×

Ballia News: मंत्री संजय निषाद ने अखिलेश को दी नसीहत, बोले- उन्हें अपना सलाहकार बदल देना चाहिए

Ballia News: कहा-सलाहकार के गलत सलाह के कारण ही वह वर्ष 2014 से पिछड़ते जा रहे हैं। कहा- जो रामचरित मानस पर उंगली उठाता है वो अधर्मी है।

Karuna Sindhu Singh
Published on: 24 March 2023 10:17 PM GMT (Updated on: 25 March 2023 10:02 AM GMT)

Ballia News: उत्तर प्रदेश सरकार के मन्त्री संजय निषाद ने भगवान राम को लेकर एक बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि निषाद राजा भगवान राम से चार दिन पहले पैदा हुए थे और भगवान राम और निषाद राजा दोनों स्कूल में एक साथ पढ़ते थे।
संजय निषाद ने गुरुवार शाम को बलिया में जिला मुख्यालय पर पार्टी कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए भगवान राम को लेकर एक बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि निषाद राजा भगवान राम से चार दिन पहले पैदा हुए थे और भगवान राम और निषाद राजा दोनों स्कूल में एक साथ पढ़ते थे। बाल्मीकि रामायण और रामचरित मानस के आधार पर निषाद राज के किले की जानकारी हुई है। उस ( निषाद राजा के किले ) किले की खुदाई हुई है। ये हम लोगों के लिए गर्व की बात है।

आजमगढ़ में निषाद राज की जयंती पर 26 मार्च को आयोजित कार्यक्रम की सफलता के लिए पार्टी के सम्मेलन में आए मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव के जान पर खतरा के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि हाथी, साइकिल व पंजा सत्ता से दूर हो गए। इस कारण उन्हें जान का खतरा तो रहेगा। अखिलेश यादव को सबसे ज्यादे सुरक्षा है। मुझे भी खतरा है। बड़ा काम करने निकले हैं तो खतरा तो रहेगा। खतरा के कारण ही सुरक्षा मिली है। पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि आपके साथ ही केशव प्रसाद मौर्य को भी खतरा है, निषाद ने कहा कि राजनीति में कद जब बड़ा होता है तो निश्चित रूप से राजनैतिक दुश्मनी होती है।

उन्होंने याद दिलाया कि निषाद समाज के नेताओं को पूर्ववर्ती सरकार में मार दिया गया। उन्हें रास्ते से हटा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया है कि निषाद समाज के फूलन देवी समेत अनेक नेताओं की हत्या करा दिया गया। हम जब सत्ता में मजबूत स्थिति में होंगे, इसकी जांच होगी। उन्होंने इसके साथ ही आरोप लगाया कि फूलन देवी की हत्या के बाद उनकी संपत्ति पर सपा के एक विधायक ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस मामले में पत्र लिखा है। इस मामले में कार्रवाई होगी।

मंत्री संजय निषाद ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अपना सलाहकार बदलने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा है कि अखिलेश यादव को अपना सलाहकार बदल देना चाहिए। सलाहकार के गलत सलाह के कारण ही वह वर्ष 2014 से पिछड़ते जा रहे हैं। संजय निषाद ने मंच से कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि जो रामचरित मानस पर उंगली उठता है वो अधर्मी है।

Karuna Sindhu Singh

Karuna Sindhu Singh

Next Story