Balrampur News: पुष्य नक्षत्र पर जमकर हुआ कारोबार, चमका बाजार, व्यवसायियों के खिले चेहरे

Balrampur News: दीपावली से एक सप्ताह पूर्व लगने वाले पुष्य नक्षत्र के विशेष शुभ संयोग के कारण शहर के बाजार गुलजार हो रहे हैं। लोगों ने मंदिरों में सुख समृद्धि की कामना के साथ जमकर खरीददारी की।

Radheshyam Mishra
Published on: 5 Nov 2023 12:47 PM GMT
balrampur news
X

पुष्य नक्षत्र पर लोगों ने जमकर की खरीददारी (न्यूजट्रैक)

Balrampur News: दीपावली पर्व से एक सप्ताह पूर्व लगने वाले पुष्य नक्षत्र के विशेष शुभ संयोग के कारण शहर के बाजार गुलजार हो रहे हैं। लोगों ने मंदिरों में सुख समृद्धि की कामना के साथ जमकर खरीदारी की। इससे बाजार में दिन भर खरीदारों की भीड़ रहने से दुकानदारों के चेहरे खिले रहे। कपड़ा हो या सर्फारा बाजार, हर जगह लोग शुभ घड़ी में खरीदारी को जुटे दिखे। इस दौरान दो और चार पहिया वाहनों की भी जमकर बिक्री हुई। कारोबारियों ने करीब एक करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान बताया है। इसमें 30 लाख से ज्यादा कीमत के आभूषण, 44 लाख के आसपास दो पहिया व चार पहिया वाहन, 16 लाख से ज्यादा के कपड़े व 10 लाख की अन्य सजावटी व धातु की वस्तुएं बताई जा रही हैं।

पुष्य नक्षत्र से बने शुभ संयोग से व्यापारी उत्साहित

दीपावली से ठीक पहले शनिवार और रविवार को पुष्य नक्षत्र के बने शुभ संयोग से व्यापारी वर्ग काफी उत्साहित दिखा। सुबह से ही दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटने लगी थी। किसी ने शादी के लिए शेरवानी खरीदी तो किसी ने साड़ियां और बच्चों के कपड़े। उधर सर्राफा की दुकानों पर पहुंचकर लोगों ने दीपावली पूजन के लिए अभी से चांदी के सिक्के, गणेश लक्ष्मी की मूर्ति आदि की खरीदारी की। चौक बाजार में स्थित अर्जुन ज्वैलर्स पर खरीदारी करने आई रितिका सोनी, जोसना व रमेश, अमित आदि ने बताया कि शुभ संयोग में गहने खरीदने आई हूं।

रविवार के दिन भी काफी ग्राहकों ने की खरीददारी

वैसे तो लोग शनिवार को वाहन खरीदने से परहेज करते हैं, लेकिन शनिवार को विशेष शुभ संयोग बनने पर लोगों ने दो और चार पहिया वाहन की बुकिंग कराने के साथ ही इनकी डिलीवरी भी प्राप्त की। शनिवार को जिले भर में करीब 80 दो पहिया और करीब 15 कार एवं ट्रैक्टर आदि की बुकिंग हुई। अर्जुन ज्वैलर्स के संचालक राजा गुप्ता ने बताया कि रोज की अपेक्षा शनिवार और रविवार का दिन व्यापार की दृष्टि से बेहद शुभ रहा।

पुष्य नक्षत्र में खरीदारी को लेकर लोग उत्साहित दिखे। कुछ तो शनिवार को खरीदारी के लिए शुक्रवार को ही ज्वैलरी बुक करा गए थे। रविवार के दिन भी काफी ग्राहकों ने खरीदारी की है। ग्राहकों ने मनपसंद गहने आर्डर देकर बनवाये है। शहर के झारखंडी नाथ मंदिर के पुजारी पंडित बुद्धि सागर तिवारी बताते हैं कि सताईस नक्षत्रों में आठवां नक्षत्र है पुष्य। इस नक्षत्र को बहुत ही शुभ माना जाता है। इस नक्षत्र में जो भी शुभ काम किया जाता है उसका अच्छा परिणाम प्राप्त होता है। इस नक्षत्र में जन्म लेने वाले व्यक्ति उदार, सहनशील और परोपकारी होते हैं। धर्म-कर्म में इनकी गहरी आस्था होती है। लेकिन बचपन में इन्हें काफी संघर्ष करना पड़ता है।


पुष्य नक्षत्र के स्वामी ग्रह हैं शनि

इस नक्षत्र के स्वामी शनि ग्रह हैं और इसके देवता गुरू माने जाते हैं। इन दोनों ग्रहों के प्रभाव के कारण इस नक्षत्र में जन्म लेने वाले व्यक्ति जीवन में खूब तरक्की करते हैं लेकिन इसमें इनकी मेहनत और लगनशीलता का बड़ा योगदान होता है। बचपन में किये गये संघर्ष के कारण कम उम्र में ही दुनियादारी और जीवन के उद्देश्यों को समझ जाते हैं। इस नक्षत्र का प्रभाव कर्क और तुला राशि वालों पर देखा जाता है क्योंकि इसके चारों चरण कर्क राशि में होते हैं।

कर्क राशि का स्वामी चन्द्रमा होने के कारण इस नक्षत्र के व्यक्तियों का मन चंचल होता है। घूमना-फिरना इन्हें काफी पसंद होता है। विपरीत लिंग के व्यक्तियों के प्रति इनमें विशेष लगाव होता है। दांपत्य जीवन आमतौर इनका सुखद होता है क्योंकि जीवन साथी को आदर और सम्मान देते हैं। आर्थिक मामलों में इनका हाथ सख्त होता है। धन खर्च करने से पहले काफी सोच विचार करते हैं। लेकिन कोई इनके पास मदद की आस लिये आता है तब व्यक्तिगत लाभ कि परवाह किये बिना सहायता करते हैं।

सामाजिक कार्यों में इनकी विशेष रूचि होती है। कमज़ोर और जरूरतमंदों की सहायता में यह सदैव आगे रहते हैं। इनके जीवन में न्याय और सत्य का बड़ा महत्व होता है। इन्हें एक स्थान और एक स्थिति में लंबे समय तक टिके रहना पसंद नहीं होता है। जीवन का तीसरा भाग अधिक सुखमय होता। क्योंकि जवानी में खूब मेहनत करते हैं और धन कमाते हैं।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story