TRENDING TAGS :
Barabanki: मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई, 40 दुकानदारों पर 6.66 लाख का जुर्माना, नकली टाटा नमक और मिठाई नष्ट
Barabanki: जनवरी 2025 में न्याय निर्णायक अधिकारी की अदालत ने 40 मामलों में फैसला सुनाया। दोषी पाए गए दुकानदारों पर कुल 6 लाख 66 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
barabanki news
Barabanki News: बाराबंकी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में कई नमूने एकत्र किए गए। जनवरी 2025 में न्याय निर्णायक अधिकारी की अदालत ने 40 मामलों में फैसला सुनाया। दोषी पाए गए दुकानदारों पर कुल 6 लाख 66 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि 30 दिन में जुर्माना न भरने वालों के खिलाफ भू-राजस्व की तरह वसूली प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। फरवरी माह में अब तक खाद्य पदार्थों के 41 नए नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सिरौलीगौसपुर तहसील में संदिग्ध टाटा नमक के डीएल बैच से 50 किलो नमक जब्त कर नष्ट किया गया। इसकी कीमत करीब 1500 रुपये थी।
साथ ही 10 किलो रसगुल्ला और 5 किलो पनीर भी नष्ट किया गया। फतेहपुर तहसील में बूंदी लड्डू का नमूना लेने के दौरान बासी मिठाइयां मिलीं। इनमें 30 किलो बालूशाही, 10 किलो जलेबी और 5 किलो रंगीन बूंदी शामिल थी। सभी मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसी तहसील में नेपाल से आया सम्पूर्ण ब्रांड का रिफाइंड सोयाबीन ऑयल भी मिला। 40,000 रुपये कीमत के 19 टिन तेल को सीज कर दिया गया है।