Banda News: सड़कों पर उतरे आला अफसरान, मंदिरों और देवी पांडालों का लिया जायजा

Banda News: चित्रकूटधाम कमिश्नर बालकृष्ण त्रिपाठी, DIG अजय कुमार सिंह, बांदा DM नगेंद्र प्रताप, SP अंकुर अग्रवाल और ASP शिवराज समेत सभी आला अधिकारियों का एक साथ बांदा शहर की सड़कों पर नजर आना कौतूहल के साथ ही आकर्षण का केंद्र रहा।

Om Tiwari
Report Om Tiwari
Published on: 9 Oct 2024 4:36 PM GMT
Banda News: सड़कों पर उतरे आला अफसरान, मंदिरों और देवी पांडालों का लिया जायजा
X

Banda News (Pic-Newstrack)

Banda News: नवरात्र की सप्तमी को आला प्रशासनिक और पुलिस अफसरान बांदा शहर की सड़कों पर उतरे। भ्रमण कर मंदिरों और देवी पांडालों का जायजा लिया। लोगों से मिले। बतियाए। हंसे और हंसाते हुए लोगों को आत्मीयता का अहसास कराया। देवी पांडाल कमेटियों से बातचीत कर उत्सव का माहौल जाना और जरूरी निर्देश भी दिए। इस दौरान अफसरानों का अमला जहां से गुजरा और ठहरा, लोगों का ध्यान एकबारगी उसी पर केंद्रित रहा। लोग जानने को उत्सुक हुए, क्या बात है। लेकिन सामान्य विजिट जानकर संतोष व्यक्त किया। सामूहिक विजिट के अंदाज को भी सराहा।

पीतांबरी गमछे में कमिश्नर भक्ति भाव में रंगे और ठहाका लगाते दिखे DIG

चित्रकूटधाम कमिश्नर बालकृष्ण त्रिपाठी, DIG अजय कुमार सिंह, बांदा DM नगेंद्र प्रताप, SP अंकुर अग्रवाल और ASP शिवराज समेत सभी आला अधिकारियों का एक साथ बांदा शहर की सड़कों पर नजर आना कौतूहल के साथ ही आकर्षण का केंद्र रहा। कमिश्नर त्रिपाठी पीतांबरी गमछे संग भक्ति भाव में रंगे नजर आए। DIG सिंह लोगों से मिलते और ठहाका लगाते दिखे। DM प्रताप ने चिरपरिचित सरल और सौम्य अंदाज के साथ मुस्कान उछालने में कोई कंजूसी नहीं की। SP अग्रवाल भी खुशमिजाजी से लैस थे। लोगों से मिलकर खूब हंसे और बतियाए। ASP शिवराज माहौल को जानने और जांचने की कोशिश में मशगूल रहे।

अफसरान अधीनस्थों को भी सिखाएं मिलनसारिता का अपना हुनर

हालांकि इस कवायद को फ्लैग मार्च बताया गया है। लेकिन यह मार्च अमूमन होने वाले फ्लैग मार्चों से थोड़ा जुदा था। अपराधियों और अराजकतत्वों को सख्ती और आम-ओ-खास को सुरक्षा का संदेश देने के अलावा अफसरों के मिलनसार रवैए ने लोगों को गुदगुदाया। एक दर्शनार्थी ने कहा, अच्छा लगा। अफसरों को अपने अधीनस्थों को भी लोगों से पेश आने का अपने जैसा सलीका सिखाना चाहिए। भ्रमण में अपर कमिश्नर प्रशासन अमरपाल सिंह, ADM राजेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट संदीप केला और CO सिटी आदि मौजूद रहे।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story