Bareilly News: संदिग्घ परिस्थितयों में मौत के बाद कब्र से निकाला गया शव, किया जाएगा पोस्टमार्टम

Bareilly News: पंखे से लटके मिले शव के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर शव को कब्र से निकाला गया। आज शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

Sunny Goswami
Published on: 1 Jun 2024 9:42 AM GMT
Bareilly News
X

Bareilly News (Pic: Social Media)

Bareilly News: भमोरा क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी की हुई मौत के मामले में शिकायत के बाद डीएम के आदेश पर शुक्रवार को एसडीएम नेहनेराम और थाना प्रभारी राकेश यादव की मौजूदगी में किशोरी के शव को कब्र से निकाला गया था। किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कैमरे की रिकॉर्डिंग और डॉक्टर के पैनल के बीच किया जाएगा।

पंखे से लटका मिला था शव

थाना भमोरा क्षेत्र के गांव चंपतपुर की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी के पिता देवचरा बाजार में पल्लेदारी करते हैं। रोज़ की तरह गुरुवार की सुबह किशोरी ने पिता को खाना बनाकर दिया था। इसके बाद किशोरी के पिता बाजार काम पर चले गए। पिता के बाजार जाने के बाद किशोरी की मां खेत पर काम करने चली गई। बड़ा बेटा दोपहर में पिता को खाना देने बाजार गया था। पिता को खाना देने के बाद जब वो घर वापस लौटा तो बहन का शव बरामदे में पंखे के सहारे लटका मिला था। परिजनों ने आनन -फानन में किशोरी के शव को रामगंगा घाट किनारे पर गड्ढा खोदकर दफना दिया था।

डीएम के आदेश के बाद कब्र से निकाला गया शव

इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी कि गांव में एक किशोरी की हत्या कर शव दफन करने के लिए ले जाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस किशोरी के घर पहुंची तो वहां केवल महिलाएं बैठी थीं। महिलाओं ने पुलिस को बेटी की मौत का कारण पेट दर्द होना बताया। जिसके बाद पुलिस गंगा घाट पर पहुंची तो किशोरी का शव दफनाया जा चुका था। जिलाधिकारी के आदेश के बाद किशोरी के शव को क़ब्र से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आज किशोरी के शव का पोस्टमार्टम होना है जो कैमरे की निगरानी में कराया जाएगा। इसके साथ ही डॉक्टरों का पैनल भी वहां मौजूद रहेगा। एसपी साउथ मानुष पारीक ने बताया कि किशोरी के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हीं आगे के कार्रवाई की जाएगी।

Sidheshwar Nath Pandey

Sidheshwar Nath Pandey

Content Writer

मेरा नाम सिद्धेश्वर नाथ पांडे है। मैंने इलाहाबाद विश्विद्यालय से मीडिया स्टडीज से स्नातक की पढ़ाई की है। फ्रीलांस राइटिंग में करीब एक साल के अनुभव के साथ अभी मैं NewsTrack में हिंदी कंटेंट राइटर के रूप में काम करता हूं। पत्रकारिता के अलावा किताबें पढ़ना और घूमना मेरी हॉबी हैं।

Next Story