Barabanki News: नाव से बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, अनोखी बारात देखने वालों की लगी भीड़, देखें वीडियो

Barabanki News: नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद बाराबंकी के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। इसके चलते शादी करने के लिए बाराती संग दूल्हे को नाव का सहारा लेना पड़ा।

Sarfaraz Warsi
Published on: 11 July 2024 6:43 AM GMT (Updated on: 11 July 2024 8:51 AM GMT)
Barabanki News
X

नाव से जाती बारात। (Pic: Newstrack)

Barabanki News: बाराबंकी में शादी करने दूल्हा बारात लेकर गाजे बाजे के साथ नाव से पहुंचा। नाव से बारात लेकर शादी करने पहुंचे दूल्हे को देखने को लेकर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और नाव से शादी करने पहुंचा दूल्हा चर्चा का विषय बन गया। दरअसल सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से तलहटी में बसे गांवों में पानी प्रवेश कर गया है। तटबंध के अंदर बने मकानों में पानी घुस गया है। यहां के लोगों ने पलायन कर ऊंचे स्थानों पर शरण ली है। किसानों की सैकड़ों एकड़ फसलें जलमग्न हो गई हैं। बाढ़ आने से पीड़ितों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में किसी के घर में शादी है तो किसी के घर में कोई दूसरा आयोजन है। लेकिन बाढ़ के चलते लोग तरह तरह के जतन कर रहे हैं।

सड़क जलमग्न होने पर नाव का लिया सहारा

पूरा मामला बाराबंकी जनपद के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र का है। जहां नेपाल से पानी छोड़े जाने के बाद कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। कई गांव पूरी तरह से जलमग्न हो गए हैं। इसी बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के ग्राम पंचायत बल्लोपुर द्वितीय में माधवपुरवा के रहने वाले राम आसरे की बेटी की शादी होनी थी। सूरतगंज ब्लॉक के सैलक गांव से राघवराम की बारात आनी थी। लेकिन गांव में जाने के लिए रास्ता नहीं था। सड़क मार्ग न होने पर दूल्हा राघवराम दुल्हनिया लेने के लिए डीजे, बाजा और बराती लेकर नाव से निकल पड़े और शादी करने के लिए लड़की के गांव पहुंच गए। नाव सवार दूल्हा को देखने के लिए गांव के लोगों का हुजूम दौड़ पड़ा। तमाम ग्रामीण और बच्चे मौके पर इकट्ठा हो गए और क्षेत्र में नाव सवार बारातियों की खूब चर्चा हो रही है। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

नेपाल से छोड़े गए पानी ने बढ़ाई मुसीबत

आपको बता दें कि सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान 106.70 से 47 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि मंगलवार रात से जलस्तर घट रहा है। नेपाल के गिरजा व शारदा बैराज से मंगलवार को चार लाख तीस हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिससे सरयू नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया। तलहटी के गांव कोयली पुरवा, पर्वतपुर, गायघाट, सकतापुर, दुर्गापुर, लहड़रा, जगरूप पुरवा, तिवारी पुरवा, चौभुजी पुरवा और बुधई सहित सैकड़ों गांव पानी से घिरे हैं। नदी से सटे जमका, खुज्जी, सुंदर नगर, बतनेरा, तपेसिपाह, कोरिनपुरवा, सिसौंडा और परसादी पुरवा के दर्जनों घरों में पानी जमा हो गया है। यहां के लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर अपना ठिकाना बनाया है। गांवो के मार्ग भी पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। मल्लाहन पुरवा के झोपड़ीनुमा घरों में पानी भरा है।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story