×

Barabanki News: सपा-कांग्रेस गठबंधन पर पीएल पुनिया बोले-देश की राजनीति तय करेगा यूपी..

Barabanki News: बाराबंकी लोकसभा सीट गठबंधन होने के बाद कांग्रेस के पाले में जाने को लेकर आज पूर्व राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया और उनके बेटे तनुज पुनिया ने खुशी जाहिर की।

Sarfaraz Warsi
Published on: 22 Feb 2024 10:42 AM GMT
X

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोले पीएल पुनिया (न्यूजट्रैक)

Barabanki News: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन फाइनल हो गया है। दोनों पार्टियों में गठबंधन के फॉर्मूले पर सहमति आखिरकार बन गई है। यूपी में कुल 80 लोकसभा सीटें हैं और सपा ने कांग्रेस को बाराबंकी समेत कुल 17 सीटों का ऑफर दिया था, जिस पर अब कांग्रेस राजी हो गई है। वहीं बाराबंकी लोकसभा सीट गठबंधन होने के बाद कांग्रेस के पाले में जाने को लेकर आज पूर्व राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया और उनके बेटे तनुज पुनिया ने खुशी जाहिर की।

उन्होंने कहा कि समय की जरूरत और देश के हित में यह गठबंधन हुआ है। यह गठबंधन उत्तर प्रदेश में एक मजबूत ताकत के रूप में उभरकर आयेगा। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रेदश पूरे देश की राजनीति तय करेगा और केंद्र सरकार के बनने में हम अहम भूमिका निभाएगा। पीएल पुनिया ने आरोप लगाया कि आज न्यायालय सत्ता से प्रभावित हो रही है और देश की सारी जांच एजेंसियां इस समय एक राजनीतिक टूल की तरह काम कर रही हैं। इसीलिये देश का संविधान और प्रजातंत्र खतरे में है। उसे बचाने के लिये इंडिया अलायंस आया है।

कांग्रेस के पूर्व राज्यसभा सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि उनका समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को दोबारा आने से रोकने के लिये हुआ है। इंडिया अलायंस भाजपा को रोकने के लिये एकजुट होकर जुटेगा। पीएल पुनिया ने कहा कि गंठबंधन के तहत कांग्रेस बाराबंकी समेत कुल 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इन सभी 17 सीटों पर कांग्रेस जो प्रत्याशी उतारेगी, उसका समाजवादी पार्टी पूरा समर्थन करेगी। साथ ही बाकी 63 सीटों पर सपा के उम्मीदवारों का कांग्रेस पूरा समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन उत्तर प्रदेश में एक मजबूत ताकत के रूप में उभरकर आयेगा। 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रेदश पूरे देश की राजनीति तय करेगा।

पीएल पुनिया ने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन इस उद्देश्य से हुआ है कि हम उत्तर प्रदेश की ज्यादा से ज्यादा लोकसभा सीटों पर चुनाव जीतें। जिससे इंडिया अलायंस को मजबूती देकर केंद्र सरकार के बनने में हम अहम भूमिका अदा करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह राजनीतिक दांव रहा है कि सभी लोग हमारे साथ आ जाएं और जो विपक्ष में बचे उसे जमकर प्रताड़ित किया जाए। इसीलिये ईडी राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर फर्जी मनी लांड्रिंग का केस चला रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के दो मंत्री और एक आप के सांसद जेल में हैं। झारखंड के सिटिंग चीफ मिनिस्टर को गिरफ्तार कर लिया। यह देश के इतिहास और प्रजातंत्र में कभी सोचा नहीं जा सकता।

पीएल पुनिया ने आगे कहा कि अभी तक एक उम्मीद रहती थी कि अगर कहीं भी सत्ता का दुरुपयोग हो रहा हो, तो न्यायालय की शरण ली जाए। लेकिन अब तो न्यायालय पर भी जिस तरह से आरोप लग रहे हैं। न्यायालय भी जिस तरह से प्रभावित हो रही है। जिसकी वजह से जो न्याय मिलना चाहिये, वह नहीं मिल रहा। सतमाल मलिक ने गवर्नर रहते हुए पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ कई बार सीधा आरोप लगाया था। इसीलिये आज उनके और उनसे जुड़े लोगों के घर पर भी छापेमारी हो रही है। भाजपा विपक्ष के लोगों को डराने और धमकाने के लिये ऐसा कर रही है। देश की सारी जांच एजेंसियां इस समय एक राजनीतिक टूल की तरह काम कर रही हैं। यह देश के लिये काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। इसीलिये देश का संविधान और प्रजातंत्र खतरे में है। उसे बचाने के लिये इंडिया अलायंस आया है।

समय की जरूरत और देश हित में यह गठबंधनः तनुज

वहीं बाराबंकी लोकसभा सीट से सपा और कांग्रेस गठबंधन के संभावित प्रत्याशी तनुज पुनिया ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा समय की जरूरत और देश के हित में यह गठबंधन हुआ है। बाराबंकी लोकसभा सीट से गठबंधन के तहत कांग्रेस का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज गठबंधन के पक्ष में है। इसलीये यह बिल्कुल यह है कि इंडिया गठबंधन का प्रत्याशी बाराबंकी लोकसभा सीट से चुनाव जीतेगा। उन्होंने कहा कि बाराबंकी लोकसभा सीट समाजवादियों का गढ़ रहा है। लेकिन 2009 में पीएल पुनिया के आने के बाद से लोकसभा चुनाव में यहां के लोग कांग्रेस की तरफ देखते हैं। कांग्रेस का लोकभा चुनाव में यहां एक मजबूत वोटबैंक है। तनुज पुनिया ने कहा कि भाजपा जिस तरह से धर्म और जाति के नाम पर भटकाती है। उसी से प्रभावित होकर 10 सालों से लोग भाजपा को जीत दिला रहे थे। लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है और गठबंधन के प्रत्याशी को यहां से जीत दिलवाएगी। सपा का पूरा सहयोग भी हमें मिलेगा।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story