Bareilly News: महिला कल्याणकारी योजनाओं की जागरूकता के तहत शेरगढ़ ब्लॉक में लगाया गया कैंप, पेंशन की समस्या सबसे ज्यादा प्राप्त हुई

Bareilly News: शेरगढ़ में लगे शिविर में कुल 102 महिलाएं अपनी पेंशन संबंधी समस्याओं को लेकर आईं, जिनमें से 46 महिलाओं की समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया।

Sunny Goswami
Published on: 10 Oct 2024 12:02 PM GMT
Bareilly News: महिला कल्याणकारी योजनाओं की जागरूकता के तहत शेरगढ़ ब्लॉक में लगाया गया कैंप, पेंशन की समस्या सबसे ज्यादा प्राप्त हुई
X

Bareilly News (Pic-Newstrack)

Bareilly News: जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा के निर्देश पर शेरगढ़ विकास खंड में महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनके लाभ के लिए शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंची और सरकारी योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान महिलाओं की सबसे ज्यादा शिकायतें पेंशन से जुड़ी रहीं।

जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं हेतु शेरगढ़ विकासखंड में कैम्प का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं जैसे पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना आदि का प्रचार-प्रसार किया गया तथा पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना की उन लाभार्थियों को जिनको पिछले कई माह/वर्षों से पेंशन की धनराशि प्राप्त नहीं हो रही है, उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु पोर्टल पर परीक्षण कर तत्काल उनकी पेंशन की जानकारी दी गई।

विकास खण्ड शेरगढ़ में लगे शिविर में कुल 102 महिलाएं अपनी पेंशन संबंधी समस्याओं को लेकर आईं, जिनमें से 46 महिलाओं की समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। शेष सभी महिलाओं के आवश्यक दस्तावेजों की फोटोकॉपी प्राप्त कर उनकी पेंशन सही कराने हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई।

कैम्प में फहद अली खान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी/प्रभारी सहायक विकास अधिकारी, संध्या जायसवाल संरक्षण अधिकारी, रवि सिंह कम्प्यूटर आपरेटर, हिमांशु कम्प्यूटर सहायक, दिनेश सिंह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, अनिल कुमार आउटरीच कार्यकर्ता आदि कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विकास खण्ड शेरगढ़ में आयोजित कैम्प में आयी विभिन्न ग्राम व वार्ड की महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पम्पलेट वितरित किये गये और योजनाओं की पात्रता व शर्तों एवं आवेदन के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story