×

Ballia News: सपा जिलाध्यक्ष की सड़क हादसे में मौत, मार्निंग वॉक के दौरान अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

Ballia News: समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राज मंगल यादव की राजधानी लखनऊ में सडक दुर्घटना में मौत हो गई है। राज मंगल यादव रविवार सुबह अपने आवास से मार्निग वॉक पर निकले थे।

Karuna Sindhu Singh
Published on: 24 Dec 2023 6:12 AM GMT (Updated on: 24 Dec 2023 6:13 AM GMT)
ballia news
X

बलिया सपा जिलाध्यक्ष की सड़क हादसे में मौत (न्यूजट्रैक)

Ballia News: समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राज मंगल यादव की राजधानी लखनऊ में सडक दुर्घटना में मौत हो गई है। राज मंगल यादव रविवार सुबह अपने आवास से मार्निग वॉक पर निकले थे। मिली जानकारी के अनुसार बलिया में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राज मंगल यादव को रविवार सुबह लखनऊ में मार्निग वॉक करते समय किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे राज मंगल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग घायलावस्था में उन्हें केजीएमयू ले गए जहाँ डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर जैसे ही बलिया में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मिली वह शोक की लहर दौड़ गई।

जिले में शोक की लहर

सपा जिला प्रवक्ता सुशील पांडे कान्ह ने बताया कि राज मंगल यादव वर्ष 2019 से अब तक बलिया समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष थे। इससे पहले 2006 में राज मंगल यादव जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मूल रूप से बलिया के गड़वार थाना क्षेत्र के बिसुकिया गाँव के रहने वाले राज मंगल यादव काफी मिलनसार थे। यही कारण रहा कि वो सपा मुखिया अखिलेश यादव के भी काफी करीबी माने जाते थे। सपा जिला उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह ने घटना पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए बताया कि राज मंगल यादव ने ही उनको समाजवादी पार्टी से जोड़ा था। राज मंगल यादव पार्टी के प्रति हमेशा निष्ठावान रहे और पार्टी को जिले में कैसे मजबूत किया जाय हमेशा यही सोचा करते थे।

समाज़वादी छात्र सभा के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक सिंह मोनू का कहना है कि राज मंगल यादव अब इस दुनिया में नहीं रहे यह विश्वास नहीं हो रहा है। उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी जिले में काफी मजबूत स्थिति में रही। राज मंगल यादव की ही देन है कि साल 2022 के विधानसभा चुनाव में जिले में समाजवादी पार्टी ने सात विधानसभा सीटों में से तीन पर कब्ज़ा किया और एक सीट पर सहयोगी दल को विजय मिली। राज मंगल यादव हमेशा छोटे से छोटे कार्यकर्ता की बातों को भी काफी गंभीरता से सुनते थे और बात सही लगती थी। तो उस पर अमल भी किया करते थे। उनका इस दुनिया से जाना समाजवादी पार्टी की बहुत बड़ी क्षति है और शायद इसकी भरपाई नहीं की जा सकती।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story