×

Bareilly News: महिला का नदी में उतराता हुआ मिला शव, दस दिन से थी लापता

Bareilly News: जिले में विक्षिप्त महिला का नदी का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। महिला दस दिन से लापता थी।

Sunny Goswami
Published on: 20 Feb 2024 6:14 AM GMT
bareilly news
X

बरेली में महिला का नदी में उतराता मिला शव (सोशल मीडिया)

Bareilly News: जिले में विक्षिप्त महिला का बहगुल नदी का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। महिला दस दिन से लापता थी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार ओमवती (28) पत्नी वेदराम निवासी बहरौली की दिमागी हालत सही नहीं थी। वह अपने घर से 10 फरवरी को बिना किसी को बताये निकल गयी थी। घरवालों ने उसकी काफी खोजबीन की पर उसका कहीं पता नहीं चल सका।

मायके रह रही थी महिला

जिसके बाद गांव चिटोली के रहने वाले मृतका के भाई महिपाल पुत्र ओमनारायण ने बताया कि उसकी बहन की दिमागी हालात ठीक नही थी। वह कई बार पहले भी घर से जा चुकी थीं। वह कुछ दिनों से अपने मायके रह रही थी। करीब 11 साल पहले ओमवती की शादी बहरोली गांव के वेदराम के साथ हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। 10 फरवरी को वह घर से बिना किसी को बताए कहीं चली गयी। काफी खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिली तो थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज़ करायी गयी थी। मंगलवार सुबह मनकरी गांव के पास बहगुल नदी में एक महिला का शव उतराता देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे मृतका के भाई ने शव की शिनाख्त की। उसने बताया कि नदी में मिला शव उसकी बहन का ही है। उसने पुलिस को बताया कि दिमागी हालत सही नहीं होने के कारण उसकी बहन ओमवती ने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली होगी। जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। वहीं इस मामले में इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने कहा कि ससुराल और मायके पक्ष वालों ने हत्या की बात से इनकार किया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story