Banda News: प्रकाश और प्रशासन ने निकालीं तिरंगा यात्राएं, विभिषिका दिवस में उभरा विभाजन का दर्द

Banda News: जिला प्रशासन की तिरंगा यात्रा भी आकर्षण का केंद्र रही। बाद में विकास भवन में विभीषिका दिवस मनाया गया। देश विभाजन की त्रासदी बयां हुई। चित्र प्रदर्शनी के जरिए विभाजन की पीड़ा उकेरी गई।

Om Tiwari
Report Om Tiwari
Published on: 14 Aug 2024 3:55 PM GMT
Banda News (Pic- Newstrack)
X

Banda News (Pic- Newstrack)

Banda News: हफ्ते भर से जारी तिरंगा यात्राओं के अंतिम दिन बुधवार को सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने धूम मचाई, वहीं जिला प्रशासन की तिरंगा यात्रा भी आकर्षण का केंद्र रही। बाद में विकास भवन में विभीषिका दिवस मनाया गया। देश विभाजन की त्रासदी बयां हुई। चित्र प्रदर्शनी के जरिए विभाजन की पीड़ा उकेरी गई। डाक्यूमेंट्री से भी बंटवारे के दर्द पर रौशनी डाली गई।

जगह जगह स्वागत के बीच सदर विधायक ने भी लुटाया स्नेह

सदर विधायक द्विवेदी के नेतृत्व में बाइक रैली की बांदा शहर के अलावा ग्रामीण अंचलों में भी धूम रही। बाइक सवारों के हाथों में लहराते तिरंगे अलग ही समां बांधे रहे। द्विवेदी के स्वागत की होड़ दिखी। जगह-जगह बाइक रैली रोककर उन्हें फूल-मालाओं से लादने का सिलसिला जारी रहा। द्विवेदी भी स्नेह लुटाते रहे। उन्होंने सभी से आजादी के पर्व पर घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। द्विवेदी ने कहा, PM मोदी का आवाहन सफल बनाने के लिए बांदा को बढ़ चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करनी है।


शहर के प्रमुख चौराहों से गुजरी प्रशासनिक तिरंगा यात्रा

उधर जिला प्रशासन की तिरंगा यात्रा भी आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा को विकास भवन में जिलाधिकारी नगेंद्र प्रताप ने हरी झंडी दिखाई। शहर के प्रमुख चौराहों से गुजर कर यात्रा वापस विकास भवन में समाप्त हुई। यात्रा में अधिकारियों कर्मचारियों के अलावा विभिन्न लोगों ने प्रतिभाग किया। सभी लोग तिरंगा लहराते रहे। विजई विश्व तिरंगा प्यारा आदि नारे गूंजते रहे।


विभीषिका गोष्ठी में DM नगेंद्र ने विस्तार से बयां की त्रासदी

यात्रा के बाद विकास भवन सभागार में विभीषिका दिवस मनाने की शुरुआत CM योगी आदित्यनाथ के live संबोधन से हुई। योगी ने जाति विभाजक राजनीति को देश विभाजन से जोड़ते हुए विपक्षियों पर करारा हमला बोला। बाद में गोष्ठी और चित्र प्रदर्शनी का दौर चला। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए DM नगेंद्र प्रताप ने कहा, देश के बंटवारे का दर्द नही भुलाया जा सकता। विभाजन में भारी हिंसा से लाखों लोगों को जान गंवानी पड़ी। विस्थापित होना पड़ा। भय एवं त्रासदी का विकट आलम था। लोगों के बलिदान को याद करने और नई पीढ़ी को वास्तविकता से अवगत कराने के लिए PM मोदी और CM योगी की पहल पर विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जा रहा है।


देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारा पर रहा जोर

DM प्रताप ने आगे कहा, हमें भारत की एकता एवं अखंडता बनाए रखना है। आपसी प्रेम, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत करना है। देश विभाजन के समय जनहानि आदि त्रासदी को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए हमें एकजुटता बरकरार रखनी है। इस दौरान CDO वेद प्रकाश मौर्य, DDO आर के सिंह, DPRO अजय आनन्द सरोज, DC मनरेगा, DSO आदि अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

पीड़ा उकेरती चित्र प्रदर्शनी का मालती बासू ने किया उदघाटन

उधर, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय के तत्वावधान में आदर्श बजरंग विद्यालय में विभीषिका दिवस चित्र प्रदर्शनी का उदघाटन बांदा नपा अध्यक्ष मालती बासू ने किया। श्रीमती बासू ने कहा, देश विभाजन ने बहुत दर्द दिया है। इसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक विजयपाल सिंह ने भी विचार रखे। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जयकिशन परिहार विभाजन के समय के संघर्ष और बलिदान पर रौशनी डाली। क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव त्रिपाठी समेत मेजर मिथलेश पांडेय, अर्चना शुक्ला, रामनरेश तिवारी, सुनील सक्सेना, जितेंद्र और राकेश आदि मौजूद रहे।

Shalini Rai

Shalini Rai

Next Story