TRENDING TAGS :
Banda News: बांदा बार चुनाव में अध्यक्ष पद पर द्वारिकेश मंडेला का कब्जा, कांटे के मुकाबले में सचिव पद मनोज निगम लाला के नाम
Banda News: इस बार अध्यक्ष पद को लेकर चिरपरिचित ब्राह्मण-क्षत्रिय प्रतिद्वंद्विता नदारद थी। वजह, क्षत्रिय वर्ग से किसी ने उम्मीदवारी नहीं पेश की।
Banda News
Banda News: डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर द्वारिकेश यादव 'मंडेला' की ताजपोशी हुई है। उन्होंने 623 मत हासिल कर निकटतम प्रतिद्वंद्वी संतोष त्रिपाठी को 186 मतों से शिकस्त दी। त्रिपाठी को 427 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। दूसरे प्रतिष्ठापूर्ण मुकाबले महासचिव पद पर कांटे की टक्कर हुई। बाजी अंततः मनोज निगम लाला के हाथ लगी। उन्होंने 527 मत बटोरे और 19 मतों से निकटतम प्रतिद्वंद्वी यदुनाथ सिंह को चित्त कर दिया। यदुनाथ को 508 वोट मिले। शेष ज्यादातर पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
जातीयता से नहीं उबरा बुद्धजीवियों का चुनाव, संतोष और राजा भैया ने चला कान्यकुब्ज और सरयूपारी दांव
बुद्धिजीवियों का यह चुनाव सर्वाधिक जातीयता से ग्रस्त होने को अभिशप्त माना जाता है। यह अभिशाप कैसे फला-फूला और इसने कैसे-कैसे रंग दिखाए, इसकी अलग कथा है। पर, इस बार अध्यक्ष पद को लेकर चिरपरिचित ब्राह्मण-क्षत्रिय प्रतिद्वंदिता नदारद थी। वजह, क्षत्रिय वर्ग से किसी ने उम्मीदवारी नहीं पेश की। बल्कि दो ब्राम्हणों समेत तीन उम्मीदवार ही सामने आए। ब्राम्हण उम्मीदवार ने एक-दूसरे के विरुद्ध कान्यकुब्ज और सरयूपारी दांव चलने से बाज नहीं आए। नतीजतन संतोष त्रिपाठी 427 और राजा भैया त्रिवेदी 160 मतों तक ही सीमित रहे। जबकि दो बार की पराजय से सहानुभूति का पात्र बने द्वारिकेश यादव 'मंडेला' ने क्षत्रियों के समर्थन से 623 मत झटककर अध्यक्ष पद हथिया लिया।
सचिव पद पर मनोज ने 19 मतों से यदुनाथ को पछाड़ा, राजीव को कोषाध्यक्ष और देवराज को वरिष्ठ उपाध्यक्ष का सेहरा
महासचिव पद पर कांटे का मुकाबला हुआ। कभी मनोज निगम लाला तो कभी यदुनाथ सिंह एक-दूसरे को पछाड़ते नजर आए। लेकिन अंततः बाजी मनोज निगम लाला के हाथ लगी। लाला ने 527 मत लेकर निकटतम प्रतिद्वंद्वी यदुनाथ सिंह को 19 मतों से पछाड़ दिया। यदुनाथ को 508 मत मिले। तीसरे उम्मीदवार राजेश त्रिपाठी को 143 मतों में सिमटना पड़ा। कोषाध्यक्ष पद पर राजीव गुप्ता और वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद में देवराज ने विजय पताका फहराई है।
शेष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन, नवीन और कैलाश बने सामान्य उपाध्यक्ष, अधिकृत घोषणा होना बाकी
सामान्य उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए नवीन अग्निहोत्री और कैलाश खेंगर, संयुक्त सचिव प्रकाशन पर अजय विक्रम राज और अमरजीत सिंह तथा संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद पर विजय शंकर शुक्ला निर्विरोध चुने गए हैं। हालांकि इनकी अधिकृत घोषणा होना अभी शेष है। इसी तरह राजेंद्र सिंह बागड़ी, देवकीनंदन पांडेय, संतोष शुक्ला, जावेद अख्तर, शंभूदयाल, संतोष श्रीवास्तव, महेश प्रताप सिंह, अजय प्रजापति और अजय प्रताप सिंह निर्विरोध कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित हुए हैं।