Banda News: सावन के पहले दिन भाजपा ने संभाली PM मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की कमान

Banda News: इस दौरान अभियान के डिजिटल दस्तावेजीकरण पर विशेष बल देते हुए पेड़ लगाने के सिलसिले में 15 अगस्त तक लगातार तेजी लाने का आवाहन किया गया।

Om Tiwari
Report Om Tiwari
Published on: 22 July 2024 12:16 PM GMT (Updated on: 22 July 2024 12:20 PM GMT)
Banda News- Photo- Newstrack
X

Banda News- Photo- Newstrack

Banda News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान की कमान सोमवार को बांदा जिला भाजपा ने संभाली। जिला प्रभारी रामकिशोर साहू की अगुवाई में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आक्सीजन पार्क में अपनी-अपनी मां के नाम पर पौधे रोपे और उनकी सुरक्षा व उम्दा परवरिश का संकल्प व्यक्त किया। पर्यावरण संरक्षण, संवर्धन और बढ़ते तापमान के खतरे को नियंत्रित करना अभियान का मकसद बताया गया। इस दौरान अभियान के डिजिटल दस्तावेजीकरण पर विशेष बल देते हुए पेड़ लगाने के सिलसिले में 15 अगस्त तक लगातार तेजी लाने का आवाहन किया गया।

जिलों से प्रदेश भेजी जा रही पेड़ लगाने वाले भाजपाइयों की सचित्र सूची

इससे पहले भाजपा जिला कार्यालय में जिला पार्टी पदाधिकारियों को जिला प्रभारी साहू ने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साहू ने कहा, प्रत्येक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि को 'एक पेड़ मां के नाम' लगाना अनिवार्य किया गया है। जिला स्तर पर पेड़ लगाने वाले पार्टीजनों की सचित्र सूची बनाकर प्रदेश को भेजी जा रही हैं। पेड़ लगाने की फोटो सरल ऐप पर अपलोड करना अभियान अभिन्न हिस्सा है।

बढ़ते तापमान के खतरे को नियंत्रित करना भी अभियान का मकसद: साहू

बैठक के बाद साहू ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं संग आक्सीजन पार्क का रुख किया। सभी ने अपनी-अपनी मां के नाम पर पौधे रोपे। इस बीच अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डाला गया। पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन तथा प्रदूषण नियंत्रण को मानव जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कृषि के लिहाज से भी अभियान की उपयोगिता रेखांकित की गई। साहू ने कहा कि बढ़ते तापमान के खतरे पर काबू पाना भी अभियान का मकसद है।

ममता बोलीं, पर्यावरण शुद्ध होगा तो व्यक्ति स्वस्थ होगा, देश आगे बढ़ेगा

एक पेड़ मां के नाम अभियान की जिला संयोजक ममता मिश्रा ने अभियान की प्रगति आख्या पेश की। उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं की प्रशंसा में कोई कंजूसी नहीं की। ममता ने कहा, पर्यावरण शुद्ध होगा तो व्यक्ति स्वस्थ होगा। व्यक्ति स्वस्थ होगा तो राष्ट्र की प्रगति में सही योगदान देगा। विकसित भारत का लक्ष्य मिलेगा।

जिले को हरा भरा बनाएं पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता: संजय

भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा, एक पेड़ मां के नाम अभियान को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा कार्यकर्ता सहर्ष आगे आएं। कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाकर जिले को हरा भरा बनाएं। हम सब इस संकल्प को साकार करेंगे तय मानिए, अभियान रंग लाएगा। हमारा सामूहिक प्रयास आने वाली पीढी के लिए स्वच्छ पर्यावरण का वरदान बनेगा।

डा. धर्मेंद्र त्रिपाठी समेत मौजूद रहे प्रमुख पदाधिकारी और पार्टी नेता

संचालन जिला महामंत्री अखिलेशनाथ दीक्षित ने किया। इस दौरान डा. धर्मेंद्र त्रिपाठी, विवेकानन्द गुप्ता, कल्लू सिंह राजपूत, प्रेमनारायण द्विवेदी, सीताराम वर्मा, देवेन्द्र भदौरिया, दिनेश यादव, मनीष गुप्ता, पंकज रैकवार, राजर्षि शुक्ला, संतू गुप्ता, आनन्द स्वरूप द्विवेदी, निखिल सक्सेना, दीपक राजपूत और दिलीप तिवारी आदि पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story