×

सदन में गूंजा बलिया में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का फर्जीवाड़ा, सपा MLA लालजी वर्मा और संग्राम यादव ने उठाया मुद्दा

Ballia News: विधायक संग्राम यादव ने सदन में कहा, 'बांसडीह की विधायक जिस गांव की हैं, उस गांव की पूरी सूची ही अपात्र बताई गई। इस सामूहिक विवाह में पहली बार बिना दूल्हे के दुल्हन अपने गले में वरमाला डालती दिखी।'

Karuna Sindhu Singh
Published on: 10 Feb 2024 1:48 PM GMT
Ballia News
X

सपा MLA लालजी वर्मा (Social Media)

Ballia News: यूपी के बलिया जिले के मनियर में बीते 25 जनवरी को हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह (UP Samuhik Vivah Yojana) में बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ था। पुलिस अब तक इस मामले में कई गिरफ्तारियां कर चुकी है। इसी मामले को समाजवादी पार्टी ने यूपी विधानसभा में उठाया। सपा विधायक लालजी वर्मा (SP MLA Lalji Verma) और संग्राम यादव (Sangram Yadav) ने सदन में उठाया। अपात्रों का चयन करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।

537 जोड़े पंजीकृत, उनमें आधे अपात्र

समाजवादी पार्टी के बलिया जिला प्रवक्ता सुशील पांडे ने मीडिया को बताया कि, 'समाजवादी पार्टी के लालजी वर्मा ने सामूहिक विवाह में फर्जीवाड़े को लेकर प्रदेश सरकार पर जोरदार हमला किया। उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि, बलिया में हुए सामूहिक विवाह के लिए लगभग 537 जोड़े पंजीकृत थे। इनमें आधे से अधिक अपात्र व्यक्तियों का चयन किया गया। इसमें मनियर से 179 चयनित जोड़ों में से 55 अपात्र थे।'

धांधली की कहानी, आंकड़ों की जुबानी

सपा नेता ने आंकड़े पेश करते हुए कहा, 'रेवती से 136 में से 50 अपात्र, बांसडीह से 124 में से 25 अपात्र मिले। हालांकि, यहां अभी 23 लोगों की जांच नहीं हुई है। बेरुआरबारी ब्लॉक में 133 चयनितों में से 86 अपात्र पाए गए। इसी तरह मैरीटार विधायक का गांव है, जहां 29 चयनित में से सभी 29 फर्जी पाए गए हैं। इस सामूहिक विवाह में बड़े पैमाने पर धांधली हुई।'

दुल्हन खुद ही अपने गले में वरमाला डाल रही थीं

उन्होंने आगे कहा, 'विवाह में वर-वधू दोनों का होना आवश्यक है। लेकिन, इस विवाह कार्यक्रम में दुल्हन खुद ही अपने गले में वरमाला डालते पायी गईं। बांसडीह की विधायक केतकी सिंह (Bansdih MLA Ketki Singh) का नाम लिए बिनासुशील पांडे ने कहा कि, 'जिस वक्त यह विवाह हो रहा था, स्थानीय विधायक भी ताली बजाते हुए पायी गईं। कहा कि, यह मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें लगभग 75 प्रतिशत अपात्र लोगों का विवाह कराया गया।

सदन में गूंजा अपात्रों के चयन का मुद्दा

सपा नेता ने आगे कहा, 'विधानसभा अध्यक्ष से नियम- 56 के तहत इस मुद्दे को अविलंबनीय बताते हुए स्थगन कर चर्चा कराने की मांग की। ताकि, सही तथ्य सामने आए। कहा कि, जो भी अनियमितता करते हुए पाए जाएं या जिनके दबाव में अपात्र लोगों का चयन किया गया है, उन सारे लोगों को इसमें मुल्जिम बनाया जाए। जिससे इस तरह की हिम्मत दोबारा कोई न कर पाए।'

अपात्र से भरी है बांसडीह विधायक के गांव की लिस्ट

इसी मुद्दे पर विधायक संग्राम यादव (MLA Sangram Yadav) ने कहा कि, बांसडीह की विधायक जिस गांव की हैं, उस गांव की पूरी सूची ही अपात्र बताई गई। इस सामूहिक विवाह में पहली बार बिना दूल्हे के दुल्हन अपने गले में वरमाला डालती दिखी। यह चमत्कारी सरकार ही कर सकती है। उत्तर प्रदेश पहला राज्य बन गया है, जहां बिना दूल्हे के दुल्हन की शादी हुई है। उन्होंने टोका-टोकी के बीच कहा कि जो लोग इसमें शामिल हों, उन पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story