×

Election 2024 : बहराइच में सपा- कांग्रेस पर बरसे सीएम योगी, कहा - अब भारत में पटाखा भी फूटता तो पाकिस्तान सफाई देता है

Election 2024: बहराइच संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. आनंद गोंड के समर्थन में एक सप्ताह में दूसरी बार सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महसी विधानसभा के रमपुरवा में जनसभा को संबोधित किया।

Radheshyam Mishra
Published on: 10 May 2024 2:53 PM GMT
Election 2024 : बहराइच में सपा- कांग्रेस पर बरसे सीएम योगी, कहा - अब भारत में पटाखा भी फूटता तो पाकिस्तान सफाई देता है
X

Election 2024: बहराइच संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. आनंद गोंड के समर्थन में एक सप्ताह में दूसरी बार सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महसी विधानसभा के रमपुरवा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कांग्रेस व सपा गठबंधन को आड़े हाथों लिया। सीएम ने कहा कि महाराजा सुहेलदेव की वीरभूमि, महर्षि बालार्क की तपोभूमि व चहलारी नरेश बलभद्र सिंह की पावन भूमि पर भाजपा के समर्थकों ने पंडाल की सीमा को तोड़कर कार्यक्रम को सफल बनाया है।

सीएम ने कहा कि वह बीते विधानसभा चुनाव में बहराइच आये थे। यहां के लोगों ने अपना आशीर्वाद दिया। सुरेश्वर सिंह विधायक बने। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आपकी भाजपा सरकार बनी और राम मंदिर बना। माफिया और गुंडों का राम नाम सत्य हुआ। भाजपा की मोदी सरकार ने विकास का कार्य किया है आपके सपनों को साकार किया है और आप लोगों से यही कहने दोबारा आये हैं कि ऐसी सरकार को बार-बार अवसर दें। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के समय 1978 में शुरू होने वाली योजना का विकास अब भाजपा शासन में हो रहा है। ऐसे में सोचिए कि विकास किसकी सरकार में होता है। उन्होंने कहा कि जनता को यह समझना होगा कि जिस सरकार में विकास हो रहा, अपराध खत्म हो रहा है, उनको बार-बार मौका देना चाहिए।

सपा कांग्रेस पर किया करारा प्रहार

सीएम योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने मिलकर भ्रष्टाचार किया। विकास कार्य होने से पहले ही उनका कमीशन मिलना जरूरी था, जिसके चलते विकास कार्य आगे नहीं बढ़ पाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में देश से आतंकवाद और नक्सलवाद खत्म हो रहा है। अब देश विकास के रास्ते पर चल रहा है, इसको हम सभी और हमारे आने वाली पीढ़ी भी देखेगी। विकास को बढ़ावा देने वाली, भ्रष्टाचार को खत्म करने वाले और आतंकवाद पर अंकुश करने वाले पार्टी को ही जीत दिलानी चाहिए। पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर हमारे देश में पटाखा भी छोड़ा जाता है तो पाकिस्तान सबसे पहले सफाई देने आता है, क्योंकि उसे डर है कि कहीं हमारी सेना एयर स्ट्राइक न कर दें। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पाकिस्तान को पूरी तरह से अपने रास्ते पर ला दिया है। उन्होंने कहा कि दंगे से प्रदेश को निजात मिल गई है। सभी लोग भाजपा प्रत्याशी आनंद गोंड के साथ भाजपा के हाथों को मजबूत करें।

सूबे की सभी 80 सीटें जीत रही बीजेपी

बहराइच के इतिहास को लेकर सीएम योगी बोले कि ये वही धरती है, सने भगवान सोमनाथ के गुनाहगार सालार मसूद को मौत के घाट उतार कर कब्र में गाड़ने का काम किया था। महाराजा सुहेलदेव के नाम पर कांग्रेस सरकार कोई भी स्मारक न बनवा सकी, क्योंकि उन्हें मुस्लिम वोटों के खिसकने का डर था। आज हमने महाराजा सुहेलदेव का स्मारक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया है, जो जनपदवासियों लिए सुखद अवसर है। भाषण के अंत में सीएम योगी आदित्यनाथ ने जन सैलाब से अपील करते हुए कहा कि इस बार यूपी में भाजपा गठबंधन की 80 की 80 सीटें आ रही हैं। इसलिए यहां की जनता जनार्दन डा आनंद गोंड को भारी मतों से विजई बनाए।

शतप्रतिशत मतदान की अपील

जनसभा में महसी विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा कि इस महारैली के मुख्य अतिथि सीएम योगी आदित्यनाथ का स्वागत अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि गोरखरक्ष पीठ के पूर्व महंत दिग्विजयनाथ सिंह 1962-67 तक जनप्रतिनिधि रहे। 1998 में अपने शिष्य सीएम योगी को लोकसभा पहुंचाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने कहा कि महसी की जनता ने ठाना है, एक लाख से जिताना है। सांसद अक्षयवर लाल गोंड ने जनसभा को संबोधित करते हुए जनपद में हुए विकास कार्यों की चर्चा की और 13 मई को शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की।


भाजपा प्रत्याशी डॉ. आनंद गोंड ने महसी विधानसभा के आये हुए समस्त जनता जनार्दन का अभिवादन करते हुए कहा कि जो राम को लाये हैं, हम उनको लाएंगे। प्रदेश की सभी सीटों पर कमल खिलाएंगे और तीसरी बार मोदी को पीएम बनाएंगे। उन्होंने जनसभा से अपील की कि 13 मई को घर से निकलकर अपना व सभी लोगो का वोट शत प्रतिशत करवाये। जनसभा को कैसरगंज संयोजक गौरव वर्मा, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने भी संबोधित किया।

सीएम योगी का किया स्वागत

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय ने की और मंच का संचालन जिला महामंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह ने किया। मुख्यमंत्री का दोपहर करीब 3.15 बजे उड़न खटोला कार्यक्रम स्थल पर उतरा। मंच पर पहुंचते ही सांसद अक्षयवर लाल गोंड, भाजपा प्रत्याशी डॉ. आनंद कुमार गोंड, महसी विधायक सुरेश्वर सिंह, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय एकता जयसवाल, प्रियंका रावत ने स्मृति चिन्ह व गदा देकर मुख्यमंत्री का स्वागत,अभिनन्दन किया।

जनसभा के समापन की घोषणा जिला मंत्री राम निवास जायसवाल ने की। इस अवसर पर जिला प्रतिनिधि अखंड प्रताप सिंह, मण्डल अध्यक्ष महसी संजय त्रिवेदी, प्रदीप सैनी, शशिकांत त्रिपाठी, सर्वजीत सिंह, रणविजय सिंह, राहुल रॉय, सुवेद वर्मा, दीपक सत्या, जितेन्द्र त्रिपाठी, नन्हे लाल लोधी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, धीरेंद्र मोहन आर्य, सुनील श्रीवास्तव, डिंपल जैन, हेमा निगम, संजय राव, देवेन्द्र कुमार मिश्र, सचिन श्रीवास्तव, प्रमोद पाण्डेय, अभिषेक गुप्ता, हरिश्चंद्र गुप्ता, अरुणेंद्र सिंह अंकित, अखिलेश यादव गोले, समेत हजारों की संख्या में जनता जनार्दन मौजूद रही।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story