×

Badaun News: बदायूं में भीषण सड़क हादसा, दो बसों के बीच भिड़ंत, छह बच्चों समेत 7 की मौत

Badaun News: दो स्कूली बसों के बीच भिड़ंत हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल है। घायल बच्चों को फौरन नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 30 Oct 2023 3:52 AM GMT (Updated on: 30 Oct 2023 5:38 AM GMT)
Bareilly School bus accident
X

सांकेतिक तस्वीर (सोशल मीडिया)

Bareilly News: बदायूं से एक बड़ी घटना की खबर सामने आई है। यहां एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। दो स्कूल बसों की आपस में भिड़ंत हो गई, जिसमें सात लोगों की दर्दनाक मौत हुई है। मृतकों में छह बच्चे और एक ड्राइवर शामिल है। इसके अलावा करीब 18 बच्चे गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल है। घटना आज यानी सोमवार सुबह की है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दोनों वाहनों के बीच भिड़ंत बदायूं के नवी नगर के पास करीब आठ बजकर 45 मिनट पर हुआ। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त दोनों गाड़ियों की स्पीड काफी ज्यादा थी और दोनों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर म्याऊं कस्बे के एसआरपीएस स्कूल की वैन और सत्यदेव इंटर कॉलेज के बस के बीच हुई है।

हादसे में स्कूल वैन को ज्यादा नुकसान पहुंचा है। उसके परखच्चे उड़ गए हैं। दुर्घटना के बाद दो बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाकी की मौत अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भिड़ंत के दौरान जोरदार आवाज आई। ऐसा लगा मानो कोई धमाका हुआ है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी।

मौके पर एंबुलेंस के साथ पुलिस टीम ने वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। 8 बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में अफरातफरी का माहौल है। हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भागे-भागे अस्पताल पहुंचे। जिन बच्चों की जान गई है, उनके परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मृत बच्चों के शव को कस्टडी में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। बदायूं पुलिस ने हादसे को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। जल्द इसकी जांच शुरू की जाएगी।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story