फहराने के बाद दुकान पर पथराव किया गया। इसी दौरान युवक को दूसरे समुदाय के लोगों ने गोली मार दी। वीडियो में घायल युवक को लोग ले जाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान केवल एक पुलिस कर्मी ही लोगों के बीच देखा जा सकता है। माना जा रहा है कि अगर पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लिया होता तो विवाद रुक सकता था।

लोकल इंटेलिजेंस फेल

जानकारी के मुताबिक मूर्ति विसर्जन के दौरान बहराइच में हुआ विवाद सुनियोजित था। एक पक्ष के लोग विवाद के लिए पूरी तरह से तैयरा होकर पहुंचे थे। विवाद शुरु तब हुआ जब प्रतिमा ले जाते वक्त दूसरे समुदाय के लोगों से बहस हुई। लोकल इंटेलिजेंस को इस बात की भनक तक नहीं लगी। सीएम योगी के निर्देश के बाद भेजे गए पर्यवेक्षण अफसर भी हालात का कोई अनुमान नहीं लगा सके। मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। पुलिस के आलाधिकारी तनाव का माहौल देखते हुए भी अपने मातहतों के भरोसे बैठे रहे। इसी के चलते विवाद बढ़ता गया। मामला गोलीबारी और मौत तक पहुंच गया।

डीजीपी ले रहे पल-पल की अपडेट

बहराइच हिंसा मामले में अब खुद डीजीपी प्रशांत कुमार पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। बीती देर शाम हिंसा को बेकाबू देखते हुए डीजीपी मुख्यालय ने दो कंपनी पीएसी और आस पास के जिलों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। इलाके में आगजनी भी हुई। एडीजी जोन गोरखपुर केएस प्रताप कुमार और डीआईजी रेंज देवीपाटन अमरेंद्र प्रताप सिंह को सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए मौके पर भेजा गया है। बहराइच के साथ ही गोंडा और बलरामपुर में भी इस तरह की कुछ घटनाएं हुईं। मगर स्थिति नियंत्रित रही।

दो को लगी गोली, एक की मौत

इस घटना में अब तक करीब 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया। सभी को वीडियो को जरिए पहचाना गया। हिंसा में रेहुआ मंसूर के 22 वर्षीय राम गोपाल समेत दो लोगों को गोली लगी। बताया जा रहा है कि राम गोपाल की महज चार महीने पहले ही शादी हुई थी। रेहुआ मंसूर के ही 30 वर्षीय राजन भी गोली लगने से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि इस घटना में 20 राउंड से ज्यादा फायरिंग की गई। बाद में जमकर पथराव किया गया। पथराव में तिवारी पुरवा के रहने वाले 22 वर्षीय सुधाकर तिवारी के सिर में चोट लगी। जबकि सिपहिया प्यूली के रहने वाले दिव्यांग 42 वर्षीय सत्यवान, 52 वर्षीय अखिलेश वाजपेयी भी घायल हैं।

दोबारा लाठीचार्ज

पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित और तितर बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया। युवक की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने लाश को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। इसमें भाजपा विधायक भी शामिल हुए। देर रात 11 बजे तक मूर्ति विसर्जन नहीं हो सका। पुलिस ने रात में जबरन मूर्ति विसर्जित कराया। जिसपर लोग फिर भड़क गए। पुलिस ने लोगों को शांत करने के लिए दोबारा लाठी चार्ज किया। पूरी रात बवाल चलता रहा।

कोतवाल और चौकी इंचार्ज सस्पेंड

बहराइच के महसी में मूर्ति विसर्जन के दौरान दो समुदायों में विवाद और युवक की मौत के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मामले में सख्त रुख अपनाते हुए एसपी ने हरदी कोतवाल एसके वर्मा और महसी के चौकी प्रभारी शिव कुमार को निलंबित कर दिया है। साथ ही अब तक इस मामले में 30 से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रभावित इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बीती देर शाम सीएम योगी ने भी इस मामले पर सख्त एक्शन लेने की बात कही थी।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story