Banda: DM दुर्गा शक्ति नागपाल का बच्चों से सवाल-जवाब, गणित ठीक पाकर हुईं प्रसन्न...कमजोर पढ़ाई पर टीचर को नोटिस

Banda News: विद्यालय के निरीक्षण में मिड डे मील व्यवस्था सुचारू मिली। 257 बच्चे पंजीकृत मिले। सभी बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्माण मलवा हटाने तथा प्रत्येक शिक्षण कक्ष में ट्यूबलाइट लगाने के लिए भी निर्देशित किया।

Om Tiwari
Report Om Tiwari
Published on: 6 Feb 2024 3:19 PM GMT (Updated on: 6 Feb 2024 5:23 PM GMT)
Banda News
X

बांदा जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल (Social Media)

Banda News: बांदा जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल (Durga Shakti Nagpal) ने मंगलवार (06 फ़रवरी) को प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लिया। बच्चों से सवाल-जवाब कर वास्तविकता जांची। प्राथमिक में बच्चों की गणित ठीक पाकर प्रसन्नता जताई। हिंदी की पढ़ाई में ध्यान देने की हिदायत दी, जबकि माध्यमिक शिक्षा की गुणवत्ता में कमी के लिए संबंधित अध्यापिका को नोटिस देने के निर्देश दिए। बच्चों से अंग्रेजी की किताब पढ़वाई और कमजोर बच्चों पर अधिक ध्यान देने को जोर दिया।

प्राथमिक शिक्षा में हिंदी की पढ़ाई पर ध्यान देने पर जोर

IAS दुर्गा शक्ति अचानक जिला मुख्यालय से सटे मवई बुजुर्ग गांव पहुंच गईं। उन्होंने सीधे प्राथमिक विद्यालय भाग- 1 का रुख किया। 8 अध्यापकों में एक अवकाश पर मिले। जिलाधिकारी ने कक्षा 4 के बच्चों से गणित के प्रश्न कर शिक्षा की गुणवत्ता जांची। बच्चों से सही उत्तर पाकर उन्होंने प्रसन्नता जताई। डीएम नागपाल ने कक्षा पांच के बच्चों से हिंदी की किताब पढ़वाई। विलोम शब्द पूछे और हिंदी की पढ़ाई में ध्यान देने की हिदायत दी।

स्कूल में सफाई व्यवस्था चौकस बनाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने विद्यालय में निर्माणाधीन किचन शेड का निरीक्षण किया। साथ ही, तीन दिनों में काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, 'पानी की टैप लीकेज ठीक कराकर विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था भी दुरुस्त की जाए।'

माध्यमिक में कमजोर पढ़ाई पर अध्यापिका को नोटिस

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल का अगला पड़ाव गांव का माध्यमिक विद्यालय बना। कक्षा- 6 में छात्राओं की संख्या अधिक देख उन्हें अलग कक्ष में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। बच्चों से अंग्रेजी की पुस्तक पढ़वाकर कमजोर बच्चों पर ध्यान दिया जाने पर जोर दिया। अध्यापिका शोभा को शिक्षा की गुणवत्ता में कमी के लिए नोटिस देने के निर्देश दिए।

सभी 257 बच्चों की रही शत-प्रतिशत उपस्थिति

विद्यालय के निरीक्षण में मिड डे मील व्यवस्था सुचारू मिली। 257 बच्चे पंजीकृत मिले। सभी बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्माण मलवा हटाने तथा प्रत्येक शिक्षण कक्ष में ट्यूबलाइट लगाने के लिए भी निर्देशित किया गया।

आंगनबाड़ी केंद्र की छत की मरम्मत करा हटाएं बेकार सामान

बाद में IAS दुर्गा शक्ति नागपाल ने प्राथमिक विद्यालय भाग- 2 और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र की छत की मरम्मत कराने तथा निष्प्रयोज्य सामान को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। विद्यालय में बच्चों से हिंदी व गणित के प्रश्न पूछे। शिक्षकों से गुणवत्ता सुधारने को कहा। मिड डे मील और फल आदि का वितरण मीनू के अनुसार कराने की हिदायत दी।

DM बोलीं- BDO उपलब्ध कराएं स्कूल में पेयजल

बांदा जिलाधिकारी ने BDO को विद्यालय में जल निगम के जरिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा जल निकासी सुनिश्चित के लिए निर्देशित किया।उन्होंने विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के सम्बन्ध में निर्देशित किया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्य और जिला पंचायत राज अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story