Barabanki News: बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे डीएम और एसपी, राहत सामग्री वितरित कर लिया जायजा

Barabanki News: डीेएम सत्येंद्र कुमार और एसपी दिनेश कुमार सिंह शनिवार की सुबह से ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया।

Sarfaraz Warsi
Published on: 13 July 2024 12:25 PM GMT
Barabanki News
X

बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा करते डीएम और एसपी (Pic: Newstrack)

Barabanki News: बाराबंकी जिले में लगातार सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर और नीचे हो रहा है। सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से इस समय जिले की दो रामनगर और सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र के लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों को समुचित सुविधा मुहैया करने को लेकर जिला प्रशासन लगातार मुस्तैद है। जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 15 बाढ़ चौकियां स्थापित की है। इस समय बाढ़ से कई गांव जलमग्न है, जिससे सैकड़ो परिवारों के पास खाने और रहने की समस्याएं हो गईं हैं। जिला प्रशासन ने इन सभी लोगों को चौकियों पर ठहरने के साथ ही सभी सुविधाएं दी हुई है। जो बाढ़ प्रभावित लोग अभी भी अपने घरों में रह रहे हैं, जिला प्रशासन उनको घर पर ही खान और अन्य जरूरत की चीज पहुंचा रहा है।

बाराबंकी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह शनिवार की सुबह से ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और बचाव कार्य का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि नेपाल देश में लगातार हो रही बारिश के चलते पिछले दो-तीन दिनों से सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान के 20 सेंटीमीटर ऊपर था। हालांकि आज नदी का जलस्तर खतरे के निशान के नीचे आ गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रमुख रूप से हमारे दो तहसील रामनगर और सिरौलीगौसपुर बाढ़ से प्रभावित हैं।

उन्होंने कहा कि इस समय 15 मजरें हैं, जिनमें 500 से 550 परिवारों के घरों के पास पानी पहुंच गया था। इन परिवारों में से काफी लोग बंधे पर आ गए थे, जिन्हें सारी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। कुछ परिवार अभी भी अपने घरों में रह रहे हैं, उन सभी लोगों को घरों पर ही खाना और अन्य जरूरत की चीज पहुंचाई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए 15 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। यहां पर मेडिकल के साथ अन्य कैम्प लगाए गए हैं, जिससे सभी सुविधाएं पहुंच रही हैं, सभी लोग संतुष्ट हैं। किसी को भी किसी प्रकार की कोई भी समस्याएं नहीं हो रही है।

Durgesh Sharma

Durgesh Sharma

Next Story