×

Ballia: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव बोले- "भगवान जब बुलाएंगे तो भाजपा भी नहीं रोक पाएगी"

Ballia News: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे से लेकर अन्य फैसलों के बारें में सवाल किया गया। यादव ने सवाल के जवाब में कहा ' सपा और दलों को साथ लेकर बहुत जल्द फैसला ले लेगी।

Karuna Sindhu Singh
Published on: 6 Jan 2024 1:19 PM GMT
Ballia News
X

Ballia News (Pic:Newstrack)

Ballia News: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को जिले के बिसुकिया गांव में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा है कि इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे से लेकर अन्य फैसले सूर्य के उत्तरायण में आते ही होंगे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारे से लेकर अन्य फैसलों के बारें में सवाल किया गया। यादव ने सवाल के जवाब में कहा ' सपा और दलों को साथ लेकर बहुत जल्द फैसला ले लेगी। सूर्य को उत्तरायण में आने दो। सूर्य के उत्तरायण में आते ही सब फैसले हो जायेंगे।

भाजपा को हटाना चाहती है जनता

उन्होंने जोर देकर कहा है कि इंडिया गठबंधन में सपा पूरी जिम्मेदारी के साथ है। गठबंधन में किसको जिम्मेदारी दी जाएगी, बहुत जल्द जानकारी दे दी जाएगी। एक बात तो साफ है कि उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश की जनता भाजपा को हटाना चाहती है। प्रधानों के बजट का पैसा काटकर विकसित भारत का सपना पूरा नहीं कर सकते। घोषणा पत्र में की गई घोषणा आधे अधूरे क्यों है। यादव ने भाजपा के राम मंदिर को लेकर चुनावी लाभ उठाने को लेकर कहा है कि धर्म राजनीति का हिस्सा नहीं हो सकता। यादव ने कहा ' धर्म राजनीति का हिस्सा नहीं हो सकता। भाजपा को आय दुगुनी हुई कि नही, रोजगार मिला कि नही, इन सवालों का ज़बाब देना पड़ेगा। उन सवालों का ज़बाब नही है, इसलिए भाजपा धर्म के पीछे छिप जाती है। '

जब बुलाएंगे तो भाजपा भी नहीं रोक पाएगी

राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने को लेकर पूछे जाने पर कहा ' भाजपा के लोग कह रहे हैं कि जिसके पास निमंत्रण पत्र होगा, वहीं जायेगा। हमारा पक्ष ये है कि भगवान जब बुलाएंगे तो भाजपा भी नहीं रोक पाएगी। हमारा मन करे देखने की तो क्या हमे कोई रोक पायेगा। भाजपा कैसे तय कर सकती है कि किसको बुलाना है और किसको नही बुलाना है। इसका मतलब भगवान श्री राम की तरफ से नही बुलावा है। यह भाजपा की तरफ से बुलावा है। '

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादव से प्रधानमंत्री पद की दावेदारी को लेकर सवाल किया गया। यादव ने इस सवाल के ज़बाब में कहा कि कभी-कभी कम वाले भी प्रधानमंत्री बनते हैं। यादव ने कहा ' हमारे लिए मुख्य है कि भाजपा हारे। सवाल यह नही है कि कौन किस पद पर बैठेगा। आप बलिया के हैं, जहां के प्रधानमंत्री रहे हैं। आप इन बातों को समझते हो और परिस्थितियों को भी सब समझते हो। कभी-कभी कम वाले भी प्रधानमंत्री बनते हैं। ' उन्होंने मेरठ में एक किसान द्वारा आत्महत्या करने को लेकर आरोप लगाया है कि भाजपा का करप्शन पर जीरो टॉलरेंस जीरो हो गया है।

यादव ने कहा ' भाजपा का करप्शन पर जीरो टॉलरेंस जीरो हो गया है। जब एस डी एम और अधिकारियों के कार्यालय न्याय नहीं दे रहे हैं तो मजबूरी में आत्महत्या का रास्ता अपनाना पड़ा। इसके लिए भाजपा सरकार दोषी है। ' उन्होंने सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयान को लेकर नसीहत दी है कि बहुत पुरानी बातों को कुरेदना नही चाहिए। यादव ने कहा ' कुछ चीजे बहुत पुरानी है, उसे कुरेदना नही चाहिए। '

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story